Showing posts with label Kursakanta Bihar. Show all posts
Showing posts with label Kursakanta Bihar. Show all posts

Friday, July 6, 2012

जमीन विवाद में मारपीट, प्राथमिकी


कुर्साकांटा (अररिया) : प्रखंड के कुआड़ी गांव में बुधवार को एक जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस घटना को लेकर कुआड़ी निवासी अक्षय लाल पासवान पिता सुबेलाल पासवान ने कुआड़ी गांव के दस व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है।
अक्षय लाल पासवान ने कद्दू के खेत को बरबाद करने, मारपीट कर घायल करने एवं लूटपाट करने का आरोप लगाते हुए गोपाल पासवान, गोविंद पासवान, शंकर पासवान मसोमात फुलकुमारी, सोमनी देवी, आमना खातुन, रजिया खातुन, मो. हारुण मियां, आबिद मियां एवं कासिम मियां के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी है। कुआड़ी ओपी सअनि कृष्णा प्रसाद सिंह ने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

Wednesday, July 4, 2012

दिल्ली की टीम ने किया विद्यालय का निरीक्षण


कुर्साकांटा (अररिया) : जामिया मिल्लिया दिल्ली विवि के सहायक प्रोफेसर डा. अंसार आलम ने मंगलवार को बीआरसी एवं कस्तूरबा विद्यालय सहित कुर्साकांटा प्रखंड के आठ विद्यालयों का निरीक्षण किया।
डा. आलम ने बताया कि विभिन्न विद्यालयों के इंफ्रास्ट्रक्चर, शैक्षणिक स्तर एवं मध्याह्न भोजन आदि की जानकारी ली गयी। उन्होंने कहा कि इन सभी जानकारियों को डाटा बेस में तैयार मानव संसाधन विकास विभाग भारत सरकार को समर्पित किया जायेगा।

Tuesday, July 3, 2012

चार लाख गबन के मामले में सेवानिवृत्त सचिव पर प्राथमिकी


कुर्साकांटा (अररिया) : शिक्षक नियोजन में घालमेल और चार लाख रुपये सरकारी राशि के गबन को लेकर प्रखंड के डुमरिया पंचायत के सेवानिवृत पंचायत सचिव के विरुद्ध प्रखंड विकास पदाधिकारी कुर्साकांटा थाना में सोमवार को प्राथमिकी दर्ज करवायी गयी है।
दर्ज प्राथमिकी में बीडीओ श्री पांडेय के द्वारा शिक्षक नियोजन नियमावली 2006 से संबंधित कागजात अपीलीय प्राधिकार अररिया में जमा करने के कई निर्देश दिए जाने के बाद भी सचिव द्वारा प्राथमिकी में कागजात जमा नहीं कराने का आरोप लगाया गया है। जबकि माननीय उच्च न्यायालय द्वारा सीडब्लू जेसी 768/08 में पारित आदेश के आलोक में कुर्साकांटा प्रखंड के डुमरिया पंचायत के शिक्षक नियोजन से संबंधित सभी कागजात अपीलीय प्राधिकार अररिया में जमा करने का निर्देश दिया जा चुका है। इस बाबत बीडीओ श्री पृथ्वी पांडेय ने बताया कि तत्कालीन सचिव श्री विमल किशोर के द्वारा नजारत से शिक्षक प्रोत्साहन मद में 4 लाख की राशि उठाव किया गया है। जिसका लेखा-जोखा आज तक प्रखंड कार्यालय में उपलब्ध नहीं कराया है। अत: उसके विरुद्ध गबन का मामला दर्ज किया गया है।

Monday, July 2, 2012

विकास की रोशनी से वंचित कुआड़ी बाजार


कुर्साकांटा (अररिया) : कुर्साकांटा प्रखंड का कुआड़ी सरकारी महकमों की उदासीनता का शिकार है। कुआड़ी विकास की रोशनी से मरहूम है। आजादी के दीवानों का कुआड़ी बाजार उपेक्षा का दंश झेल रहा है। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान सीमांचल में आंदोलन का संचालन इसी कुआड़ी बाजार से होता था। स्वतंत्रता सेनानियों की भूमि रहे कुआड़ी में आजादी के छह दशक बाद सड़क, शिक्षा, थाना, रजिस्ट्री आफिस, बकरा नदी में पक्की बांध का निर्माण नहीं हो पाया है।
बांध के अभाव में प्रत्येक वर्ष करोड़ों रुपये का फसल बर्बाद होती है। यहां का जीवन भी बरसात के दौरान नरक में तब्दील हो जाता है।
कुआड़ी के किसान भानु प्रताप गुप्ता, शिक्षक वीरेन्द्र प्र. गुप्ता, हरिहर राम व मदन प्र. साह आदि ने बताया कि आजादी से अब तक यहां कोई खास बदलाव नहीं आया है। आज भी गांव के लोग कीचड़ से पटी सड़कों, हाट बाजारों पर चलने को मजबूर हैं। जन प्रतिनिधि भी इस कुआड़ी से छल करते रहे हैं।

