Showing posts with label Palasi Bihar. Show all posts
Showing posts with label Palasi Bihar. Show all posts

Saturday, July 7, 2012

तीन हजार किलो तस्करी की चाइनीज सेब जब्त


पलासी(अररिया) : गुप्त सूचना के आधार पर अररिया एसपी शिवदीप लांडे के निर्देश पर पलासी थाना पुलिस ने नेपाल से तस्करी कर लाए गए तीन हजार किलो चाइनीज सेब शनिवार को मैना डेंगा चौक पर जब्त कर लिया। जब्त सेब पिकअप वैन व मैजिक पर लदा था। पुलिस दोनों चालक के साथ माल पहुंचाने वाले एक युवक को भी हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। तस्करी के पकड़े गए 121 कार्टून सेब की कीमत पुलिस द्वारा करीब छह लाख बतायी जा रही है।
एसपी शिवदीप लांडे ने पकड़े गए युवक से पूछताछ के पश्चात बताया कि यह सेब तस्करी का है जिसे कस्टम विभाग को सौंपा जायेगा। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की रात उन्हें गुप्त सूचना मिली कि नेपाल से तस्करी के सेब आज रात पलासी थाना क्षेत्र से होकर बिहार के विभिन्न जिलों में जाने वाली है।
इस बाबत तत्काल पलासी थानाध्यक्ष आरबी सिंह को चौकसी बरतने का निर्देश दिया गया। पलासी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्षेत्र से होकर जाने वाली विभिन्न रास्तों पर जाल बिछाया। इस क्रम में शनिवार अहले सुबह पलासी पुलिस ने मैना डेंगा के समीप सेब से लदे पिकअप वैन व मैजिक गाड़ी को पकड़ा। हालांकि चालक ने गाड़ी लेकर भागने का प्रयास किया, किंतु सफल न हो पाया। पुलिस ने दो चालक सहित एक अन्य माल पहुंचाने वाले युवक को भी दबोचा। श्री लांडे ने बताया कि पूछताछ के क्रम में पकड़े गए उक्त युवकों ने जब्त 121 कार्टून सेब में से एक गाड़ी अररिया के सेब व्यवसायी सउद तथा दूसरी गाड़ी बहादुरगंज(किशनगंज) के फल व्यवसायी मजहर के यहां जाने वाला था। इस क्रम में उन्होंने बताया कि यह सेब स्वास्थ्य के लिए काफी हानिकारक होता है। चाइनीज के लोगो लगा सेब नेपाल के अंदर कोल्ड स्टोरेज में रखा जाता है। जहां से भारत के बिहार के अररिया, किशनगंज, भागलपुर, पटना के अलावा कलकत्ता व अन्य शहरों में भेजा जाता है। इस सेब में जेनेटिकली काफी प्राब्लम है इसे कृत्रिम ढंग से जल्द में तैयार किया जाता है जो सेब भारत में प्रतिबंधित है। एसपी ने कहा कि वे अररिया से भी खाद्य पदाधिकारी के माध्यम से तत्काल इस सेब को बंद करायेंगे। साथ ही सरकार को भी इस बाबत लिखेंगे। पकड़ाए युवक में चालक मो. मुजफ्फर साकिन तरबी थाना पलासी टाटा आरएक्स बीआर 38 डी- 5039 पीकअप वैन, मैजिक गाड़ी नंबर बीआर 38 बी-4839 चालक रिजवान साकिन बागमारा जोकीहाट तथा माल पहुंचाने वाला किशोर कुमार साह साकिन दर्शना जोकीहाट का रहने वाला बताया जा रहा है। मौके पर थानाध्यक्ष आरबी सिंह, पु.अ.नि. मिथिलेश कुमार आदि मौजूद थे।

