Showing posts with label Araria Nagar Palika. Show all posts
Showing posts with label Araria Nagar Palika. Show all posts

Saturday, June 23, 2012

29 वार्ड, 72 सफाई कर्मी, फिर भी शहर बना नारकीय


अररिया : करीब पांच माह पूर्व नगर परिषद में कर्मियों की छंटनी के बाद से ही शहर की स्थिति नारकीय बन गयी है। जगह-जगह कूड़े, कचरे का अंबार, नालों से निकलते बदबूदार पानी एवं फुटपाथी दुकानों के मलबे ने शहर को प्रदूषित कर दिया है। वहीं नगर प्रशासन साफ-सफाई की दिशा में चुप्पी साधे बैठा है।
नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राकेश कुमार झा का कहना है कि सफाई कर्मियों की कमी से शहर को स्वच्छ रखने में परेशानी हो रही है, लेकिन इस कमी को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।
अररिया नगर परिषद में 29 वार्ड है। छंटनी के बाद भी इन वार्डो के लिए 18 स्थायी और संविदा पर बहाल 54 सफाई कर्मी कार्यरत हैं। सफाई कर्मी की मानीटरिंग के लिए एक स्थायी एवं 2 संविदा पर बहाल सफाई जमादार प्रतिनियुक्त हैं। इसके बावजूद शहर को स्वच्छ व प्रदूषण से मुक्त कराने को नप प्रशासन का दावा खोखला साबित हो रहा है। ग्रामीण इलाकों से सटे शहर में आधा दर्जन ऐसे वार्ड हैं जहां के लोगों ने आज तक किसी सफाई कर्मी को नहीं देखा है। आधा दर्जन चुनिंदा वार्डो को छोड़ दें तो अन्य की स्थिति भी बदतर ही बनी है। नगर परिषद का नव गठित बोर्ड भी साफ-सफाई से अब तक दूर ही नजर आता है।
वहीं सड़क बनने के दौरान कई जगहों पर पीएचडी द्वारा वाटर सप्लाई वाली पाईप फट गया है। फटे हुए पाइप से मार्गो पर जगह-जगह पानी जम जाती है। जिससे लोगों को आवागमन में दिक्कत का सामना करना पड़ता है। विडंबना यह है कि सड़कों पर जमे पानी को नाला ढोने में नाकामयाब साबित हो रही है। अधिकांश नालों में मिट्टी जमी है। इस मिट्टी को हटाने के लिए नप प्रशासन मौन है। यही हाल चांदनी चौक से हटिया जाने वाली मार्ग का है। अतिक्रमण के शिकार इस सड़क पर जगह-जगह कचरे कब किसको गंदा कर देगा यह कहना मुश्किल है।

Monday, June 18, 2012

नगर विकास रहेगी पहली प्राथमिकता: स्वीटी


अररिया : अररिया नगर परिषद के मुख्य पार्षद स्वीटी दास गुप्ता एवं उप मुख्य पार्षद संजय कुमार यादव ने कहा है कि अररिया शहर का चौतरफा विकास उनकी प्राथमिकता सूची में पहले नंबर पर रहेगा। इससे पहले उन्होंने शनिवार को शुभ दिन मानते हुए अपना पदभार ग्रहण किया।
इस मौके पर उपस्थित तमाम वार्ड पार्षदों ने दोनों का स्वागत फूल मालाओं से किया तथा उनके नेतृत्व में नप क्षेत्र के विकास की कामना की। इस अवसर पर पहुंचे अररिया के सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने मुख्य पार्षद, उप मुख्य पार्षद एवं तमाम वार्ड पार्षदों को ढेर सारी शुभकामनाएं दी। अपने संक्षिप्त संबोधन में सांसद ने कहा कि यदि पार्षदों के अंदर विकास की इच्छा शक्ति होगी तो राशि की भी कमी नही होने दी जायेगी। इसके लिए वे हमेशा सहयोग देते रहेंगे, लेकिन सांसद श्री सिंह सभी वार्ड पार्षदों को एक मत और वार्डो में समरूप विकास का भी मंत्र दिया।
मौके पर कार्यपालक पदाधिकारी राकेश कुमार झा ने वित्तीय वर्ष का लेखा जोखा प्रस्तुत करते हुए नप के वर्तमान स्थिति की जानकारी दी। इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष सह पार्षद अफसाना प्रवीण, अनुराधा देवी, पारस भगत, अरुण साह, बबलू मंडल, नरेन्द्र कुमार, तेतर पासवान, पूनम देवी, सुमन देवी, किरण देवी, मधु देवी, अकबरी खातुन, मरजान कौशर, फरजाना, शशि भूषण झा, अरुण मिश्रा, गया प्रसाद, कमाले हक, बीबी शहनाज, गौतम साह, रीतेश राय, नारायण पासवान, शंकर यादव सहित कई पार्षद पति मौजूद थे।

