Showing posts with label Forbesganj Araria. Show all posts
Showing posts with label Forbesganj Araria. Show all posts

Saturday, July 7, 2012

नगर में खाली जमीन का भी भरना होगा टैक्स


फारबिसगंज (अररिया) : नगर परिषद द्वारा शहरी क्षेत्र में खाली जमीन जिस पर कोई मकान या ढांचा बना हुआ नहीं है, उसका भी टैक्स वसूला जायेगा। यह जानकारी मुख्य पार्षद वीणा देवी ने दी। उन्होंने बताया कि सरकार के निर्देशों के अनुसार आगामी वित्तीय वर्ष से ऐसी जमीनों को चिन्हित कर उसकी टैक्स उगाही की जायेगी।
मुख्य पार्षद ने यह भी जानकारी दी कि शहर के वार्ड संख्या 1, 6, 7, 8 और 22, 23, 24 एवं 25 में नए मकान बनवाने के इच्छुक लोगों को मकान का नक्शा नप कार्यालय में जमा करना आवश्यक होगा। नप द्वारा स्वीकृति मिलने के उपरांत ही वे मकान बनवा सकेंगे। बताया कि ऐसी व्यवस्था शहर की जल निकासी समस्या को देखते हुए की गयी है। उन्होंने बताया कि सीताधार और मेन ड्रेन के किनारे की जमीन को अतिक्रमित कर कई लोगों ने घर व दीवार खड़ा कर ली है। इससे जल निकासी की घोर समस्या उत्पन्न हो गई है। कहा कि नगर और नगर वासी के हित में आवश्यकता पड़ने पर नप प्रशासन द्वारा अवरोधों को ध्वस्त करने की कार्रवाई भी की जायेगी।
इस मौके पर उप मुख्य पार्षद मोती खान, स्थायी समिति सदस्य अनिल कु. सिन्हा, अशोक फुलासरिया और रजत सिंह, पार्षद रंजू केसरी, रूकसाना खातुन, मनोज ठाकुर, अमर कामत, किशोर राय, मो. इस्लाम, प्रधान सहायक शंकर झा, जेई विनोद कुमार आदि उपस्थित थे।

नप के स्थायी समिति सदस्यों ने ली शपथ



फारबिसगंज(अररिया) : फारबिसगंज नगर परिषद के नव निर्वाचित वार्ड पार्षदों में से मनोनीत किए गए सशक्त स्थायी समिति के तीन सदस्यों को शनिवार को फारबिसगंज अनुमंडल कार्यालय में शपथ दिलायी गयी। प्रभारी अनुमंडल पदाधिकारी सह भूमि सुधार उप समाहर्ता मुकेश कुमार सिन्हा के द्वारा तीनों सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी गयी। नप क्षेत्र के वार्ड बीस के पार्षद अनिल कुमार सिन्हा, वार्ड दो के पार्षद अशोक फुलसरिया तथा वार्ड 19 के पार्षद रजत सिंह सशक्त स्थायी समिति सदस्य के रूप में मनोनीत किए गए हैं। मनोनीत सदस्यों द्वारा पद एवं गोपनीयता की शपथ ली गयी। मौके पर नप की मुख्य पार्षद वीणा देवी, उपमुख्य पार्षद मोती खान, वार्ड पार्षद धीरज पासवान, पिंकी देवी, मनोज ठाकुर, रंजू केसरी, रूकसाना खातून, रीता राय, रंजीत राय, किशोर राय, मो. इसलाम दिलीप पासवान, मनोज जायसवाल, नप के प्रधान सहायक शंकर झा सहित अन्य लोग मौजूद थे। शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित वार्ड पार्षदों तथा अन्य लोगों ने नये स्थायी समिति सदस्यों के प्रति हर्ष व्यक्त करते हुए नप के विकास कार्य में सकारात्मक भूमिका की उम्मीद जाहिर की।