टेम्पों पलटने से आधा दर्जन व्यक्ति घायल

पलासी (अररिया) : पलासी-जोकीहाट मुख्य पक्की सड़क पर शुक्रवार अपराह्न मदरसा पुलिया से उत्तर टेम्पों बीआर 38सी-6861 के पलटने से उस सवार आधा दर्जन व्यक्ति घायल हो गये। जबकि टेम्पों चालक चकमा देकर भाग निकलने में सफल रहा। वहीं घायल राजेश प्रसाद गुप्ता साकिन पलासी, सरिता देवी पति वीरेन्द्र प्रसाद यादव (पोठिया), भूवनेश्वर ऋषिदेव (बेलगच्छी), प्रियंका कुमारी (13 वर्ष), पोखरिया नविता कुमारी (10 वर्ष) नीलम कुमारी (9 वर्ष) दोनों साकिन पोठिया को स्थानीय ग्रामीणों ने पीएचसी पलासी में भर्ती कराया। जिनका पीएचसी में उपचार जारी है। इस बाबत डा. कुणाल शंकर ने बताया कि राजेश प्रसाद गुप्ता व सरिता देवी को प्राथमिक उपचार के पश्चात बेहतर उपचार हेतु अररिया भेज दिया है। वहीं सूचना पाकर पलासी थाना पुलिस के पुअनि मिथलेश कुमार ने पीएचसी पहुंचकर घायलों से पूछताछ की।

जमीन की ठगी को लेकर नामजद प्राथमिकी


पलासी (अररिया) : प्रखंड के मैना गांव निवासी मंजूर आलम ने अपने ही गांव के मो.मुस्लिम व अन्य पर साजिश व जालसाजी कर बेची जमीन के नाम पर रुपये ठगी कर दोबारा उसी जमीन को रजिस्ट्री करने का आरोप लगाते हुए पलासी थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी है।
थाना कांड सं. 70/12 के तहत पांच व्यक्तियों को अभियुक्त बनाया है। दर्ज प्राथमिकी में सूचक ने साल 2008 में गांव के ही मो. मुस्लिम से साढ़े नौ डी. जमीन खरीदी थी। अचानक 20 जून 12 को मुस्लिम व उनकी पत्‍‌नी बीबी सम्बुलिया, शोयेब, तोहीद व एकराम सूचक को कहने लगे कि यह जमीन उनकी है। विरोध करने पर मारपीट आरंभ कर दिया। इस बीच हल्ला सुनकर ग्रामीण भी आ गये। इस क्रम में सम्बुलिया ने कहा कि यह जमीन उनके नाम से केवाला है। जिसको लेकर ग्रामीण पंचायती हुई, जिसमें उसने केवाला भी दिखायी। केवाला में मुस्लिम द्वारा 21.10.2008 को ही उक्त जमीन अपनी पत्‍‌नी (सम्बुलिया) के नाम से रजिस्ट्री कर दिया गया है। इस बाबत सूचक ने उक्त सबों पर साजिश के तहत जालसाजी कर रुपये ठगी व उसी जमीन को पुन: रजिस्ट्री का आरोप लगाते हुए पलासी थाना से न्याय की गुहार लगायी है। इस संबंध में थानाध्यक्ष आरबी सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की सघन तहकीकात कर रही है।

Wednesday, July 4, 2012

स्वास्थ्यकर्मियों की बैठक

पलासी: प्रखंड मुख्यालय स्थित पीएचसी में मंगलवार को स्वास्थ्यकर्मियों की बैठक आहूत की गयी। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी डा. जहांगीर आलम ने की। बैठक मुख्य रूप से विशेष टीकाकरण सप्ताह की सफलता, बंध्याकरण सहित अन्य मुद्दों पर व्यापक चर्चा की गयी। मौके पर डा. कुणाल शंकर, डा. श्री कांत, मो. खतीब अहमद, रजानंद चौधरी, पवन बजरंग आदि मौजूद थे।

