Showing posts with label Araria Nagar Parishad. Show all posts
Showing posts with label Araria Nagar Parishad. Show all posts

Tuesday, July 3, 2012

परमान के कटान से खरैया बस्ती के लोग भयभीत


अररिया, : अररिया नगर परिषद वार्ड नं. 11 एवं 12 खरैया बस्ती के लोग नदी के कटान से भयभीत हैं। कटान के कारण दर्जनों लोग अपना घर यहां से हटाकर दूसरे सुरक्षित मुहल्ले में चले गए हैं।
विधायक जाकिर अनवर ने कटाव स्थल पर पहुंचकर जायजा लिया और बस्ती वालों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस मौके पर वार्ड आयुक्त के प्रतिनिधि नूर आलम एवं मुहल्ला वासी मौजूद थे।

Monday, June 25, 2012

शराब दुकान बना बीयर बार, एसपी के छापे में तीन पकड़ाए


अररिया, : नगर परिषद क्षेत्र कई लाईसेंसी दुकान पियक्कड़ों को बीयर बार का आनंद दे रहे हैं। निर्धारित समय के बाद भी कई शराब दुकानदार बिक्री के साथ-साथ पीने पिलाने का भी दौर जारी रखते हैं। दुकानदारों के इस रवैये से तंग आकर पुलिस अधीक्षक शिवदीप लाडे ने रविवार की रात रानीगंज बस स्टैंट के निकट कंचन कुमार भगत की दुकान में छापा मारकर तीन लोगों को हिरासत में हिरासत में लिया।
छापेमारी के बाद अगले दिन सुबह एसपी श्री लांडे, डीएसपी व एसएचओ ने सुबह में जाकर दुकान की तहकीकात की। इस दौरान एसपी ने दुकान से 65 हजार से अधिक रूपये बरामद किए। वहीं काउन्टर के पिछले हिस्से में पीने पिलाने का स्थान भी पाया गया।
इस संबंध में एसपी श्री लांडे ने बताया कि रात के दस बजे के बाद कोई भी शराब दुकान नहीं चला सकता है। लेकिन उन्हें लगातार इस बात की शिकायत मिल रही थी कि अररिया के अधिकांश लाईसेंसी दुकानदार देर रात तक पीने पिलाने का दौर जारी रखते हैं। साथ हीं दुकान के आगे अवैध मजमा लगाने का काम करते हैं। एसपी ने बताया कि शहर में शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए ऐसे कार्यो पर लगाम लगाना आवश्यक है। एसपी ने बताया कि दुकान में माल आवंटन की क्षमता की भी जांच करायी जायेगी।
वहीं मौके पर पहुंचे उत्पाद अधीक्षक डा. आनन्द कुमार ने बताया कि बिना लाइसेंस के किसी भी शराब दुकानदार को दुकान में पिलाने का अधिकार नहीं है। इधर, पुलिस ने हिरासत में लिए तीनों लोगों को उत्पाद विभाग के हवाले कर दिया है। उत्पाद अधीक्षक श्री कुमार ने बताया कि आरोपी के विरूद्ध विभागीय कार्रवाई की जायेगी।

Friday, June 22, 2012

रीतेश, पारस व अंजुम आरा बने सशक्त स्थायी समिति के सदस्य


अररिया : वार्ड संख्या 17 के पार्षद रीतेश कुमार राय, वार्ड 28 के पारस कुमार भगत तथा वार्ड 26 की पार्षद अंजुम आरा को अररिया नगर परिषद की सशक्त स्थायी समिति का सदस्य बनाया गया है। इस संबंध में नप के कार्यपालक पदाधिकारी राकेश कुमार झा ने गुरुवार को सूचना जारी कर दी। तीनों वार्ड पार्षदों का मनोनयन मुख्य पार्षद स्वीटी दासगुप्ता व उपमुख्य पार्षद संजय कुमार के संयुक्त हस्ताक्षर से जारी आदेश के द्वारा किया गया है।
इधर, रीतेश के मनोनयन पर वार्ड वासियों ने उन्हें बधाई दी है।