जिला पार्षद के साथ लूटपाट के विरोध में बैठक, सुरक्षा की मांग


फारबिसगंज (अररिया) : रंगदारी को लेकर क्षेत्र संख्या 5 में जिप सदस्य मो. इफ्तखार के साथ लूटपाट के विरोध में शुक्रवार को यहां बैठक कर प्रशासन से सुरक्षा गार्ड मांगने का निर्णय लिया गया। साथ हीं जिप सदस्य मो. इफ्तखार के साथ रंगदारी मांगने तथा लूटपाट करने वाले आरोपी मो. जहांगीर को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की गयी।
बैठक में मौजूद क्षेत्र संख्या ग्यारह के जिप सदस्य प्रयाग पासवान ने घटना की तीव्र निंदा करते हुए कहा कि जिला परिषद सदस्यों पर खतरा उत्पन्न करने वालों को बर्दास्त नही किया जायेगा। इस मामले को जिप की बैठक में भी उठाया जायेगा। इधर जिप सदस्य जितनी देवी, मंजूला देवी, शोभा देवी सहित शंकर विश्वास, नीलम रानी, तौहिद आलम, मो. कलाम, पूर्व मुखिया मो. अशफाक, मुमताज अंसारी सहित अन्य ने घटना की घोर निंदा करते हुए जिप सदस्य मो. इफ्तेखार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग पुलिस-प्रशासन से की। पीड़ित जिप सदस्य मो. इफ्तखार ने कहा कि पूर्व से हीं आरोपी द्वारा रंगदारी के रूप में पांच हजार रुपया की मांग की जा रही थी जिसे नहीं देने पर लूटपाट किया गया।
इधर पीड़ित मो. इफ्तखार के आवेदन पर फारबिसगंज थाना में आरोपी मो. जहांगीर के खिलाफ प्राथमिकी संख्या 237/12 दर्ज कर ली गयी है।

अभिषेक बने जदयू जिला किसान प्रकोष्ठ के अध्यक्ष

फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज प्रखंड के गुरमी निवासी अभिषेक कुमार को जदयू जिला किसान प्रकोष्ठ काअध्यक्ष नियुक्त किया गया है। श्री कुमार की मनोनीत पर कार्यकर्ताओं में हर्ष व्यक्त है। उनकी मनोनयन पर जदयू जिला प्रवक्ता पवन मिश्रा, रमेश सिंह, प्रदीप साह, मो. इकबाल, नूर मोहम्मद, गोपाल राय, पोलो ऋषिदेव, दिलीप पटेल, पिंटू दास, किशोर राय, बैद्यनाथ मंडल, सबीर आलम आदि ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए किसानों की समस्या उभर रखने तथा संगठन को मजबूती मिलने की उम्मीद जाहिर की।

चार वर्षो में पकड़ी गई एक करोड़ की बिजली चोरी


फारबिसगंज (अररिया) : अनुमंडल क्षेत्र में बड़े पैमाने पर बिजली की चोरी की जा रही है। बिजली चोरी कर प्रतिमाह लाखों रुपया सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। विद्युत विभाग के एसटीएफ ने शहर के बीचों बीच अस्पताल रोड स्थित दो पुराने प्रतिष्ठानों में छापेमारी कर जिस प्रकार 17.68 लाख की बिजली चोरी का मामला पकड़ा उससे बिजली विभाग के स्थानीय अधिकारियों पर भी सवाल उठने लगा है। वे शहर में बीचोबीच एक ही परिसर में स्थित सीमा कोल्ड स्टोरेज तथा शिमला आइसक्रीम फैक्ट्री में काफी लंबे समय से हो रही बिजली चोरी को रोक नही सके। बिजली विभाग के एसटीएफ पटना के हेड अशोक कुमार ने भी माना कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर बिजली चोरी की सूचना मिल रही है जिसे रोकने के लिए भविष्य में छापेमारी अभियान चलाया जायेगा।
हालांकि इससे पूर्व में भी विद्युत विभाग के द्वारा बिजली चोरी का मामला पकड़ा जा चुका है। फारबिसगंज में जुम्मन चौक के समीप एक मोबाइल टावर परिसर में करीब सात लाख की बिजली चोरी का मामला पकड़ा गया था। मुंशी पोखर के समीप स्थित मोबाइल टावर में भी करीब आठ लाख रुपये की बिजली चोरी पकड़ी जा चुकी है। नरपतगंज प्रखंड के फुलकाहा में आरा मील में पांच लाख की बिजली चोरी पकड़ी गयी थी। फारबिसगंज फ्लावर मिल में करीब 84 लाख की बिजली चोरी का मामला वर्ष 2008 में हीं सामने आ चुका है। औधोगिक क्षेत्रों के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में छोटे-छोटे स्तर पर बड़ी मात्रा में बिजली की चोरी की जा रही है।