मिनी चंबल में कारगर हो रही मोहब्बत की जुबान


पलासी (अररिया) : जो काम लाठी गोली व हथियारों की मारक जुबान नहीं कर सकते, वह मोहब्बत भरे दो चार बोल आराम से कर देते हैं। कम से कम पलासी थाने में तो यह बात सही साबित होती दिख रही है। यहां पुलिस ने लाठी-डंडे की भाषा में बात करने वाली अपनी छवि से इतर जन मित्र की छवि पेश कर तकरीबन एक दर्जन जरायमपेशा युवाओं को मुख्यधारा में वापस लाया है। पलासी पुलिस ने कथित मिनी चंबल के नाम से जाना जाने वाले दिघली गांव के आठ कुख्यात अपराधियों को प्रेरित कर समाज की मुख्यधारा में जोड़ने के लिए बीते वर्ष 2011 की 15 दिसंबर को अररिया के एसपी के समक्ष आत्मसमर्पण करवाया। जिसमें चमरू, यासीन, अजीम, सदरो, कालू, इसमाइल, कैला व इस्लाम आदि शामिल थे। इन पर पलासी थाना के अलावा किशनगंज जिले के विभिन्न थानों में डकैती, लूट, आ‌र्म्स एक्ट सहित अनेक जघन्य कांड दर्ज थे। वहीं पलासी बस्ती का रहने वाला कुख्यात डकैत मो. हबीब उर्फ हबुआ को पलासी पुलिस व अररिया एसपी ने सहयोग देकर मुख्यालय के बाजार में आलू-प्याज की दुकान खुलवायी थी। यह बात अलग है कि कई कारणों से करीब एक सप्ताह पूर्व हबुआ की हत्या कर दी गयी, लेकिन अपराध की बीहड़ दुनिया में लगातार भटकते युवाओं को पुलिस के प्यार भरे बोल शायद अधिक अच्छे लगे। पुलिस कप्तान शिवदीप लांडे के व्यक्तित्व व व्यवहार से प्रेरित और जरायमपेशा जिदंगी की हकीकत से रूबरू होकर दिघली गांव के कुख्यात अपराधी मो. कासिम उर्फ बम्बईया ने आत्मसमर्पण की इच्छा जतायी। उसने सोमवार को अररिया एसपी के समक्ष आत्म समर्पण कर दिया। आत्म समर्पण के दौरान बंबईया ने कहा: ..नबी का दामने रहमत पकड़ लो ऐ जहां वालो, रहे जब तक ये हाथों में चलन मैला नहीं होता।
इधर, पुलिस की इस पहल की आम लोगों द्वारा भरपूर सराहना की जा रही है। पुलिस के इस बदले व्यवहार को कुछ लोग जहां सुशासन का असर मान रहे हैं तो कईयों का कहना है कि यह बदलते समाज से सामंजस्य बिठाने को पुलिस की सोच का बदलाव है।
वहीं, इस बाबत थानाध्यक्ष आरबी सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र के कई अन्य कुख्यात अपराधियों को भी समाज की मुख्य धारा से जोड़ने हेतु प्रयास किया जा रहा है। जिसका सार्थक नतीजा जल्द आने की उम्मीद है।

Monday, July 2, 2012

काली मंदिर हाट में जल जमाव से परेशानी

पलासी (अररिया) : प्रखंड मुख्यालय के काली मंदिर हटिया प्रागंण में जलजमाव व कीचड़ से आमजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर इस जल जमाव में विभिन्न दुकानदारों द्वारा कूड़ा-कर्कट फेंकने से उसमें सड़ांध व फैल रही बदबू से हटिया आने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही वहीं सड़क के दोनों ओर मछली पट्टी लगवाने से दुर्गध को बढ़ावा मिल रहा है। जिससे अनेक प्रकार के बीमारी फैलने का खतरा उत्पन्न हो गया है। इस बाबत स्थानीय प्रबुद्धजनों ने प्रशासन से उक्त समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।