Tuesday, June 26, 2012

भारी वर्षा

कुर्साकांटा: रविवार की संध्या एवं सोमवार की संध्या हुई मुसलाधर बारिस के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। एसएमएस संजय सिंह ने बताया कि 68.4 वर्षा मापी गयी है।

Monday, June 25, 2012

सब इंसपेक्टर की पुण्यतिथि पर प्रार्थना सभा आज

कुर्साकांटा : ताराबाड़ी थानाक्षेत्र के दभड़ा निवासी बहादुरगंज थाना में पदस्थापित रहे सब इंसपेक्टर स्व. प्रकाश झा की प्रथम पुण्यतिथि पर मंगलवार को उनके पैतृक गांव दभड़ा में प्रार्थना सभा आयोजित की जायेगी। यह जानकारी उनके भाई सुभाष झा ने दी। ज्ञात हो कि युवा सब इंसपेक्टर प्रकाश झा 26 जून 2012 को एक सड़क दुर्घटना में बुरी तरह घायल हो गये थे। सिल्लीगुड़ी के एक निजी अस्पताल में उनकी मौत हो गयी थी। दभड़ा निवासी श्री रूद्रानंद झा के पुत्र थे।

Sunday, June 24, 2012

आंगनबाड़ी सभा में सेविका का चयन



कुर्साकांटा (अररिया) : प्रखंड क्षेत्र के दो आंगनबाड़ी केंद्रों पर सेविका पद रिक्त होने पर आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 2 एवं 3 में सेविका के रिक्त पदों पर पोषक क्षेत्र के आवेदिकाओं के चयन के लिए शनिवार को प्रखंड मुख्यालय स्थित अतिथि सदन में आम सभा आयोजित की गयी जिसकी अध्यक्षता वार्ड सदस्य सुनिल कुमार के द्वारा किया गया। केंद्र सं. 2 में 12 आवेदिकाओं ने निर्धारित मापदंड एवं मेघा सूची के आधार पर चयन किया गया। वार्ड की इस आम सभा में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी द्वारा सभी आवेदिकाओं के आवेदन पत्र, शैक्षणिक योग्यता, अन्य अर्हताएं एवं मेधा सूची के संबंध में विस्तार पूर्वक जानकारी ली गयी। मेधा सूची के आधार पर केंद्र सं. 2 में दीपा देवी को चयनित किया गया। इस आम सभा में महिला प्रवेक्षिका श्वेता कुमारी, सीडीपीओ वीणा झा, प्रमुख धनजीत सिंह, मुखिया मुश्ताक आलम, पंसस श्याम कुमार मंडल, उप प्रमुख शमशुल हक, उप मुखिया शिवजी प्रसाद साह आदि मौजूद थे।

Saturday, June 23, 2012

भवन निर्माण में बाधा, प्राथमिकी

कुर्साकांटा (अररिया) : प्रखंड मुख्यालय स्थित कन्या प्राथमिक विद्यालय में भवन निर्माण को लेकर अतिक्रमणकारियों एवं प्रधानाध्यापिका के परिवार के बीच जमकर शुक्रवार को मारपीट हुई जिसमें दोनों पक्षों के चार व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हो गये। जिसका उपचार कुर्साकांटा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया। इस घटना को लेकर विद्यालय के प्रधानाध्यापिका पिंकी देवी के पुत्र विवेक साह के लिखित आवेदन पर बैद्यनाथ ठाकुर, उसकी पत्‍‌नी पद्मा देवी, पुत्र टुनटुन ठाकुर एवं मिथलेश झा के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी है। ज्ञात हो कि विद्यालय के भूमि बैद्यनाथ ठाकुर द्वारा वर्षो से अतिक्रमण किये जाने के कारण भवन निर्माण बाधित था।