Friday, July 6, 2012

बिजली चोरी मामले में दो प्रतिष्ठान मालिक गए जेल, प्राथमिकी दर्ज

फाबिसगंज (अररिया) : शहर के अस्पताल रोड स्थित मे. सीमा कोल्ड स्टोरेज परिसर में विद्युत विभाग के पटना के एसटीएफ टीम द्वारा करीब 17.68 लाख रुपया की बिजली की चोरी पकड़े जाने के मामले में दो प्रतिष्ठान संचालकों को गुरुवार को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया। जिसमें सीमा कोल्ड स्टोरेज के रामावतार लखोटिया तथा शिमली आइसक्रिम फैक्ट्री के किशनलाल लखोटिया शामिल है। इन लोगों पर भारी मात्रा में बिजली चोरी का आरोप है। इधर विद्युत विभाग के अधिकारियों द्वारा छापेमारी के बाद दोनों के विरुद्ध फारबिसगंज थाना में विद्युत अधिनियम की धारा 135/138 के तहत प्राथमिकी (कांड संख्या 236/12) दर्ज की गयी है। प्रभारी विद्युत कार्यपालक अभियंता रतिकांत प्रसाद के द्वारा दर्ज प्राथमिकी के अनुसार मेसर्स सीमा कोल्ड स्टोरेज द्वारा 12, 53, 052 रुपया तथा इसी परिसर स्थित कोल्ड स्टोरेज के बगल वाले कमरे में किशुनलाल लखोटिया द्वारा 5,15,306 रु. की बिजली की चोरी मीटर तथा विद्युत तार में छेड़छाड़ कर किया गया है। दोनों की बिजली काट दी गयी है तथा मीटर को खोलकर जब्त कर लिया गया है। एसटीएफ हेड अशोक कुमार के नेतृत्व में बिहार विद्युत बोर्ड की एसटीएफ की टीम, एमआरटी पूर्णिया की टीम तथा विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल पूर्णिया की टीम की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली। छापेमारी में एसटीएफ क ईई डीके सिंह, एसपी सिंह, एईई फारबिसगंज रतिकांत प्रसाद, किरण कुमार, प्रशांत कुमार, एसएस पांडेय, ग्यान प्रकाश, इमरान जजीर, राजानंद, राहुल कुमार आदि शामिल थे।