Sunday, June 17, 2012

ट्रैक्टर ने पांच वर्षीय बच्ची को कुचला


पलासी (अररिया) : पलासी-मालद्वार पथ पर शनिवार को गोपालनगर के समीप ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक पांच वर्षीय बच्ची रूकसन पिता ईसराइल की मौत घटना स्थल पर ही हो गयी। वहीं ट्रैक्टर चालक भाग निकलने में सफल रहा।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को पूर्वाह्न आयशर ट्रैक्टर बीआर 11 के 286 पलासी से मालद्वार की ओर जा रही थी कि गोपालनगर के समीप सड़क पार करने के क्रम में रूकसन ट्रैक्टर की चपेट में आ गयी। जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी। वहीं घटना की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी। इस क्रम में आक्रोशित भीड़ उचित कार्यवाई की मांग कर रहे थे। इस बाबत थानाध्यक्ष आरबी सिंह ने बताया कि इसकी सूचना थाना को नही है।

शहर की सड़कों पर अतिक्रमणकारियों का कब्जा


अररिया, : चांदनी चौक हो या बस स्टैंड ओवर ब्रिज के नीचे। आपको पार करने में 10 से 15 मिनट जरूर लगेगा। हां इतना जरूर है कि अगर पीली-लाल बत्ती वाले गाड़ी पर हैं तो फिर वर्दीवाले ही पार करा देगें। परंतु बेचारा आम आदमी रोज अतिक्रमण के कारण परेशान हो रहा है। चांदनी चौक के चारों ओर फल व सब्जी वाले दुकानदार अपनी जागीर समझकर सड़क पर ही दुकान लगाते हैं। कोई भी आम व्यक्ति विरोध नही कर सकता है। चांदनी चौक पर भारत स्टोर के बगल में दो पान दुकानदारों में शायद सड़क अतिक्रमण करने का कंपटीशन चलता है। क्योंकि एक दुकानदार एक फीट बढ़ाता है तो दूसरा दो फीट। लेकिन नगर परिषद प्रशासन व पुलिस वालों को शायद यह नही दिखता चांदनी चौक से महावीर मंदिर तक दो सौ से ज्यादा फुटपाथी दुकानदार उसी सड़क पर दुकान लगाते तो हैं, पर रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया जाता है। यही नही हाईस्कूल गेट के आस-पास आम की दुकानें भी सड़क पर ही सजी दिख रही है। वर्दी वाले उससे इसी का धौंस दिखाकर आम वसूल करते हैं।
बस पड़ाव स्थित ओवर ब्रिज के नीचे रिक्शा चालकों तथा फल-सब्जी व मछली वाले पूरी तरह अतिक्रमण कर जाम की समस्या उत्पन्न कर देते है। चांदनी चौक पर भी रिक्शा, टेम्पो स्टैंड के कारण आवागमन में काफी परेशानी हो रही है।