भाजपाइयों ने दी थाने में गिरफ्तारी

कुर्साकांटा (अररिया) : बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिलाने, विदेश से कालाधन वापसी, महंगाई, भ्रष्टाचार के विरुद्ध भाजपा मंडल कमेटी युवा मोर्चा के 17 सदस्यों ने भारतीय जनता पार्टी मंडल अध्यक्ष शिव शंकर राजभर के नेतृत्व में शुक्रवार को कुर्साकांटा थाना में अपनी गिरफ्तारी दी। गिरफ्तारी देने वाले लोगों में शिवशंकर राजभर, धर्मानंद विश्वास, धमेन्द्र गुलाब सिंह, मंदन मोहन झा, महेश झा, दिवानंद शुक्ल, चंद्र प्रकाश पासवान आदि अनेक लोग शामिल थे।

Thursday, June 21, 2012

पुल नहीं रहने से आवागमन में परेशानी


कुर्साकांटा (अररिया) : अररिया जिले के कुर्साकांटा प्रखंड के अंतर्राष्ट्रीय भारत नेपाल सीमा पर ब्रिटिश काल का बना कच्ची सड़क जो कई पंचायतों को छूते हुए कुआड़ी, सुखसैना, पहुंसी, हरिरा, चैता, डुब्बा टोला, सिकटिया होते हुए सोनामनी गोदाम तक जाती है वह स्वतंत्रता के 64 वर्ष बाद भी अपने भाग्य पर आंसू बहा रही है। सुशासन में भी उसकी तस्वीर नही बदली क्या विडंबना है। जिन जनप्रतिनिधियों के जिम्मे विकास की जिम्मेदारी वही जनप्रतिनिधि उदासीन रहे।
इसका कब होगा विकास
सड़क पर अनेकों जगह गड्ढे पानी का जमाव नदी में पुल-पुलिया का अभाव। लोग त्रस्त व उदासीन हैं। लोगों का कहना है कि चुनाव के समय सभी प्रत्याशी इस क्षेत्र के विकास का वादा करते हैं परंतु चुनाव जीतने के बाद आज तक किसी ने यहां की समस्याओं के निदान हेतु पहल नही किया है। जिससे अल्प संख्यक व अत्यंत पिछड़ी जाति वाले क्षेत्र में विकास की किरण नही पहुंच पाई है

Tuesday, June 19, 2012

सवारी पलटने से एक दर्जन यात्री घायल


अररिया, : अररिया-कुर्साकांटा मार्ग पर पटेगना के समीप सोमवार को सवारी गाड़ी पलटने से एक दर्जन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। दस घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया भेजा गया है, जबकि दो लोगों को कुर्साकांटा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार सवारी गाड़ी संख्या बीआर 11डी-5647 सवारी लेकर अररिया से कुर्साकांटा जा रही थी। पटेगना पोखर के समीप कुर्साकांटा से अररिया की ओर आ रही बोलेरो गाड़ी से साइड लेने के क्रम में सवारी पलटी खा गयी। घटना की सूचना मिलते ही ताराबाड़ी पुलिस ने पटेगना पहुंचकर घायलों को अस्पताल भेजने में मदद की।

Monday, June 18, 2012

शिविर में खुलेंगे खाते

कुर्साकांटा : इंदिरा आवास के चयनित लाभुकों को प्रत्येक पंचायत में विकास शिविर लगाकर बैंक खाते खोले जायेंगे यह जानकारी बीडीओ पृथ्वीनाथ पांडेय ने दी। बताया कि दिनांक 20 जून रहटमीना, सौरगांव 21 जून को पहुंसी एवं हरिरा, 22 जून को सिकटीया डुमरिया, 23 जून को शंकरपुर जागीर परासी 25 जून को कुर्साकांटा एवं कमलदाहा 26 जून को लैलोखर एवं कुआड़ी एवं 27 जून को लक्ष्मीपुर पंचायतों में शिविर का आयोजन किया जायेगा।

पोलियो की खुराक

कुर्साकांटा : 17 से 21 जून तक चलने वाले पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को पीएचसी में सीओ विजय शंकर सिंह ने बच्चे को पहली खुराक पिलाकर अभियान की शुरूआत की। मौके पर प्रचिपदा ओपी मंडल ने बताया कि इस अभियान में 70 घर भ्रमण टीम, 25 पर्यवेक्षक, 76 ट्रांजिट टीम, 2 मोबाइल टीम, 7 सब डिपो होल्डर कार्यरत है।