Sunday, July 1, 2012

छिनतई व मारपीट का आरोप


पलासी(अररिया) : प्रखंड के कलियागंज निवासी ओमप्रकाश साह ने चौरी गांव के अपने ससुराल वालों पर अपनी पत्‍‌नी की विदागरी मांगने की बात को लेकर मारपीट व छिनतई का आरोप लगाते हुए पलासी थाना में एक नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी है। थाना कांड संख्या 66/12 के तहत ससुर योगेन्द्र साह, सास राधा देवी, उमाचरणा साह सहित चार व्यक्तियों को अभियुक्त बनाया गया है।
दर्ज मामले में सूचक ने कहा है कि उनकी शादी करीब पांच वर्ष पूर्व चौरी गांव के योगेन्द्र साह की पुत्री रिंकी से हुई थी। जिससे उन्हें दो पुत्र भी हैं। इस क्रम में 6 जून 2012 को उनका ससुर उनकी पत्‍‌नी को बहला फुसलाकर मायके चौरी ले गया। जब वह 15 जून को अपनी पत्‍‌नी की विदागरी लाने गया तो ससुराल वालों ने साली की शादी के लिए 50 हजार रूपये देने पर ही विदागरी देने की बात कही जिसका समर्थन करते हुए उनकी पत्‍‌नी ने भी ससुराल नहीं जाने अथवा आत्महत्या की बातें कही। जिसका विरोध करने पर ससुराल वालों ने उनके साथ मारपीट करते हुए नकदी दस हजार रूपये, घड़ी व अन्य चीजें छीन ली। बाध्य होकर उसने पलासी थाना से न्याय की गुहार लगायी है।

जेनरेटर के करंट से बालिका की मौत


पलासी (अररिया) : प्रखंड के फरसाडांगी गांव में शुक्रवार की रात्रि जेनेरेटर तार के चपेट में आने से एक किशोरी (15 वर्ष) की मौत हो गयी। मृतका का नाम रूही बेगम पिता मो. जाफर बताया गया है। घटना की पुष्टि बरदबट्टा पंचायत के मुखिया शुकदेव मंडल तथा प्रभारी चिकित्सक डा. जहांगीर आलम ने भी की है।
जानकारी के अनुसार मृतका रूही शुक्रवार की रात्रि चापाकल से पानी लाने गयी थी। इस क्रम में जेनेरेटर के नंगे तार के चपेट में आ गयी। जिससे उसकी मृत्यु हो गयी।

अनावृष्टि से धान की खेती पर असर

पलासी (अररिया) : पलासी प्रखंड की अधिकांश आबादी कृषि पर निर्भर रहती है। किंतु इस वर्ष अब तक सही ढंग से वर्षा नहीं होने से अब तक धान की रोपनी नहीं आरंभ हो पायी है। इस संबंध में कृषक विनोद कांत झा, हरिहर प्रसाद मंडल, जागेश्वर यादव, दरोगी सरकार आदि ने बताया कि प्रखंड वासी खेती के लिए प्रकृति पर ही निर्भर रहते हैं। यह कृषकों की मजबूरी भी है। सरकार की कृषि के प्रति उदासीन रवैये के कारण कृषि के लिए सिंचाई व अन्य सुविधाओं के लिए समुचित व्यवस्था नहीं की गयी है। हालांकि पूर्व में कुछ स्टेट बोरिंग लगाये गये थे। जो रख-रखाव के अभाव में खराब हो गए, उसकी किसी ने सुधि नहीं ली। जबकि हमारे यहां के लोग पंजाब हरियाणा आदि राज्यों में जाकर कृषि कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यहां के लोग काफी मेहनती भी हैं। सुविधा के अभाव में ससमय खेती नहीं होने पर उपज प्रभावित होता है। जिससे लोग कृषि से मुंह-मोड़कर रोजी-रोटी की तलाश में अन्यत्र पलायन कर जाते हैं।

संतान की दीर्घायु को लेकर महिलाओं ने निकाली कलश यात्रा

पलासी : प्रखंड के मजलिसपुर पंचायत के धनगामा गांव की महिलाओं ने अपने पुत्र के दीर्घायु के कामना को लेकर शनिवार को कलश-यात्रा निकाली। इस क्रम में महिलाओं ने पास स्थित सुरकिया धार में जल भरकर चहटपुर डुमरिया टोला होते हुए प्रखंड मुख्यालय के काली मंदिर प्रागंण स्थित तालाब में जलाभिषेक किया। इस कलश यात्रा में मुख्य रूप से सरला देवी, यशोदा देवी, जागो देवी, वीणा देवी आदि शामिल थे।