जिप सदस्य की पिटाई, समर्थकों ने किया सड़क जाम

फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज के क्षेत्र संख्या पांच में जिला परिषद सदस्य मो. इफ्तखार के साथ आरा मील से घर जाते समय हथियार का भय दिखाकर गुरुवार को रामपुर दक्षिण पंचायत स्थित मुख्य सड़क मार्ग पर गांव के ही कुछ लोगों द्वारा मारपीट किया गया। जिसमें जिप सदस्य जख्मी हो गये। इधर घटना के विरोध में जिप सदस्य समर्थकों ने फारबिसगंज-रानीगंज मार्ग पर रामपुर दक्षिण पंचायत में सड़क जाम कर यातायात ठप्प कर दिया। सड़क जाम कर रहे समर्थकों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। जाम करने वाले जिप सदस्य के साथ मारपीट करने वाले आपराधिक प्रवृत्ति के गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। बाद में फारबिसगंज थाना की पुलिस जाम स्थल पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर शांत किया। पुलिस द्वारा समुचित कार्रवाई के आश्वासन पर सड़क जाम समाप्त हुआ और यातायात बहाल हो सका।
जख्मी जिप सदस्य मो. इफ्तेखार का इलाज स्थानीय रेफरल अस्पताल में कराया गया। इधर पीड़ित जिप सदस्य ने थाना में आवेदन देकर रामपुर दक्षिण निवासी मो. जहांगीर पर दो-तीन अज्ञात समर्थकों के साथ मिलकर पिस्टल कनपटी में सटाते हुए मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। आवेदन के अनुसार आपराधिक पृष्ठ भूमि के मो. जहांगीर ने मो. इफ्तखार से पांच हजार रुपया रंगदारी की मांग की थी जिसकी सूचना पूर्व थाना को दी गयी थी। आसपास के लोगों के जुट जाने के बाद सभी भाग खड़े हुए। मो. इफ्तखार ने जहांगीर पर 25 हजार नगदी भी छीनने का आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ठाकुर ने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है। मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

थानों में गुंडा पंजी की बदलेगी सूरत: एसपी

फारबिसगंज (अररिया) : अररिया जिले में क्राइम का पैटर्न बदला है। जिले के थानों की गुंडा पंजी की सूरत भी बदलेगी। उक्त बातें अररिया एसपी शिवदीप लांडे ने गुरुवार को कही। उन्होंने कहा कि गुंडा पंजी में दलालों, आर्थिक अपराधियों और वैसे सफेदपोश शातिर लोगों के नाम जुड़ेंगे जो विधि व्यवस्था के लिए खतरा हैं। इससे गरीबों का शोषण भी रुकेगा। ऐसे लोगों की मासिक रिपोर्ट तैयार की जायेगी ताकि इनकी आर्थिक, आपराधिक, मुकदमेबाजी आदि पर नजर रखी जा सके। उन्होंने कहा कि दो से अधिक मुकदमों वाले दलालों का नाम गुंडा पंजी में जायेगा। एसपी ने कहा कि अररिया में गरीबी अधिक है। यहां गरीबों का शोषण भी अधिक किया जाता है। सुरक्षा गार्ड रखकर सरकारी राशि जमा नहीं करने वालों पर सर्टिफिकेट केस दर्ज किया जायेगा। उन्होंने कहा स्टेटस सिंबल के लिए कुछ व्यापारी और कांट्रैक्टर पुलिस सुरक्षा गार्ड लेते हैं।