Monday, June 18, 2012

नगर विकास रहेगी पहली प्राथमिकता: स्वीटी


अररिया : अररिया नगर परिषद के मुख्य पार्षद स्वीटी दास गुप्ता एवं उप मुख्य पार्षद संजय कुमार यादव ने कहा है कि अररिया शहर का चौतरफा विकास उनकी प्राथमिकता सूची में पहले नंबर पर रहेगा। इससे पहले उन्होंने शनिवार को शुभ दिन मानते हुए अपना पदभार ग्रहण किया।
इस मौके पर उपस्थित तमाम वार्ड पार्षदों ने दोनों का स्वागत फूल मालाओं से किया तथा उनके नेतृत्व में नप क्षेत्र के विकास की कामना की। इस अवसर पर पहुंचे अररिया के सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने मुख्य पार्षद, उप मुख्य पार्षद एवं तमाम वार्ड पार्षदों को ढेर सारी शुभकामनाएं दी। अपने संक्षिप्त संबोधन में सांसद ने कहा कि यदि पार्षदों के अंदर विकास की इच्छा शक्ति होगी तो राशि की भी कमी नही होने दी जायेगी। इसके लिए वे हमेशा सहयोग देते रहेंगे, लेकिन सांसद श्री सिंह सभी वार्ड पार्षदों को एक मत और वार्डो में समरूप विकास का भी मंत्र दिया।
मौके पर कार्यपालक पदाधिकारी राकेश कुमार झा ने वित्तीय वर्ष का लेखा जोखा प्रस्तुत करते हुए नप के वर्तमान स्थिति की जानकारी दी। इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष सह पार्षद अफसाना प्रवीण, अनुराधा देवी, पारस भगत, अरुण साह, बबलू मंडल, नरेन्द्र कुमार, तेतर पासवान, पूनम देवी, सुमन देवी, किरण देवी, मधु देवी, अकबरी खातुन, मरजान कौशर, फरजाना, शशि भूषण झा, अरुण मिश्रा, गया प्रसाद, कमाले हक, बीबी शहनाज, गौतम साह, रीतेश राय, नारायण पासवान, शंकर यादव सहित कई पार्षद पति मौजूद थे।

Tuesday, June 12, 2012

स्वीटी व वीणा के मुख्य पार्षद चुने जाने पर बधाई



अररिया : भाजपा नेता संजय मिश्रा ने जिले के दो नगर परिषद व एक नगर पंचायत के नवनिर्वाचित मुख्य पार्षद व उपमुख्य पार्षद सहित सभी वार्ड पार्षदों को बधाई देते हुए शहर को विकास की गति मिलने की आशा व्यक्त की है। उन्होंने अररिया नगर परिषद और फारबिसगंज नगर परिषद के लिए मुख्य पार्षद और उप मुख्य पार्षद पर हुई जीत भाजपा कार्यकर्ताओं के एकजुटता का परिणाम बताया। उन्होंनें अररिया नगर परिषद के लिए मुख्य पार्षद स्वीटी दास गुप्ता व उपमुख्य पार्षद संजय कुमार उर्फ पिंकू यादव तथा फारबिसगंज की मुख्य पार्षद वीणा देवी के दुबारा चुने जाने व मोती खान के उपमुख्य पार्षद बनने पर शहर में अधूरा पड़ा विकास कार्य पूरा होगा।

Monday, June 11, 2012

जीत पर बधाई

रेणुग्राम : नगर परिषद आम चुनाव 2012 के जिले के सभी नव निर्वाचित वार्ड पार्षद, मुख्य पार्षद एवं उप मुख्य पार्षद को कांग्रेस नेता डा. शकील अहमद खान ने बधाई दी है। कांग्रेस के आबिद हुसैन अंसारी के माध्यम से जारी विज्ञप्ति में श्री खान ने उम्मीद जताई कि सभी नव निर्वाचित पार्षद अपने-अपने वार्ड के विकास में चहुंमुखी भूमिका निभायेंगे।

Sunday, June 10, 2012

सैयद सरफराज ने दी बधाई

Sarfarz Alam Araria
अररिया : भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष सैयद सरफराज हुसैन शनिवार को मुख्य पार्षद पर जीत के बाद स्वीटी दासगुप्ता व वीणा देवी को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने दूरभाष पर बताया कि इन दोनों की जीत भाजपा परिवार की जीत है तथा पार्षदों ने स्वच्छ व समर्पित कार्यकर्ता को शहर की कमान सौंपी है। उन्होंने जोगबनी नपं अध्यक्ष तरन्नुम नाज, अररिया के उप मुख्य पार्षद संजय कुमार, फारबिसगंज व जोगबनी के उपमुख्य पार्षद मोती खान व नरेश प्रसाद को भी बधाई दी।