Thursday, June 28, 2012

सुशासन में विकास से दूर कोढैली


पलासी (अररिया) : सुशासन में भी नहीं बदली कोढैली गांव की तस्वीर। प्रखंड के उत्तरी डेहटी पंचायत अंतर्गत विनाशकारी बकरा नदी के पश्चिम तट पर बसा कोढैली गांव आजादी के 64 वर्ष पश्चात भी उपेक्षित है। आज भी करीब दो हजार की आबादी वाला कोढ़ैली गांव मूलभूत सुविधाओं से वंचित है।
बकरा नदी व रतवा नदी के बीच बसा यह गांव वर्षा के मौसम में प्राय: टापू में तब्दील रहता है। यहां के लोगों को प्रतिदिन नाव से बकरा नदी पार कर प्रखंड मुख्यालय आना पड़ता है। चूंकि यहां के लोगों का बाजार पलासी ही है। यातायात की सुविधाओं का घोर अभाव है। वर्षा के मौसम में गांव की सड़कों पर पानी भरा रहता है। स्वास्थ्य व्यवस्था नगण्य है। शिक्षा के नाम पर मात्र एक उत्क्रमित मध्य विद्यालय उपलब्ध है। रोजगार के अभाव में यहां की अधिकांश आबादी पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश व अन्य राज्यों में मजदूरी करते है। पेयजल के लिए आयरन युक्त चापाकल पर निर्भर रहते है। जिससे पेट संबंधी बीमारियों से ग्रसित रहते हैं। बिजली की बात तो दूर है। चूंकि इस गांव के पूरब बकरा नदी तथा पश्चिम रतवा नदी बहती है जिससे खरीफ फसल प्रतिवर्ष बाढ़ में नष्ट हो जाती है। इस कारण यहां के लोगों की मुख्य फसल रबी ही है।
इस बाबत ग्रामीण पूर्व मुखिया हरिहर मंडल, मो. अनवार, शिवचरण मंडल, पंचानंद मंडल काबुल सिंह आदि ने बताया कि मुख्यत: वे लोग यातायात की समस्या से परेशान है। बकरा नदी में कोढ़ैली घाट पर जनप्रतिनिधियों से पुल निर्माण की मांग वर्षो से की जा रही है। किंतु मात्र आश्वासन ही मिलता रहा है। लोगों ने जिला प्रशासन से पुल निर्माण की दिशा में ठोस पहल की मांग की है।

बीपीएल एपीएल से वंचित लोग कैसे जलायें ढिबरी


पलासी (अररिया) : प्रखंड के बीपीएल/एपीएल से वंचित परिवारों के लिए किरासन तेल हेतु वैकल्पिक व्यवस्था नहीं किये जाने से आमजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। घर में रोशनी जलाना भी समस्या हो गयी है।
इस बाबत हारुण रशिद, मो. रजानूर, बबलू, मुखिया वकीला खातुन, मुखिया रूखसाना खातुन आदि ने बताया कि बीपीएल/एपीएल से वंचित परिवारों के लिए सरकार द्वारा अबतक वैकल्पिक व्यवस्था नहीं किया गया है। बिना कूपन डीलर द्वारा वंचितों को किरासन नही मिल रहा है। बाध्य होकर बीपीएल, एपीएल से वंचित परिवार खुले बाजार में औने-पौने दामों पर किसी तरह किरासन खरीदकर अंधेरे को मिटा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से इस दिशा में ठोस पहल की मांग की है।

Tuesday, June 26, 2012

मोटर साइकिल व जीप की सीधी टक्कर में दो घायल

पलासी: प्रखंड के उरलाहा चौक के समीप मोटर साइकिल व जीप की सीधी टक्कर में दो व्यक्ति घायल हो गए। घायल व्यक्ति विनोद कुमार व जॉन को इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पलासी में कराया गया। पीड़ित महिला स्वास्थ्य कर्मी के पति बताये जाते हैं।