Tuesday, June 12, 2012

स्वीटी व वीणा के मुख्य पार्षद चुने जाने पर बधाई



अररिया : भाजपा नेता संजय मिश्रा ने जिले के दो नगर परिषद व एक नगर पंचायत के नवनिर्वाचित मुख्य पार्षद व उपमुख्य पार्षद सहित सभी वार्ड पार्षदों को बधाई देते हुए शहर को विकास की गति मिलने की आशा व्यक्त की है। उन्होंने अररिया नगर परिषद और फारबिसगंज नगर परिषद के लिए मुख्य पार्षद और उप मुख्य पार्षद पर हुई जीत भाजपा कार्यकर्ताओं के एकजुटता का परिणाम बताया। उन्होंनें अररिया नगर परिषद के लिए मुख्य पार्षद स्वीटी दास गुप्ता व उपमुख्य पार्षद संजय कुमार उर्फ पिंकू यादव तथा फारबिसगंज की मुख्य पार्षद वीणा देवी के दुबारा चुने जाने व मोती खान के उपमुख्य पार्षद बनने पर शहर में अधूरा पड़ा विकास कार्य पूरा होगा।

स्थानांतरण पर न्यायाधीश को दी गई विदाई


अररिया : व्यवहार न्यायालय के एडीशनल जज शैलेन्द्र कुमार सिंह के बक्सर स्थानांतरण के बाद मंगलवार को प्रशासनिक पदाधिकारियों व न्यायिक दंडाधिकारियों द्वारा उनके आवास पर विदाई दी गई।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने श्री सिंह के कार्यकाल की भूरि-भूरि प्रशंसा की। विदाई समारोह के मौके पर एडीशनल जज श्री सिंह ने कहा कि अररिया में काम करने में अच्छा लगा। यहां के आम लोग व पदाधिकारी सभी समन्वय की भावना रखते हैं।
मौके पर लोगों ने श्री सिंह को फूल मालाओं से लाद दिया। इस अवसर पर एडीजे एफटीसी वन, आरएस सिंह, एसडीजीएम किशोरी लाल, न्यायिक दंडाधिकारी हसमुद्दीन अंसारी, बीएन त्रिपाठी, अमित कुमार दीक्षित, जेएन सिंह, उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार सिंह, सदर एसडीओ डा. विनोद कुमार, अररिया थानाध्यक्ष रामशंकर सिंह, ड्रग इंसपेक्टर उदय बल्लभ, न्यायालय कर्मी अजीत वर्मा सहित कई लोग मौजूद थे।

नव निर्वाचित पार्षद पर तथ्य छुपाने का आरोप


अररिया, : नगर परिषद के शीर्ष पदों के चुनाव हो जाने के बाद भी पार्षद चुनाव मैदान में रहे प्रत्याशियों के विरुद्ध लगातार शिकायतों का सिलसिला जारी है। वार्ड नं. 25 के पार्षद कमालेहक पर प्राथमिकी दर्ज होने के बाद अब वार्ड नं. 27 की नव निर्वाचित पार्षद मरजान कौसर के विरुद्ध नामांकन में तथ्य छुपाने का आरोप लगा है। वार्ड 27 से चुनाव हार गए प्रत्याशी सदरे आलम ने मरजान कौशर के खिलाफ राज्य निर्वाचन आयोग तथा डीएम के समक्ष साक्ष्य के साथ शिकायत दर्ज कराई है।
श्री आलम ने बताया कि पार्षद के ससुर स्व. अफाक के नाम सहरसा जिला अंतर्गत सलखुआ बनुआ अंचल के कासिमपुर मौजा में तीन खाता से कुल 16 एकड़ साढ़े एकतीस डी. जमीन व मकान है। जिसकी कीमत लाखों में है। सदरे आलम ने तथ्य को छुपाने के मामले में श्रीमती कौशर पर कार्रवाई की मांग की है।
वहीं दूसरी तरफ वार्ड नं. 3 के दिनेश प्रसाद गुप्ता ने वार्ड नं. 3 से चुनाव लड़ी प्रत्याशी रीता देवी पर कुर्मी जाति होने के बाद भी धानुक जाति दिखाकर चुनाव लड़ने का आरोप लगाते हुए डीएम से मामले की जांच की मांग की है।