Sunday, May 20, 2012

नप चुनाव में जीते प्रत्याशियों को दी बधाई


अररिया : नगर निकाय चुनाव में विजयी प्रत्याशियों को भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष सैयद सरफराज आलम, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष नारायण झा तथा मजदूर मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह बब्बन ने हार्दिक बधाई दी है।
तीनों नेताओं ने दूरभाष पर अलग अलग बातचीत में बताया कि अररिया जिले के तीनों शहरी क्षेत्र में हुए चुनाव के बाद अब मतगणना के परिणाम सामने आ चुके हैं और जनता ने खास कर युवा लोगों पर अधिक भरोसा किया है। इसके लिए वे बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि अब शहर के समेकित विकास की महती जिम्मेवारी नव निर्वाचित वार्ड पार्षदों के कंधों पर आ गयी है, जिसे उन्हें बखूबी निभाना पड़ेगा।
वहीं, उन्होंने यह भी कहा कि अररिया की जनता ने पूरी मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करा कर अपनी जिम्मेदारी साबित की है। इसके लिए तीनों शहर के नागरिक भी बधाई के हकदार हैं।

Saturday, May 19, 2012

वोट डालने को लेकर लगी महिलाओं की लंबी कतारें


अररिया, : अररिया में महिलाओं को साक्षरता, मतदान, सार्वजनिक जीवन में भगीदारी आदि जैसे कार्यो में फिसड्डी माना जाता था। लेकिन इस बार के नप चुनाव में मतदान केंद्रों पर महिलाओं की लंबी कतारें देखकर यही लगा कि अररिया में नारीशक्ति जग रही है।
हरियाली मार्केट के पूरब परमान की परती पर बने चलंत बूथ पर मतदान करने के लिए पूर्व प्रधानाध्यापिका अनवरी खातून एक छोटे बच्चे के साथ धीरे-धीरे जाती दिखी। वहीं, डीपीएस मतदान केंद्र पर बुर्का पहनी महिला वोटरों की लंबी कतार लगी रही।
इसी तरह जयप्रकाशनगर, आरएस, काली बाजार, नगरपरिषद, जिला परिषद, ग‌र्ल्स हाई स्कूल, को आपरेटिव भवन, कोसी कालोनी आदि के मतदान केंद्रों पर महिला वोटरों की लंबी कतार लगी दिखी। मतदान केंद्रों पर महिलाओं का आना जाना लगातार लगा रहा। कई जगहों पर महिलाएं दिन का भोजन बना कर आयी और वोट डालने के बाद ही वापस लौटी।

वोगस वोटरों ने भी किए हाथ साफ


अररिया : नगर परिषद चुनाव में विभिन्न बूथों पर वोगस वोटरों ने भी अपना हाथ साफ करने से नही चुके। वोगस वोटरों के हाथ की सफायी का जब तक पोल खुलता तब तक वे बूथ से नौ-दो ग्यारह हो जाते। वोगस वोटिंग की शिकायत कई बूथों पर सुनने को मिली।
वार्ड संख्या 26 के माता स्थान स्थित बूथ पर मुस्तरी खातुन पति जाहिद हुसैन करीब एक घंटा तक कतार में खड़ा रहने के बाद मतदान कर्मियों तक जैसे हीं पहुंचे वैसे उन्हें बताया गया कि उनके नाम पर किसी ने वोट गिरा दिया है। वोगस वोट की सूचना मिलते ही मुस्तरी जल भून सी गयी। ऐसी शिकायत कई अन्य बूथ पर भी सुनने को मिला।

Wednesday, May 16, 2012

आज बंद रहेगा न्यायालय

अररिया : नगर परिषद चुनाव को लेकर स्थानीय व्यवहार न्यायालय गुरुवार को बंद रहेगा। इस संबंध में पूर्णिया के जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजय कुमार ने नगर परिषद चुनाव के मद्देनजर उक्त आदेश जारी किया है।