Sunday, June 24, 2012

हबुआ हत्या मामले में छह व्यक्ति नामजद

पलासी (अररिया) : थाना क्षेत्र के पलासी-बस्ती (टोला) के कुख्यात अपराधी हबीब उर्फ हबुआ के हत्या मामले में उनके (मृतक) पिता मीर इसहाक के बयान पर पलासी थाना में गांव के ही छह व्यक्तियों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज की गयी है। थाना कांड सं. 63/12 के तहत मो. हसीबुद्दीन, इश्तियाक, बाबर व सद्दाम को आरोपित किया गया है। हत्या का कारण पुरानी दुश्मनी बताया गया है। दर्ज प्राथमिकी में वादी ने कहा है कि शनिवार की सुबह मृतका की पत्‍‌नी हुस्नी ने बताया कि नौ बजे गांव के ही फारूक कैशर उर्फ टिन्का तथा इश्तियाक हबुआ को बुलाकर पंचायती में ले गया, जो लौटकर नहीं आया। इस क्रम में खोजबीन करने पर भी पता नही चला। इसी क्रम में जानकारी मिली कि उक्त अभियुक्तों ने योजना बनाकर साजिश के तहत उनके पुत्र हबीब उर्फ हबुआ को ले गया और उसकी हत्या कर दी। इसी बीच यह सूचना मिली कि अरड़बाड़ी दोमुख घाट के समीप नदी में एक शव मिला है। जब वहां पहुंचा तो हबुआ का शव नदी में फेंका हुआ मिला। वादी ने दावा किया है कि साजिश के तहत पुरानी दुश्मनी के कारण उक्त लोगों ने उनके पुत्र की हत्या की। इस बाबत थानाध्यक्ष आरबी सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है।

मारा गया कुख्यात डकैत हबुआ


अररिया/पलासी : पिछले दो दशक तक आतंक का पर्याय रहा कुख्यात डकैत हबीब उर्फ हबुआ मारा गया। पुलिस ने शनिवार को ताराबाड़ी व पलासी थाना क्षेत्र की सीमा पर दोमुख नदी के पूर्वी किनारे से उसका शव बरामद किया है। वह पलासी थाना क्षेत्र की बस्ती का रहने वाला था और वर्तमान में अपराध की दुनिया छोड़ चुका था। यद्यपि, उसके खिलाफ विभिन्न थानों में सोलह आपराधिक मामले दर्ज थे।
एसपी शिवदीप लांडे ने बताया कि हबुआ की हत्या विश्वास में लेकर की गई है। प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि हबुआ के साथ पहले मारपीट की गई फिर गले में फंदा डालकर उसकी हत्या कर दी गई। निष्कर्ष अन्त्यपरीक्षण रिपोर्ट के बाद ही निकाला जा सकता है। वह एक दर्जन से अधिक डकैती, लूट, बम विस्फोटक अधिनियम एवं आ‌र्म्स एक्ट मामले का आरोपी था। वह दो माह पूर्व ही जेल से छूटा था और फिलहाल पलासी थाना के समीप ही वह आलू-प्याज की दुकान चला रहा था। ग्रामीणों ने नदी किनारे उसका शव देखा तो पुलिस को इसकी सूचना दी। बाद में उसकी शिनाख्त हबुआ के रूप में हुई।

मिट्टी भराई नहीं होने से परेशानी

पलासी : प्रखंड के सोहन्दर से एलआरपी भट्टा चौक जहानपुर जाने वाली सड़क पर बीते वर्ष भटनियां टोला के समीप निर्मित दो पुलिया के दोनों ओर मिट्टी भराई नहीं करने से यातायात में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस बाबत स्थानीय अशोक यादव, राजकुमार विश्वास, सरपंच जनार्दन मंडल आदि ने बताया कि बरसात का मौसम आ चुका है किंतु अब तक पुलिया के दोनों ओर मिट्टी भराई नहीं किया गया है। गड्ढों में पानी भर जाने के पश्चात यातायात अवरुद्ध हो जायेगा। लोगों ने प्रशासन से शीघ्र मिट्टी भराई की मांग की है।

Saturday, June 23, 2012

दो घर जले

पलासी: गुरुवार की रात प्रखंड के दिघली गांव में अचानक आग लगने से दो घर जलकर राख हो गये। इस अग्निकांड की घटना में घरेलू अनाज, कपड़ा, फर्नीचर सहित तीस हजार की संपत्ति जलकर स्वाहा हो गया। अग्नि पीड़ितों में मो. कालू, मसोमात परीमन शामिल हैं। यह जानकारी मुखिया प्रतिनिधि मो. समद अली ने दी।