Monday, June 11, 2012

जीत पर बधाई

रेणुग्राम : नगर परिषद आम चुनाव 2012 के जिले के सभी नव निर्वाचित वार्ड पार्षद, मुख्य पार्षद एवं उप मुख्य पार्षद को कांग्रेस नेता डा. शकील अहमद खान ने बधाई दी है। कांग्रेस के आबिद हुसैन अंसारी के माध्यम से जारी विज्ञप्ति में श्री खान ने उम्मीद जताई कि सभी नव निर्वाचित पार्षद अपने-अपने वार्ड के विकास में चहुंमुखी भूमिका निभायेंगे।

Sunday, June 10, 2012

..कारगर रहा सांसद का राजनीतिक मंत्र


अररिया : अररिया नगर परिषद चुनाव में सांसद प्रदीप कुमार सिंह की राजनीतिक प्रतिष्ठा दाव पर थी और शनिवार की दोपहर मिले चुनाव परिणाम से यह साबित हो गया कि उनका राजनीतिक मंत्र कारगर साबित हुआ है।
मुख्य पार्षद व उप मुख्य पार्षद पद के लिए इस बार का चुनाव बेहद रोमांचक व सस्पेंस भरा लग रहा था। मुख्य पार्षद पद के लिए दावेदार दोनों उम्मीदवार अपनी जीत के प्रति आश्वस्त नजर आ रहे थे। शायद ही कोई शख्स खुल कर कुछ बोल रहा था। एकाध को छोड़ कर सारे वार्ड पार्षद भी मौन साधे हुए थे। कई पार्षद तो अपनी जीत के बाद से हिमालय में अज्ञातवास पर चले गये थे। लिहाजा ऐसे लोगों को एकजुट करना बेहद चुनौती भरा कार्य था। इधर, समाहरणालय के आत्मन कक्ष में प्रवेश करने से पहले तक यह सस्पेंस बरकरार था। इस चुनाव के मौके पर अन्य वर्षो की तरह चहल पहल भी नहीं थी। लेकिन जब चुनाव हुआ तो पार्षदों का बहुमत स्वीटी दासगुप्ता के पक्ष में रहा और पहली बार बंगाली समुदाय की किसी महिला को मुख्य पार्षद की कुर्सी पर बैठने का अवसर प्राप्त हुआ। इसी तरह दूसरी बार पार्षद बने संजय कुमार उर्फ पिंकू यादव ने उप मुख्य पार्षद की कुर्सी हासिल की।
सूत्रों की मानें तो जीत की रणनीति तैयार करने में सांसद ने जी तोड़ मेहनत की और इसका परिणाम भी प्राप्त हुआ। इस संबंध में पूछे जाने पर सांसद श्री सिंह ने इसे पार्षदों व अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं की जीत बताया। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण चुनाव के लिए पार्षद बधाई के पात्र हैं। वहीं, उन्होंने नव निर्वाचित मुख्य पार्षद स्वीटी दास गुप्ता, वीणा यादव व तरन्नुम नाज, उपमुख्य पार्षद संजय कुमार, मोती खान व नरेश प्रसाद को भी बधाई दी।
उन्होंने अररिया, फारबिसगंज एवं जोगबनी की आम जनता व नव निर्वाचित पार्षदों को भी उनकी जीत पर बधाई दी। श्री सिंह ने बताया कि शहर की जनता ने सही प्रतिनिधियों का चुनाव किया है और पार्षदों ने सुलझे हुए पार्षद को मुख्य पार्षद एवं उप मुख्य पार्षदों का चयन कर विकास के द्वार खोले हैं।