Wednesday, July 4, 2012

फारबिसगंज के सीआई पर एक हजार का अर्थदंड


फारबिसगंज (अररिया) : भू-विवाद के एक मामले में न्यायालय सक्षम प्राधिकार सह भूमि सुधार उप समाहर्ता फारबिसगंज के द्वारा अंचल निरीक्षक फारबिसगंज केशव प्रसाद सिंह पर न्यायालय का आदेश नही मानकर कार्य में टाल-मटोल रवैया अपनाने तथा लापरवाही बरतने के आरोप में एक हजार रुपये का आर्थिक दंड लगाया गया है। जुर्माने की यह राशि अंचल निरीक्षक श्री सिंह के वेतन से कटौती का निर्देश दिया गया है। साथ हीं न्यायालय का आदेश नही मानने को लेकर अंचल निरीक्षक से स्पष्टीकरण पूछा गया है कि क्यों नहीं आपके विरुद्ध न्यायालय की अवमानना का वाद प्रारंभ किया जाय।
उक्त भू-विवाद फारबिसगंज अंचल के मझुआ मौजा से जुड़ा है। जिसमें पीडि़ता मसोमात सुगिया देवी ने 10 डीसमील जमीन पर दखल कब्जा दिलाने हेतु प्रतिवादी दामोदर बैठा के विरुद्ध समाहत्र्ता अररिया के जनता दरबार में पूर्व में फरियाद लेकर गई थी। जिसके आलोक में भूमि सुधार उप समाहत्र्ता के न्यायालय में वाद संख्या 01जी/11-12 चल रहा था। इसी मामले में पूर्णिया आयुक्त के यहां भी प्रतिवादी द्वारा स्थानीय न्यायालय के विरुद्ध अपील दायर की गयी थी। आयुक्त के द्वारा अपील को खारिज करते हुए मसोमात सुगनी पक्ष में स्थानीय न्यायालय के आदेश को विधि सम्मत एवं न्यायोचित पाया गया। स्थानीय न्यायालय ने अंचल निरीक्षण को वादी को उक्त 10 डी. जमीन पर दखल कब्जा कराने हेतु प्राधिकृत किया गया। लेकिन सीआई ने कभी पुलिस बल नही मिलने, कभी वादी का सादे पांच डी. जमीन हीं होने, कभी किसी अन्य कारणों का बहाना बनाकर न्यायालय के आदेश का पालन नही किया गया। इस दौरान न्यायालय ने इजराय हेतु दिनांक 31.3.12 पत्रांक 285 रा., दिनांक 23.5.12 पत्रांक 423 रा., दिनांक 11.6.12 पत्रांक 285 रा., दिनांक 02.07.12 पत्रांक 580 रा. को सीआई श्री सिंह को आदेश किया जाता रहा। जिसका अनुपालन नही किया गया। पुन: 10.7.12 तक दखल कब्जा दिलाने का अंतिम अवसर न्यायालय ने सीआई को दिया है।

मैजिक गाड़ी पलटी, एक दर्जन घायल

फारबिसगंज (अररिया) : पूर्णिया के जलालगढ़ स्थित कमलपुर से लौट रहे यात्रियों से भरा एक मैजिक गाड़ी बुधवार को एनएच 57 फारबिसगंज नरपतगंज मार्ग पर चकरदाहा के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। जिसमें एक दर्जन यात्री तथा राहगीर जख्मी हो गए। सभी घायलों को फारबिसगंज स्थित रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मैजिक यात्री पर सवार सभी यात्री सुपौल जिला अंतर्गत राघोपुर प्रखंड के करजाइन बाजार थाना क्षेत्र के मनसापुर गांव के रहने वाले बताये जाते हैं। घायलों में मनसापुर गांव की रंजू देवी, मंजू देवी, कुसमी देवी, पिंकी कुमारी, भोलवी देवी, प्रमोद मेहता, सीताराम मेहता, चकरदाहा गांव के उमेश दास सहित अन्य शामिल हैं। बताया जाता है कि तेज गति से जा रही यात्रियों से भरी उक्त मैजिक गाड़ी चकरदाहा के समीप साइकिल सवार को बचाने के क्रम में अचानक पलट गई। स्थानीय लोगों तथा नरपतगंज पुलिस की मदद से घायलों को इलाज हेतु लाया गया। एसआई विजय शंकर साह तथा एसआई केके झा ने अस्पताल पहुंचकर मामले की छानबीन की।

चाकू मारकर किया घायल

फारबिसगंज: थानान्तर्गत गुदरी मुहल्ला वार्ड नंबर चौदह निवासी तीस वर्षीय मो. इरशाद को मंगलवार की संध्या चाकू मारकर घायल कर दिया। घटना उस वक्त हुई जब वह अपने घर जा रहा था। घायल का इलाज अस्पताल में चल रहा है। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस तहकीकात में जुटी है।