Saturday, May 12, 2012

चुनावी तरकस से निकला सेवाबल का तीर


अररिया: नगर निकाय चुनावों का महासंग्राम निर्णायक दौर में है। मतदाताओं को रिझाने की हरसंभव कोशिश की जा रही है। धनबल का जोर चरम पर है। वोट के लिए नोट का इस्तेमाल हो रहा है। जगह-जगह पैसे का जोर बोलने भी लगा है। लेकिन धनबल, जनबल, बाहुबल के बाद चुनावी दौड़ के महारथियों ने अपने तरकस से एक नया तीर निकाला है। यह है सेवा बल।
इस चुनावी अस्त्र के दर्शन खासकर सदर अस्पताल व निजी नर्सिग होम में खूब हो रहे हैं। किसी वार्ड का कोई वोटर अगर थोड़ा भी बीमार पड़ा तो अभ्यर्थी उसे तुरंत 'छेक' लेते हैं। उसे लेकर अपने खर्च पर इलाज करवाने की कवायद प्रारंभ हो जाती है। स्वास्थ्यकर्मियों की भी मदद ली जाती है। ..देखिए जैसे हम पेशेंट को लायें तुरंत उसका इलाज कीजिए। बेडशीट चकाचक रहना चाहिए। ..जी सर, कोई प्राब्लेम नहीं होगा। तुंरत सैलाइन करेंगे और जो भी जरूरी होगा सब करेंगे। ..ठीक है।
अगर अस्पताल में मरीज को रेफर करने की बात हुई तो पलक झपकते एंबुलेंस भी हाजिर। किसी मरीज को रेफर करने की बात हुई तो एक अभ्यर्थी उसे पूर्णिया ले जाने की बात करता है। तो दूसरा उसे सिलीगुड़ी ले जाने की तत्परता दिखाने लगता है।
..डाक्टर साहब, कहां ले जाना ठीक रहेगा? पूर्णिया या सिलीगुड़ी? फिर मिनटों में मरीज के साथ एंबुलेंस गंतव्य की ओर चल पड़ता है।
इन दिनों अस्पताल में मरीजों की सेवा को लेकर अभ्यर्थियों के बीच 'छेकाछेकी' के जंग जैसा नजारा रहता है। .. इसको तो हम लाये थे, आप काहे इसमें पड़ गये?
वहीं, जब कोई पत्रकार अस्पताल पहुंचता है तो अभ्यर्थी तपाक से कह बैठते हैं। .. भईया, कैमरा नहीं लाये हैं? देखिए हम किस तरह अपने वार्ड के लोगों की सेवा किया करते हैं। बहरहाल, मतदाता इन दिनों इस सेवा का खूब लाभ उठा रहे हैं। .. काश, ऐसा पांचो साल व हर रोज होता!
साइड स्टोरी
नप चुनाव: चुनावी पैरोडियों से गूंज रहा शहर
अररिया, जाप्र: फिल्मी पैरोडियां एक बार फिर गूंजने लगी हैं। नगर निकाय चुनाव का प्रचार तेज हो चुका है तथा हर जगह फिल्मी पैरोडी पर आधारित चुनावी अपील सुनाई पड़ रही है। कहीं देश भक्ति का जज्बा है तो कहीं अपनी सेवा की दुहाई। यानी वोट मांगने का सुरीला अंदाज।
फिल्मी पैरोडी आधारित अधिकतर प्रचार रिक्शे से ही हो रहा है। रिक्शा चालक को दिन भर की मजदूरी मिलती है और उम्मीदवार का प्रचार चलता रहता है। वहीं, प्रचार सामग्री बनाने के लिए जहां स्थानीय स्टूडियो वाले सक्रिय हैं वहीं, अच्छी आवाज वाले युवाओं की भी पूछ बढ़ गयी है।