Friday, June 8, 2012

विकास की गति तेज करने को लेकर बैठक



अररिया : गुरुवार को समाहरणालय स्थित आत्मन कक्ष में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क/सेतु योजना निमित्त जिला संचालन समिति, मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना तथा मुख्यमंत्री समेकित शहरी विकास योजना की अलग-अलग बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता राज्य के उर्जा मंत्री तथा जिला बीस सूत्री प्रभारी मंत्री विजेन्द्र प्रसाद यादव ने की।
सर्वप्रथम मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना की बैठक की समीक्षा की गई। मंत्री श्री यादव ने बताया कि अब नये नियम के अनुसार विधायक व विधान पार्षद एक करोड़ रुपये वार्षिक का योजना दे सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि विधान पार्षद को उसी राशि में अधीनस्थ जिलों के बीच बांटना है। उन्होंने कहा कि सारे विधायक तीनों योजना में अपने-अपने क्षेत्र की योजनाएं एक सप्ताह के भीतर प्रशासन को सूची बनाकर सौंप दें। साथ हीं अगर गत वर्ष की सूची में संशोधन करना हो तो उसे भी तुरंत कर दें। बैठक में श्री यादव ने स्पष्ट किया कि जिस क्षेत्र से सूची नही सौंपी जायेगी उस विस क्षेत्र की योजनाओं का चयन प्रशासन की ओर से किया जायेगा।
मुख्यमंत्री सेतु व सड़क योजना की समीक्षा में भी कुछ ऐसे ही निर्देश दिए गये। जबकि मुख्यमंत्री शहरी विकास योजना की बैठक में आज कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गये। जिले में पार्क निर्माण मद में प्राप्त 95 लाख की राशि भूमि के अभाव में वापस न हो जाए तो अररिया नगर परिषद की राशि से समाहरणालय परिसर का सौंदर्यीकरण कराने पर सहमति बनी। जबकि जोगबनी में स्थापित शहीद कुलदीप झा स्मारक व अररिया बस पड़ाव स्थित डा. अंबेदकर प्रतिमा स्थल का सौंदर्यीकरण कराने का निर्णय लिया गया। प्रभारी मंत्री ने भी अंबेडकर प्रतिमा स्थल के सौंदर्यीकरण पर हामी भरी है।
बैठक में विधायकों ने सीमा क्षेत्र विकास योजना मद में प्राप्त 9 करोड़ की राशि अब तक खर्च नहीं होने पर आपत्ति जताई। मंत्री ने जिला योजना पदाधिकारी को अविलंब राशि खर्च करने का निर्देश दिया। इसके अलावा और कई मुद्दों पर चर्चा हुई। मौके पर प्रभारी डीएम प्रभात कुमार महथा, विधायक जाकिर अनवर, आनंदी प्र. यादव, परमानंद ऋषिदेव, देवयंती यादव, सरफराज आलम पद्मपराग राय वेणु, जिला योजना पदाधिकारी अमरदीप तिवारी, डीएसपी बदरे आलम, आरईओ अररिया के कार्यपालक अभियंता यूके मिश्रा, फारबिसगंज के ईई मनोज कुमार, विकास शाखा प्रभारी विधान चन्द्र यादव, एडीपीआरओ योगेन्द्र कु. लाल आदि मौजूद थे।
बाक्स के लिए
मंत्री के बैठक में भी नही पहुंचे तीनों कार्यपालक पदाधिकारी
अररिया: यूं तो पहले से ही जिला राजस्व की बैठक से तीनों नगर निकाय के कार्यपालक पदाधिकारी अनुपस्थित रहते हैं परंतु गुरुवार को आयोजित मुख्यमंत्री शहरी विकास योजना की बैठक में भी तीनों निकाय के कार्यपालक ने भाग नही लिया। जबकि मुख्यमंत्री शहरी विकास योजना समिति में कार्यपालक पदाधिकारी सदस्य होते हैं। बैठक में अररिया नगर परिषद, फारबिसगंज नगर परिषद तथा जोगबनी नगर पंचायत के कार्यपालक अनुपस्थित पाये गये।