अगलगी से एक परिवार के चार लोगो की मौत


कुर्साकाटा (अररिया) : सिकटिया पंचायत के पगडेरा गांव में शनिवार की रात अग्निकांड में गृहस्वामी की मौत के साथ ही इस घटना में मरने वालों की संख्या चार हो गयी। इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलने के बाद घटनास्थल पर प्रशासनिक अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की आमद बढ़ गयी है। घटना के एक घंटा बाद ही अररिया एसपी शिवदीप लांडे घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। वहीं रविवार की सुबह सांसद प्रदीप कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए आपदा विभाग द्वारा पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। वहीं सिकटी विधायक आनंदी प्रसाद यादव ने भी सरकार से पीड़ित परिवारों को आवश्यक मुआवजा दिलाने की बातें कही। ज्ञात हो कि इस अग्निकांड में पगडेरा निवासी वटेश नाथ झा आग से बुरी तरह झुलस गए थे जिसे पूर्णिया सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसे कटिहार मेडिकल कालेज भेजा गया। कटिहार पहुंचते ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इसके पूर्व उनकी पत्‍‌नी गोदावरी देवी, पुत्री मोहिनी कुमारी एवं शिखा कुमारी की मौत घटनास्थल पर हो गयी थी। उसका एक मात्र पुत्र शेखर अग्निकांड के बाद किसी तरह भागने में सफल रहा। आंशिक रूप से वह भी झुलस गया। स्थानीय मुखिया वीणा देवी के द्वारा कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत पीड़ित परिवार को छह हजार रूपये दिया गया। वहीं अंचलाधिकारी विजय शंकर सिंह ने पीड़ित परिवार को तत्काल 2200 रूपये, एक क्विंटल अनाज एवं प्लास्टिक उपलब्ध कराये जाने की बातें कही।
चंद्रशेखर के सिर से उठा माता-पिता का साया
कुर्साकाटा(अररिया), निसं:
जिस व्यक्ति के सिर से बचपन में ही मां, बाप एवं भाई का साया उठ जाये वह कितना दुर्भाग्यशाली होगा। यह कहते हुए बिलख-बिलख कर अग्निकांड में बचा चंद्रशेखर रो पड़ा। पगडेरा निवासी चंद्रशेखर शनिवार की संध्या उनके घर में लगी आग उनके मां पिता एवं दो बहनों को उनसे छीन लिया। चंद्रशेखर उच्च विद्यालय कुर्साकांटा में दशम वर्ग का छात्र है। मेहनत मजदूरी कर उनके पिता बटेश नाथ झा उन्हें पढ़ा रहे थे। इस घटना के बाद अब उसे चारो तरफ अंधेरा ही अंधेरा नजर आ रहा है।
---------
एक साथ उठी चार अर्थी
कुर्साकांटा : थाना अंतर्गत पडगेरा गांव में रविवार को हर किसी की आंखें नम थी। वहां मौजूद हर शख्स के चेहरे पर मायूसी और आंखों में आंशु थे। बता दें कि यहां अग्निकांड में एक ही परिवार के चारों लोगों की मौत हो गयी। इस हादसे में बचे गृहस्वामी के एकमात्र लड़के चंद्रशेखर की स्थिति और परिवार के दुर्भाग्य पर हर किसी को तरस आ रहा था। वहां मौजूद हर शख्स ऊपर वाले को कोस रहे थे। उनका कहना था कि एक छोटे के लड़के के सिर से एक झटके में पूरे परिवार का साया उठ गया। जब एक साथ घर से चार-चार अर्थियां उठी तो वहां मौजूद महिलाओं के चीत्कार से मजबूत हृदय के लोगों की आंखें भी बरस पड़ी।

आग से जलकर आशाकर्मी सहित तीन की मौत


कुर्साकाटा(अररिया) : कुर्साकाटा प्रखंड के जागीर परासी पंचायत स्थित पगडेरा गांव में शनिवार की रात अचानक लगी। आग से एक ही परिवार की तीन सदस्य झुलस कर मर गयीं तथा दो घर भी जले हैं। इस अग्निकांड में कुर्साकाटा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अंतर्गत कार्यरत आशाकर्मी 35 वर्षीय गोदावरी देवी व उनकी पुत्री मोहिनी कुमारी उम्र 13 वर्ष एवं शिखा कुमारी उम्र सात वर्ष की मौत आग में झुलस कर हो गयी। मृतक गोदावरी देवी पगडेरा निवासी बटेशनाथ झा की पत्‍‌नी थीं, जबकि दोनों लड़कियां उनकी पुत्री बतायी जाती हैं। घटना की सूचना पाते ही एसपी शिवदीप लांडे पगडेरा पहुंच गये तथा कांड का जायजा ले रहे हैं।
जानकारी के अनुसार बटेश नाथ झा पेट्रोल लाकर उसे खुदरा तौर पर बेचने का कारोबार करता है।