Wednesday, May 9, 2012

नप चुनाव: वार्ड इक्कीस में तीन, सत्ताइस में छह प्रत्याशी कर रहे जोर


अररिया : अररिया नगर परिषद क्षेत्र में नगरपालिका चुनाव का नजारा देखते ही बन रहा है। सुबह चाय दुकान पर से चुनावी समीकरण की नींव रखी जा रही है तो देर रात तक शराब दुकानों पर समीक्षा की जा रही है। वार्ड नं. एक से वार्ड नं. 29 तक की चर्चा जरूर एक बार होती है। ज्ञात हो कि अररिया नप क्षेत्र के वार्ड 21 से 29 तक कुल 40 प्रत्याशी मैदान में है। इसमें सबसे कम वार्ड नं. इक्कीस में तीन तथा सबसे अधिक छह प्रत्याशी वार्ड नं. 27 में चुनाव लड़ रहे हैं।
वार्ड नं. 21 से पूर्व मुख्य पार्षद सह निवर्तमान पार्षद अंजनी जायसवाल, साजदा व सुमन देवी भाग्य आजमा रही है। जबकि वार्ड नं. 22 से कुल चार उम्मीदवार हैं। इसमें निवर्तमान पार्षद श्याम जायसवाल, पूर्व पार्षद ललित मोहन ठाकुर, मो. कामरान खान तथा स्वीटी दास गुप्ता के नाम शामिल हैं। शहर के वार्ड नं. 23 में भी चार उम्मीदवार क्रमश: निवर्तमान पार्षद हसीना खातुन, अकबरी खातुन, आईशा खातुन, लीला देवी व सुमन देवी मैदान में हैं। वहीं वार्ड नं. 25 मौलवी टोला, खलीलाबाद से निर्वतमान पार्षद अजीम अख्तर, आबिद हुसैन, मो. कमालेहक, मोहम्मद अफरोज आलम व सैफुल इस्लाम चुनावी जंग लड़ रहे हैं।
नप क्षेत्र के वार्ड नं. 26 से कुल चार उम्मीदवार मैदान-ए-जंग में हैं। उनके निवर्तमान पार्षद अंजुम आरा, तबस्सुम आरा, संजीदा खातुन व बीबी जहांआरा के नाम शामिल हैं। जबकि इस्लामनगर वार्ड नं. 27 से छह प्रत्याशी क्रमश: निवर्तमान पार्षद मो. यासीन, मो. चांद, जहांगीर, मो. तनवीर आलम, मरजान कौसर तथा सदरे आलम चुनावी मैदान में डटे हैं। वार्ड नं. 28 से निवर्तमान उप मुख्य पार्षद पारस कुमार भगत, पूर्व पार्षद मीर मो. आशिक हुसैन, अफसर खातुन, गुलरेज अख्तर तथा योगेन्द्र प्रसाद गुप्ता प्रत्याशी है। वहीं वार्ड नं. 29 से निवर्तमान पार्षद ने इस बार खुद न नामांकन देकर अपने बहू को मैदान में उतारा है। इस वार्ड से वसीमा, शबाना शाहीन, हमीदा खातुन तथा हुस्नआरा प्रत्याशी हैं।

Tuesday, May 8, 2012

घटिया निर्माण मामले में फंसे विद्यालय प्रधान

अररिया : नगर परिषद क्षेत्र के हृदयनगर वार्ड संख्या 5 में उत्क्रमित मध्य विद्यालय के भवन निर्माण में व्यापक अनियमितता का मामला उजागर हुआ है। अनियमितता उजागर होने के बाद प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी बैजू झा के बयान पर विद्यालय के प्रधान शिक्षक अमरनाथ मिश्र एवं शिक्षा समिति के अध्यक्ष कामदेव मंडल के विरुद्ध नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। जिला शिक्षा पदाधिकारी के पत्रांक 1032 दिनांक 2 फरवरी 12 के आलोक में बीईओ श्री झा ने कहा है कि ग्रामीणों ने विद्यालय भवन निर्माण में व्यापक अनियमितता बरतने की शिकायत प्राप्त हुई थी। ग्रामीणों के शिकायत पर जिला शिक्षा पदाधिकारी ने स्वयं निर्माण कार्य की जांच की। जांच में पाया गया कि निर्माण कार्य लोक बालू में घटिया ईट का प्रयोग किया गया है। यह निर्माण प्रधान शिक्षक एवं विशिश अध्यक्ष ने मिलकर करायी थी।