Tuesday, May 29, 2012

सड़क दुर्घटना में एक की मौत, एक घायल


अररिया : नगर थाना क्षेत्र के महादेव चौक से आगे क्रासिंग के निकट मंगलवार को मोटर साइकिल एवं आल्टो गाड़ी के टक्कर में समदा निवासी मो. नजीम की मौत हो गयी। वहीं बांसबाड़ी निवासी मो. करीम गंभीर रूप में जख्मी हो गये। जख्मी का इलाज सदर अस्पताल अररिया में किया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए सदर अस्पताल अररिया भेज दिया है। वहीं मोटर साइकिल को ठोकर मारने वाली गाड़ी भाग निकली।
जानकारी अनुसार नजीम एवं शौकत मोटर साइकिल से अररिया आ रहे थे। क्रासिंग के दौरान फारबिसगंज की ओर जा रही आल्टो गाड़ी ने मोटर साइकिल में जोरदार ठोकर मार दी। ठोकर लगते ही दोनों सवार गंभीर रूप से जख्मी हो गये। आसपास के लोगों ने दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया जहां नजीम की मौत हो गयी।

Sunday, May 6, 2012

नप चुनाव: 73 वार्डो में एक लाख मतदाता डालेंगे वोट

अररिया, : आगामी 17 मई को होने वाले नगरपालिका आम चुनाव में जिले के तीन शहरों के करीब एक लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। अररिया जिले में कुल तीन निकाय क्षेत्र है। इसमें अररिया नगर परिषद में 29 वार्ड, फारबिसगंज में 25 वार्ड तथा जोगबनी नगर पंचायत में 19 वार्ड है। निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार अररिया नगर परिषद अंतर्गत 29 वार्डो में कुल 43869 मतदाता है जबकि फारबिसगंज नगर परिषद अंतर्गत 25 वार्डो में 33627 तथा जोगबनी नगर पंचायत अंतर्गत 19 वार्डो में 21820 मतदाता 17 मई को चुनाव में मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

सभी संवेदनशील बूथों पर रहेगी विशेष नजर: डीएम


अररिया : नगर पालिका चुनाव में भी लोकसभा व विधानसभा चुनाव की तरह ही आयोग का डंडा चलने वाला है। जिले के तीन निकायों में स्वच्छ व शांतिपूर्ण वातावरण में चुनाव कराने के लिए प्रशासनिक स्तर से कवायद तेज कर दी गयी है। नगर पालिका चुनाव में प्रतिनियुक्त सेक्टर पदाधिकारियों के साथ डीएम एम सरवणन ने शनिवार को आत्मन कक्ष में बैठक की। बैठक में डीएम ने प्रतिनियुक्त अधिकारियों को सख्ती से आयोग के निर्देशों का पालन कराने को कहा है। उन्होंने कहा कि आवंटित वार्ड व बूथ का सत्यापन कर रोड मैप तथा नजरी नक्शा बनाकर प्रस्तुत करें। डीएम ने सभी अधिकारियों को संवेदनशील व अतिसंवेदनशील बूथों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया।
डीएम ने सेक्टर अधिकारियों को वार्ड के बाहुबली उम्मीदवारों को चिह्नित करने तथा दूसरे को निर्देश पर चुनाव लड़ने वाले डमी प्रत्याशी के विरूद्ध भी रिपोर्ट करने को कहा है। श्री सरवणन ने कहा कि डमी प्रत्याशी साबित होने पर उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जायेगा। श्री सरवणन ने सेक्टर पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मतगणना तक शहर की सभी शराब की दुकानें दस बजे रात्रि तक बंद करने का निर्देश दिया गया है। इसके बाद भी अगर दस बजे रात के बाद दुकान खुली रहती है तो रिपोर्ट करें, कार्रवाई होगी। इस अवसर पर अररिया एसडीओ डा. विनोद कुमार, विधि व्यवस्था कोषांग प्रभारी गोपाल प्रसाद, एडीपीआरओ योगेन्द्र कुमार लाल आदि मौजूद थे।