दहेज प्रताड़ना को लेकर पति व सौतन पर प्राथमिकी

फारबिसगंज (अररिया) : दहेज उत्पीड़न के मामले में एक विवाहिता ने पति, सास, ससुर तथा सौतन के खिलाफ फारबिसगंज थाना में कोर्ट नालिस के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करायी है। थाना क्षेत्र के मटियारी निवासी केवल गोस्वामी की विवाहिता पुत्री रेखा देवी ने अपने पति पश्चिम बंगाल के मालदा जिला रतबा थानाक्षेत्र के उत्तर बालूपुर निवासी प्रदीप गोस्वामी, सास बलैया देवी, ससुर लखन गोस्वामी तथा प्रदीप की दूसरी पत्‍‌नी अलौका देवी पर दहेज के कारण प्रताड़ित करने का अरोप लगायी है। रेखा देवी ने पति, सास, ससुर पर दहेज के रूप में मोटर साइकिल मांगने तथा नही देने पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। साथ हीं आलौकी नामक युवती से दूसरी शादी रचा लेने और रेखा के जेवर एवं नकदी की चोरी कर लिए जाने का भी आरोप लगाया है।

मारपीट के आरोप में वार्ड पार्षद पर प्राथमिकी


फारबिसगंज(अररिया) : मोबाइल को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना को लेकर फारबिसगंज नगर परिषद के वार्ड संख्या 25 के वार्ड पार्षद रंजीत कुमार राय सहित आठ नामजद तथा 15 से 20 अज्ञात लोगों पर फारबिसगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। घटना रविवार की संध्या बगीचा चौक के समीप की है।
किरकिचिया निवासी श्यामसुंदर यादव के पुत्र विक्की यादव ने वार्ड पार्षद रंजीत कुमार राय, चिंटू ठाकुर, बबलू पांडेय, सीमा राय, झरोखी तिवारी उर्फ अरूण तिवारी, पंकज झा सहित 15 से 20 अज्ञात युवकों पर मारपीट का आरोप लगाया है। दर्ज कांड संख्या 232/12 के अनुसार बगीचा चौक स्थित सुरेश की चाय दुकान पर रिंकू का मोबाइल गुम हो जाने पर विक्की के साथ मारपीट की गयी।

Tuesday, July 3, 2012

भाषण प्रतियोगिता के साथ पर्यावरण पखवारा संपन्न


फारबिसगंज (अररिया) : बिहार बाल मंच, फारबिसगंज द्वारा संचालित पर्यावरण जागरूकता पखवारा का अंतिम चरण सोमवार को द्विजदेनी विद्यालय परिसर में संपन्न हो गया। जिसमें भाग लेने वाले स्कूली बच्चों को मंच के संस्थापक विनोद कुमार तिवारी की ओर से पुरस्कृत किया गया और टाफियां बांटी गई।
अंतिम चरण में बच्चों के लिए 'गंगा तेरा पानी अमृत' और 'जल ही जीवन है' विषय पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार अभिनव, सिद्धी तथा आंचल को और पर्यावरण संरक्षण विषयक कविता के लिए स्वाति कुमारी तथा आदित्य पुरस्कृत किए गए। उसी प्रकार पर्यावरण रक्षा एवं वृक्षारोपण से संबंधित स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में भी विभिन्न स्लोगन जैसे वृक्षों रक्षति रक्षित:, हरा-भरा वन सबसे बड़ा धन वृक्ष हैं औषधि के भंडार करते जन-जन का उद्धार, हरियाली है जहां- खुशहाली है वहां आदि ने प्रबुद्ध लोगों की खूब वाहवाही लूटी। इस स्लोगन प्रतियोगिता में भाग लेने वाले बच्चों को भी प्रोत्साहन पुरस्कार दिया गया।
कार्यक्रम का संचालन बाल मंच के मयंक राज, कुणाल, सचिन कुमार और मनीष ने की । मौके पर उमाकांत दास, विष्णु देव शर्मा, अरविंद ठाकुर, विनोद दास, बिहारी झा, बलराम बनर्जी, शिव नारायण चौधरी, राजनारायण प्रसाद आदि उपस्थित थे।