Monday, May 7, 2012

43,869 मतदाता करेंगे 151 प्रत्याशियों का फैसला


अररिया : नगर पालिका चुनाव को लेकर वार्डो में जहां उम्मीदवारों ने प्रचार-प्रसाद का अभियान तेज कर दिया है वहीं वोटर वेट एंड वाच की स्थिति में है। अररिया नगर परिषद अंतर्गत 29 वार्डों में इस बार 151 प्रत्याशी चुनावी मैदान में ताल ठोंक रहे है। आगामी 17 मई को होने वाले नगरपालिका चुनाव के दिन अररिया शहर के 43869 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
अररिया नप के किसी वार्ड में छब्बीस सौ मतदाता है तो किसी वार्ड में मात्र पांच सौ वोटर का नाम सूची में दर्ज है। वार्ड नं. 5 में सबसे अधिक 2616 मतदाता है तथा सबसे कम 534 मतदाता वार्ड नं. 12 में है। निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार वार्ड नं. 1 में 926 मतदाता, वार्ड नं. 2 में 1016, वार्ड नं. 3 में 1515, वार्ड नं. 4 में 1727, वार्ड नं. 5 में 2616, वार्ड नं. 6 में 1008, वार्ड नं. सात में 1434, वार्ड नं. आठ में 2175, वार्ड नं. नौ में 23311, वार्ड नं. दस में 2601, वार्ड नं. ग्यारह में 2569, वार्ड नं. बारह में 534, वार्ड नं. तेरह में 1121, वार्ड नं. चौदह में 1036, वार्ड नं. पंद्रह में 1419, वार्ड नं. सोलह में 1299, वार्ड नं. सत्रह में 2487, वार्ड नं. अठारह में 1591, वार्ड नं. उन्नीस में 1398, वार्ड नं. बीस मे. 1583, वार्ड नं. इक्कीस में 1240, वार्ड नं. बाइस में 750, वार्ड नं. तेईस में 1416, वार्ड नं. चौबीस में 1225, वार्ड नं. पच्चीस में 1231, वार्ड न. छब्बीस में 1172, वार्ड नं. सत्ताइस में 1510, वार्ड नं. उनतीस में 1432 मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज है। वार्ड नं. 11 मात्र एक प्रत्याशी रहने के कारण वहां निर्विरोध घोषित कर दिया गया है। फिलहाल उस वार्ड का चुनाव नहीं होगा।

Sunday, May 6, 2012

सभी संवेदनशील बूथों पर रहेगी विशेष नजर: डीएम


अररिया : नगर पालिका चुनाव में भी लोकसभा व विधानसभा चुनाव की तरह ही आयोग का डंडा चलने वाला है। जिले के तीन निकायों में स्वच्छ व शांतिपूर्ण वातावरण में चुनाव कराने के लिए प्रशासनिक स्तर से कवायद तेज कर दी गयी है। नगर पालिका चुनाव में प्रतिनियुक्त सेक्टर पदाधिकारियों के साथ डीएम एम सरवणन ने शनिवार को आत्मन कक्ष में बैठक की। बैठक में डीएम ने प्रतिनियुक्त अधिकारियों को सख्ती से आयोग के निर्देशों का पालन कराने को कहा है। उन्होंने कहा कि आवंटित वार्ड व बूथ का सत्यापन कर रोड मैप तथा नजरी नक्शा बनाकर प्रस्तुत करें। डीएम ने सभी अधिकारियों को संवेदनशील व अतिसंवेदनशील बूथों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया।
डीएम ने सेक्टर अधिकारियों को वार्ड के बाहुबली उम्मीदवारों को चिह्नित करने तथा दूसरे को निर्देश पर चुनाव लड़ने वाले डमी प्रत्याशी के विरूद्ध भी रिपोर्ट करने को कहा है। श्री सरवणन ने कहा कि डमी प्रत्याशी साबित होने पर उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जायेगा। श्री सरवणन ने सेक्टर पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मतगणना तक शहर की सभी शराब की दुकानें दस बजे रात्रि तक बंद करने का निर्देश दिया गया है। इसके बाद भी अगर दस बजे रात के बाद दुकान खुली रहती है तो रिपोर्ट करें, कार्रवाई होगी। इस अवसर पर अररिया एसडीओ डा. विनोद कुमार, विधि व्यवस्था कोषांग प्रभारी गोपाल प्रसाद, एडीपीआरओ योगेन्द्र कुमार लाल आदि मौजूद थे।