Sunday, June 17, 2012

महिला की मौत के बाद टेम्पो चालक पर प्राथमिकी

कुर्साकांटा (अररिया) : गुरुवार की संध्या कुर्साकांटा से कुआड़ी जा रहे टेम्पो के डाढ़ा पीपर के निकट सड़क के नीचे पलट जाने से एक महिला की मौत के बाद शुक्रवार को इस घटना में घायल सिकटी प्रखंड के पहाड़ा निवासी अनिल चौधरी की पत्‍‌नी आशा देवी के फर्द बयान पर टेम्पो चालक कुर्साकांटा निवासी नूर मोहम्मद के पुत्र मतलु मियां के विरुद्ध लापरवाही से गाड़ी चलाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। बीआर 38 सी 8807 नंबर की टेम्पो पुलिस ने जब्त कर ली है। घटना के बाद चालक फरार है। ज्ञात हो कि इस सड़क दुर्घटना में कटफर निवासी लक्ष्मी मंडल की पत्‍‌नी द्रौपदी देवी की मौत घटनास्थल पर हो गयी थी।

बांस काटने को लेकर मारपीट

कुर्साकांटा : कुआड़ी ओपी क्षेत्र के गरैया लैलोखर में जबर्दस्ती बांस काटने को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट में एक महिला बुरी तरह जख्मी हो गयी। जिसका इलाज कुर्साकांटा पीएचसी में किया जा रहा है। इस घटना को लेकर गरैया निवासी मो. रैयुद की पत्‍‌नी बीबी मुसरफ खातुन के लिखित आवेदन पर कांड संख्या 67/012 के तहत उसी गांव के मो. सिराज एवं उसकी पत्‍‌नी बीबी सबीला खातुन के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी है।

Thursday, June 14, 2012

टेम्पो पलटने से महिला की मौत, तीन जख्मी


कुर्साकाटा(अररिया) : गुरुवार की संध्या कुर्साकाटा कुआड़ी मार्ग पर ढाड़ा पीपर के निकट टेम्पो पलट जाने से एक महिला की मौत हो गयी। वहीं तीन घायल हो गए।
बताया जाता है कि कुर्साकाटा से कुआड़ी जाने के क्रम में सड़क के बीच मवेशी के आ जाने से टेम्पो असंतुलित होकर सड़क के नीचे जा गिरा। घायलों में सिकटी के पहाड़ा निवासी आशा देवी, इंद्रकला देवी एवं अनिल चौधरी की एक वर्षीय पुत्री शामिल है। वहीं मृतका की पहचान कटफर निवासी लक्ष्मी मंडल की पत्‍‌नी द्रोपदी देवी के रूप में की गयी है। पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन कर रही है।

मारपीट मामले में पांच नामजद, प्राथमिकी

कुर्साकांटा (अररिया) : कुर्साकांटा थाना क्षेत्र के मेगरा निवासी कुंदन कुमार साह ने फारबिसगंज थाना पुलिस के समक्ष फर्द बयान देकर पहले से चल रहे विवाद के कारण मारपीट व लूटपाट करने के आरोप में गांव के ही अशोक सदा, संतोष सदा, लक्ष्मण सदा, दयानंद साह एवं गयानंद साह के विरुद्ध कांड संख्या 66/012 के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज करवायी है।

बकरी चराने को ले दो पक्षों के बीच मारपीट

कुर्साकांटा (अररिया) : कुर्साकांटा थाना क्षेत्र के बलचंदा गांव में रविवार की सुबह मूंग की खेत में बकरी चरने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई जिसमें एक व्यक्ति बुरी तरह जख्मी हुआ जिसे बेहोशी की हालत में कुर्साकांटा पीएचसी में भर्ती कराया गया। इस घटना को लेकर बलचंदा गांव निवासी मो. इस्लाम के लिखित आवेदन पर कुर्साकांटा थाना कांड संख्या 65/012 के तहत उसी गांव के मो. शुब्बी, लसीपनी, मो. आजाद के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज की गयी है।