योजना चयन को लेकर वार्ड पार्षदों में नाराजगी


फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज नप अंतर्गत वर्ष 2012-13 की बीआरजीएफ योजनाओं के चयन को लेकर कई वार्ड पार्षदों ने नाराजगी व्यक्त की है। नाराज पार्षदों ने जिला पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, नगर विकास विभाग पटना, जिला परिषद अध्यक्ष अररिया को पत्र प्रेषित कर योजना के चयन पर सवाल उठाया है। साथ हीं स्थानीय नप कार्यालय में आवेदन देकर कार्यपालक पदाधिकारी को संशोधित सूची भेजने की मांग किया है।
इस संदर्भ में एक विज्ञप्ति जारी करते हुए नप की पूर्व अध्यक्ष सुनीता जैन और पूर्व उप मुख्य पार्षद राज कुमार अग्रवाल ने बताया है कि नियमानुसार बीआरजीएफ योजना के तहत नगर के सभी वार्डो के योजनाओं की सूची भेजा जाना चाहिए था। लेकिन कार्यपालक पदाधिकारी ने वार्ड संख्या 11, 15, 16 और 25 की योजनाएं सूची में नही भेजी और जिला में भेजी गयी सूची में सभी वार्ड को शामिल किए जाने का उल्लेख कर दिया गया। उन्होंने कार्यपालक पदाधिकारी के प्रतिवेदन को गलत बताते हुए जांच व सूची को रद्द करने की मांग की। नाराज पार्षदों ने एक स्वर में कहा है कि योजनाओं में भेद-भाव को बर्दास्त नही किया जायेगा।
प्रेषित पत्र में सुनिता जैन, राज कुमार अग्रवाल, अनूप कुमार जायसवाल, मधु देवी, धीरज पासवान, रणविजय सिंह, सप्तमी पाल और रंजीत राय के हस्ताक्षर हैं।

विमला की मौत मामले में तेज हुई पुलिस तहकीकात

फारबिसगंज (अररिया) : नाबालिग नौकरानी हत्याकांड कई तरह की जांच के दायरे में हैं। चिकित्सक के घर का सीसी टीवी कैमरा जब्त करने के बाद पुलिस ने नौकरानी विमला के वस्त्रों को भी जब्त कर लिया है। इन वस्त्रों को फारेंसिक लैब में जांच के लिए भेजा जाएगा। फारबिसगंज थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ठाकुर ने कहा कि विमला के वस्त्रों को जांच के लिये भेजा जायेगा। जिससे दुष्कर्म की संभावनाओं की जांच हो जाएगी। गौरतलब हो कि शिशु रोग विशेषज्ञ डा. आशुतोष कुमार के आवास पर पिछले करीब चार वर्ष से खैरखां गांव की 15 वर्षीय विमला नौकरानी की काम कर रही थी। 27 जून की सुबह विमला का शव डाक्टर के आवास के बगल से ही सुल्तान पोखर से बरामद किया गया था। बताया जाता है कि डा. आशुतोष कुमार 27 जून की सुबह ही सपरिवार शहर से गायब हैं। जिसके बाद से पुलिस डाक्टर उसकी पत्‍‌नी तथा कंपाउंडर को ढूंढ रही है। बताया जाता है कि 26 जून की रात डाक्टर एक पार्टी में भी शामिल हुए थे। जबकि विमला रात भर चिकित्सक के आवास से गायब थी। नौकरानी को किसने गायब किया। सुल्तान पोखर के पानी तक कैसे पहुंची? उसकी कथित हत्या किस प्रकार अंजाम दिया गया? कुछ सवाल है जो पुलिस की जांच का केंद्र बिंदु है। विमला हत्याकांड को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं। विमला के परिजनों के अनुसार चिकित्सक के घर पर विमला की पिटायी भी की जाती थी। आखिर ऐसी क्या वजह थी कि विमला डाक्टर के घर शोषण का शिकार हो रही थी। सीसी टीवी फुटेज की जांच से भी महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने की पुलिस को उम्मीद है।