Wednesday, May 2, 2012

निवर्तमान वार्ड पार्षद समेत दो प्रत्याशी का नामांकन रद


अररिया : अररिया नगर परिषद के एक निवर्तमान वार्ड पार्षद समेत दो प्रत्याशी का नामांकन पत्र तथ्य छुपाने के आरोप में रद्द कर दिया गया है। राज्य निर्वाचन आयोग से मिले निर्देश के आलोक में अररिया नप के निर्वाची पदाधिकारी बुद्ध प्रकाश ने बुधवार को यह कार्रवाई की है। श्री प्रकाश ने बताया कि वार्ड नं. 11 की प्रत्याशी शादिया असरफ, पति मासूम रेजा तथा वार्ड नं. 16 के निवर्तमान वार्ड पार्षद व प्रत्याशी संजय कुमार अकेला का नामांकन पत्र अस्वीकृत कर रद्द किया गया है। श्री प्रकाश ने कहा कि आयोग के निर्देशानुसार तथ्य छिपाने के आरोप में भादवि संहिता की धारा 177, 181 व नगरपालिका अधिनियम 2007 की धारा 447 के तहत डीएम से आदेश प्राप्त होते ही दोनों पर प्राथमिकी दर्ज करायी जायेगी। आरओ श्री प्रकाश द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि अररिया प्रखंड के तत्कालीन प्रमुख स्व. नैय्यर आलम के द्वारा अररिया थाना में कांड संख्या 222/02 दर्ज कराया गया था। इस कांड में संजय कुमार अकेला समेत पांच लोग नामजद हैं। परंतु श्री अकेला ने उक्त कांड का जिक्र अपने नामांकन पत्र में नहीं किया। उनके विरुद्ध वार्ड नं. 16 के प्रत्याशी गया प्रसाद, संजय कुमार झा, ओमप्रकाश सोनू व शंशाक कुमार ने आयोग के पास शिकायत की थी।
वहीं वार्ड नं. 11 की निवर्तमान पार्षद शहनाज फिलहाल निर्विरोध हैं। हालांकि आरओ के द्वारा इसका घोषणा नहीं की गयी है। शहनाज ने ही सादिया अशरफ के विरुद्ध अररिया थाना कांड सं. 255/07 का जिक्र नामांकन पत्रों में नही करने का आरोप लगाकर आयोग के पास शिकायत किया था। इसके बाद आयोग ने डीएम को पत्र भेजकर नामांकन रद्द करने का निर्देश दिया था।

Monday, April 30, 2012

नप चुनाव: जनता मांगे विकास का हिसाब


अररिया : नगर परिषद चुनाव का बिगुल बज चुका है। नामांकन प्रक्रिया संपन्न होने के बाद प्रत्याशी मतदाताओं की चौखट पर दस्तक देने लगे हैं। लेकिन इस बार के चुनावी समर में जनता उनसे शहर के भावी विकास की रुपरेखा का जानना चाह रही है। वहीं, निवर्तमान पार्षदों से विकास का हिसाब मांगने की भी तैयारी की जा रही है। जिन्होंने काम किया है, वे तो मस्त हैं, पर पांच साल मस्ती काटने वाले अभी से ही पस्त नजर आ रहे हैं। ऐसे लोगों का प्रचार अभियान फिलहाल ठंडा पड़ा हुआ है।
इस बार चुनावी तरकस से निकलने वाले जात व धरम के तीर उतने असरदार नहीं दिख रहे। जात पर जमात हाबी है तथा जमात पर विकास का भूत चढ़ा हुआ है। नगर वासियों को तो विकास चाहिये, जो काम करेगा उसे वोट मिलेगा।
कई निवर्तमान उम्मीदवारों की ओर से 'काम किया है काम करेंगे' का नारा दिया जा रहा है तो कुछ अपने को विकास के प्रति समर्पित बता रहे हैं।
वहीं, इस चुनाव में विगत दस सालों में हुए घपले घोटालों की दुर्गध भी असर डाल रही है। घपलों की कोख से उपजी राजनीति चुनावी युद्ध का प्रमुख कारक होगी।
जानकारों की मानें तो नगर परिषद क्षेत्र के विकास के लिए पचासों करोड़ रुपये आये, लेकिन धरातल पर कुछ खास नजर नहीं आ रहा। कुछ वार्डो में नाला व अच्छी सड़कें जरूर बनी हैं, लेकिन अधिकांश वार्डो में विकास के नाम पर लूट अधिक हुई है। नाले हैं तो उनसे पानी नहीं बहता, सड़कें हैं तो उन पर चलना दुर्घटनाओं को आमंत्रण देने जैसा है।
नाला निर्माण के नाम पर करोड़ों खर्च हुए, लेकिन जल जमाव अभी भी हो रहा है। अधिकतर नालों से पानी की निकासी नहीं होती। वे मच्छरों का उत्पादन केंद्र बनकर रह गये हैं।
नप क्षेत्र में विकास की एडवांस प्लानिंग हुई ही नहीं है। अगले दो तीन दशकों में विकास व मूलभूत नागरिक सुविधाओं पर पड़ने वाले दवाब का आकलन शुरू भी नही हुआ है।