Monday, April 30, 2012

नप चुनाव: जनता मांगे विकास का हिसाब


अररिया : नगर परिषद चुनाव का बिगुल बज चुका है। नामांकन प्रक्रिया संपन्न होने के बाद प्रत्याशी मतदाताओं की चौखट पर दस्तक देने लगे हैं। लेकिन इस बार के चुनावी समर में जनता उनसे शहर के भावी विकास की रुपरेखा का जानना चाह रही है। वहीं, निवर्तमान पार्षदों से विकास का हिसाब मांगने की भी तैयारी की जा रही है। जिन्होंने काम किया है, वे तो मस्त हैं, पर पांच साल मस्ती काटने वाले अभी से ही पस्त नजर आ रहे हैं। ऐसे लोगों का प्रचार अभियान फिलहाल ठंडा पड़ा हुआ है।
इस बार चुनावी तरकस से निकलने वाले जात व धरम के तीर उतने असरदार नहीं दिख रहे। जात पर जमात हाबी है तथा जमात पर विकास का भूत चढ़ा हुआ है। नगर वासियों को तो विकास चाहिये, जो काम करेगा उसे वोट मिलेगा।
कई निवर्तमान उम्मीदवारों की ओर से 'काम किया है काम करेंगे' का नारा दिया जा रहा है तो कुछ अपने को विकास के प्रति समर्पित बता रहे हैं।
वहीं, इस चुनाव में विगत दस सालों में हुए घपले घोटालों की दुर्गध भी असर डाल रही है। घपलों की कोख से उपजी राजनीति चुनावी युद्ध का प्रमुख कारक होगी।
जानकारों की मानें तो नगर परिषद क्षेत्र के विकास के लिए पचासों करोड़ रुपये आये, लेकिन धरातल पर कुछ खास नजर नहीं आ रहा। कुछ वार्डो में नाला व अच्छी सड़कें जरूर बनी हैं, लेकिन अधिकांश वार्डो में विकास के नाम पर लूट अधिक हुई है। नाले हैं तो उनसे पानी नहीं बहता, सड़कें हैं तो उन पर चलना दुर्घटनाओं को आमंत्रण देने जैसा है।
नाला निर्माण के नाम पर करोड़ों खर्च हुए, लेकिन जल जमाव अभी भी हो रहा है। अधिकतर नालों से पानी की निकासी नहीं होती। वे मच्छरों का उत्पादन केंद्र बनकर रह गये हैं।
नप क्षेत्र में विकास की एडवांस प्लानिंग हुई ही नहीं है। अगले दो तीन दशकों में विकास व मूलभूत नागरिक सुविधाओं पर पड़ने वाले दवाब का आकलन शुरू भी नही हुआ है।

Sunday, April 29, 2012

नप चुनाव : घर किसी वार्ड में मतदाता कहीं और के

अररिया : आगामी चुनाव को लेकर अररिया नगर अररिया के विभिन्न वार्डो के लिए प्रकाशित नए मतदाता सूची में भारी गड़बड़ी है। त्रुटिपूर्ण सूची को लेकर मतदाता के साथ-साथ चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों की भी परेशानी बढ़ गई है। निवासी किसी वार्ड के हैं तो नाम किसी दूसरे वार्ड के मतदाता सूची में। प्रशासनिक लापरवाही के कारण इस त्रुटिपूर्ण मतदाता सूची को लेकर वार्ड वासियों में भारी नाराजगी है। वार्ड नं.19 आजाद नगर के लगभग 50 मतदाता का नाम वार्ड नं. 20 के मतदाता सूची में शामिल कर दिया गया है। जो पिछले 20-25 वर्षो से आजाद नगर वार्ड नं. 19 के मतदाता थे अचानक उनका नाम बदल कर वार्ड नं. 20 में कर दिया गया है। दिलचस्प पहलू तो यह है कि पति वार्ड नं. 19 एवं पत्‍‌नी को वार्ड नं. 20 का मतदाता बना दिया गया है। वार्ड नं. 19 के स्थाई निवासी असरार अहमद, अफसाना परवीन, सालेहा खातुन, इम्तियाज अहमद, मो. एकबाल समेत 50 लोगों का नाम वार्ड नं. 20 में अंकित किया गया। ऐसा ही मामला वार्ड नं. 26 में भी प्रकाश में आया है। यहां लगभग 40 मतदाताओं का नाम अगल-बगल के वार्ड नं. 25, 27 एवं 28 में अंकित किया गया है। इस त्रुटिपूर्ण मतदाता सूची की शिकायत वार्ड वासी ने लिखित रूप से अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी से कर इसमें चुनाव से पूर्व सुधार करने की मांग की है। ताकि अपने वार्ड में मतदाता के रूप ले चुनाव में भाग ले सके।