Friday, June 22, 2012

नाबालिग के साथ दुष्कर्म, मामला दर्ज


पलासी (अररिया) : प्रखंड के कुजरी गांव में एक किशोर द्वारा नाबालिग बच्ची (काल्पनिक नाम) खुशबू के साथ दुष्कर्म करने का एक मामला प्रकाश में आया है। इस बाबत पीड़िता बच्ची की मां मोसोमात बीबी तबस्सुम ने किशोर सोमा पिता मो. शमशाद के विरुद्ध पलासी थाना में एक नामजद प्राथमिकी गुरुवार (21 जून) को दर्ज करायी है। घटना बीते मंगलवार की देर संध्या की बतायी गयी है।
दर्ज मामले में वादिनी ने कहा है कि मंगलवार संध्या करीब सात बजे बगल के किराना दुकान में सामान खरीदने उनकी नौ वर्षीय पुत्री खुशबू गयी थी। किंतु एक घंटा बीत जाने के पश्चात भी जब वह लौटकर नहीं आयी। खोजबीन के क्रम में बच्ची शमशाद के पुआल घर में बेहोशी अवस्था में पायी गयी। तत्पश्चात बच्ची को उपचार के लिए पीएचसी पलासी लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार कराया गया, किंतु रक्त फिर भी नही रूका। तत्पश्चात चिकित्सक ने बेहतर उपचार के लिए अररिया भेज दिया। अररिया में उपचार के दौरान चिकित्सक ने बच्ची के साथ दुष्कर्म की बात बतायी। इस क्रम में बच्ची जब होश में आयी तो पूछने पर उसने बताया कि जब वह सामान खरीदने दुकान जा रही थी तो रास्ते में ही सोमा पिता शमशाद ने उन्हें जबरदस्ती पकड़कर अपने पुआल घर में ले गया तथा दुष्कर्म किया। इस क्रम में वह बेहोश हो गयी। वह सदर अस्पताल अररिया में ही होश में आयी। इस बाबत थानाध्यक्ष आरबी सिंह ने बताया कि बच्ची को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए अररिया भेज दिया गया है।

आशा कार्यकर्ताओं की बैठक


पलासी (अररिया) : प्रखंड मुख्यालय पीएचसी में गुरुवार को आशा दिवस के अवसर पर आशा कार्यकर्ताओं की बैठक की गयी। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी डा. जहांगीर आलम ने की। बैठक में मुख्य रूप से प्रभारी श्री आलम ने आशा कार्यकर्ताओं को बंध्याकरण के लिए महिला व पुरुषों को प्रोत्साहित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जुलाई में ज्यादा से ज्यादा इच्छुक बंध्याकरण लोगों का निबंधन करावें। इस क्रम में सुरक्षित प्रसव, नियमित टीकाकरण, साफ-सफाई, एड्स व अन्य रोगों से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गयी।
मौके पर डा. एपी सिंह, डा. इकबाल हुसैन, स्वास्थ्य प्रबंधक मो. श्वतीब अहमद, कमलानंद मंडल, पवन बजरंग आदि मौजूद थे।

Thursday, June 21, 2012

मिट्टी भराई नही होने से राहगीरों को परेशानी

पलासी (अररिया) : प्रखंड के डेहटी-उत्तर पंचायत अंतर्गत कोढ़ैली से मटिया टोल तक जाने वाली सड़क पर चंद्रानंद ठाकुर के घर के समीप निर्मित आरसीसी पुलिया के दोनों ओर मिट्टी भराई नहीं होने से आवाजाही में लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में स्थानीय शिक्षक कपिलेश्वर झा, अमर कुमार ठाकुर, त्रिलोकानंद ठाकुर आदि ने बताया कि बीते वर्ष ही इस सड़क पर आरसीसी पुलिया निर्माण कराया गया, किंतु आज तक पुलिया के दोनों ओर न तो मिट्टी भराई किया गया और न तो मनरेगा योजना से ईट सोलिंग ही कराया गया। जिससे पुलिया के दोनों ओर पानी भर जाने से आवाजाही में काफी मशक्कत करनी पड़ती है। लोगों ने प्रशासन से अविलंब पुलिया के दोनों ओर मिट्टी भराई कर यातायात बहाल कराने की मांग की है।