Sunday, April 29, 2012

नप चुनाव : घर किसी वार्ड में मतदाता कहीं और के

अररिया : आगामी चुनाव को लेकर अररिया नगर अररिया के विभिन्न वार्डो के लिए प्रकाशित नए मतदाता सूची में भारी गड़बड़ी है। त्रुटिपूर्ण सूची को लेकर मतदाता के साथ-साथ चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों की भी परेशानी बढ़ गई है। निवासी किसी वार्ड के हैं तो नाम किसी दूसरे वार्ड के मतदाता सूची में। प्रशासनिक लापरवाही के कारण इस त्रुटिपूर्ण मतदाता सूची को लेकर वार्ड वासियों में भारी नाराजगी है। वार्ड नं.19 आजाद नगर के लगभग 50 मतदाता का नाम वार्ड नं. 20 के मतदाता सूची में शामिल कर दिया गया है। जो पिछले 20-25 वर्षो से आजाद नगर वार्ड नं. 19 के मतदाता थे अचानक उनका नाम बदल कर वार्ड नं. 20 में कर दिया गया है। दिलचस्प पहलू तो यह है कि पति वार्ड नं. 19 एवं पत्‍‌नी को वार्ड नं. 20 का मतदाता बना दिया गया है। वार्ड नं. 19 के स्थाई निवासी असरार अहमद, अफसाना परवीन, सालेहा खातुन, इम्तियाज अहमद, मो. एकबाल समेत 50 लोगों का नाम वार्ड नं. 20 में अंकित किया गया। ऐसा ही मामला वार्ड नं. 26 में भी प्रकाश में आया है। यहां लगभग 40 मतदाताओं का नाम अगल-बगल के वार्ड नं. 25, 27 एवं 28 में अंकित किया गया है। इस त्रुटिपूर्ण मतदाता सूची की शिकायत वार्ड वासी ने लिखित रूप से अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी से कर इसमें चुनाव से पूर्व सुधार करने की मांग की है। ताकि अपने वार्ड में मतदाता के रूप ले चुनाव में भाग ले सके।

बेचने की नीयत से नाबालिग का अपहरण, एक गिरफ्तार


अररिया : नगर थाना क्षेत्र के दियारी मजगामा में गुनेश्वर प्रसाद सिंह की नाबालिग पुत्री का मानव व्यापार के दलालों के हाथों बेचने की नीयत से अपहरण का मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में पीड़ित पिता ने शुक्रवार को गांव के एक महिला समेत चार लोगों को नामजद अभियुक्त बनाते हुये नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुये आरोपी महिला प्रमीला देवी को गिरफ्तार कर लिया है।
दर्ज प्राथमिकी में पीडि़त पिता ने कहा है कि बीते 20 अप्रैल को गांव के ही संजीव, रंजीत, चन्दन हरिलाल साह उनकी पुत्री को बहला फुसलाकर के ले गये। खोजबीन के क्रम में पता चला कि युवक एवं उनकी पुत्री को खाना खिलाया फिर उसे कहीं अन्यत्र भेज दिया। जानकारी मिलने के बाद पंचायत बुलाई गई। पंचायत में एक युवक ने स्वीकार किया कि लड़की को संजीव लेकर कहीं चला गया है। काफी खोज-बीन के बाद भी जब लड़की नही मिली तो वह पुलिस के पास पहुंचा। पुलिस लड़की की खोज में छापेमारी कर रही है।