नप चुनाव: मास्टर ट्रेनर को मिला प्रशिक्षण



अररिया : नगर पालिका चुनाव में प्रतिनियुक्त कर्मियों को प्रशिक्षण देने का कार्य आरंभ कर दिया गया है। इसी क्रम में शुक्रवार को स्थानीय डीआरडीए सभा भवन में प्रशिक्षण देने वाले मास्टर ट्रेनरों को ईवीएम मशीन का प्रशिक्षण दिया गया। मतपत्र सह ईवीएम प्रशिक्षण कोषांग की तरफ से डूडा के सहायक अभियंता अनिल कुमार ने मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया। उन्होंने उपस्थित एमटी को सर्वप्रथम चुनाव का नियम बताया तथा मतदान कर्मियों को दी जाने वाली टिप्स से संबंधित जानकारी भी दी। श्री कुमार ने इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन से जुड़ी कई तकनीकों का भी प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले एमटी में मुख्य रूप से वैद्यनाथ सिंह, नियाज अहमद, धीरेश, रंजन कुमार, दिलीप कुमार मंडल, सुबोध कुमार ठाकुर, ब्रजनंदन राम एखलाक अहमद, विरेन्द्र यादव, विजेन्द्र झा, राजकुमार विश्वास, संजीव रमण आदि शामिल थे।

Wednesday, April 25, 2012

लीड: 12 वार्डो का सवींक्षा कार्य संपन्न, सभी नामांकन पत्र वैध



अररिया : नगरपालिका चुनाव को ले नामांकन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद बुधवार को अररिया नगर परिषद के 12 वार्डो के नामांकन पत्रों की संवीक्षा की गई। वार्ड नं. एक से वार्ड नं 14 तक के नामांकन पत्रों की जांच की गई। वार्ड नं. 6 तथा वार्ड 11 का संवीक्षा कतिपय कारणों से नहीं किया गया। बुधवार को संवीक्षा के बाद वार्ड नं. एक से 14 तक 6 व 11 को छोड़ सभी नामांकन पत्र वैध पाये गये। निर्वाची पदाधिकारी बुद्ध प्रकाश ने बताया कि संवीक्षा के बाद वार्ड नं. 1 में आठ, वार्ड नं. 2 में पांच, वार्ड नं. 3 में तीन, वार्ड नं. 4 में पांच, वार्ड 5 से छह, वार्ड 7 से 10, वार्ड 8 से चार, वार्ड 9 से पांच, वार्ड नं. 10 से छह, वार्ड नं. 12 से आठ तथा वार्ड नं. 13 से दो नामांकन पत्र स्वीकृत किए ए हैं। श्री प्रकाश ने बताया कि गुरुवार को वार्ड नं. 15 से 29 तक का तथा वार्ड नं. 6, 11 के नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जायेगी। संवीक्षा के मौके पर एआरओ नागेन्द्र पासवान, बीपीआरओ अनिल कुमार, सीडीपीओ हेमलता कुमारी, महिला पर्यवेक्षिका सदारत खानम शम्मी, सत्यम कंचन, पंचायत सेवक तजीलुर्रहमान, कर्मी मक्की रेजा आदि मौजूद थे।