साढ़ू के घर से मिला गायब युवक का शव


फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसबगंज थाना क्षेत्र के हरिपुर गांव में सोमवार को गांव के ही 25 वर्षीय विवाहित युवक का शव उसके पड़ोस में ही स्थित साढ़ू के निर्माणाधीन घर से संदेहास्पद स्थिति बरामद किया गया। लक्ष्मण मेहता का पुत्र संतोष मेहता पिछले चार दिनों से गायब था।
सोमवार को संतोष के पड़ोसी साढ़ू तारा चन्द्र मेहता क घर से दुर्गध आने पर ग्रामीणों ने जांच पड़ताल की तो घर के एक कमरे में संतोष का शव पाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अररिया भेज दिया है। संतोष का विवाह बीते 21 अप्रैल को रूपा नामक लड़की से हुआ था। शनिवार से ही संतोष की मां बेटे को खोज रही थी। घटनास्थल पर जांच करने पहुंचे एसआई राजन कुमार ने बताया कि शुक्रवार को संतोष तथा ताराचंद की पत्‍‌नी एक साथ किसी शादी समारोह में गयी थी। संतोष के घर में सिर्फ मां थी जबकि उसका पिता दूसरी शादी कर रानीगंज में रह रहा है। ताराचंद मेहता भी दो-तीन दिनों से घर में नहीं था। लेकिन उसकी मां घर में रह रही थी। रविवार की सुबह दोनों की पत्‍ि‌नयां घर लौटी। जिसके बाद संतोष मेहता की खोजबीन शुरू हुयी। लेकिन ताराचंद मेहता के घर से उस कमरे में किसी का ध्यान नहीं गया जहां संतोष का शव पड़ा हुआ था। बाद में सोमवार को ताराचंद के घर से दुर्गध आने पर छानबीन हुई तो बरामदे के कमरे से संतोष का शव पाया गया। परिजनों के अनुसार संतोष पिछले कुछ समय से अल्सर की बीमारी से पीड़ित था। परिजन इसे बीमारी से मौत मान रहे है। हालांकि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस ने ताराचंद, उसकी मां सहित पत्‍‌नी एवं अन्य लोगों से पूछताछ की है। संतोष की मां जुगनी देवी, पत्‍‌नी रूपा रो-रोकर हाल बुरा है। घर में सन्नाटा पसरा हुआ है।

Monday, July 2, 2012

जदयू की बैठक चार को

फारबिसगंज: आगामी चार जुलाई को जदयू जिला कार्यकारिणी की बैठक पार्टी महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष सविता सिंह के जिला मुख्यालय अररिया स्थित आवास पर आहूत की गयी है। जदयू जिला प्रवक्ता पवन मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में सदस्यता सह वृक्षारोपण अभियान की समीक्षा की जायेगी।

Sunday, July 1, 2012

नौकरानी की मौत मामले में पुलिस ने जब्त किया सीसीटीवी कैमरा


फारबिसगंज(अररिया) : चिकित्सक के नाबालिग नौकरानी की कथित हत्या मामले में पुलिस ने चिकित्सक के आवास पर रविवार को छापेमारी कर वहां लगे सीसीटीवी कैमरा को निकाल कर ले गयी। इससे पहले थानाध्यक्ष सुबोध ठाकुर के नेतृत्व में रेफरल अस्पताल रोड स्थित शिशु रोग चिकित्सक डा. आशुतोष कुमार के क्लिनिक में एक बार फिर छापेमारी की। हालांकि अब तक न तो चिकित्सक व उनकी पत्‍‌नी और न ही वीरेन्द्र ही पुलिस के हाथ लगा है। चिकित्सक की नौकरानी विमला कुमारी का शव 27 जून की सुबह डाक्टर के आवास के समीप सुल्तान पोखर से बरामद किया गया था।
इधर चिकित्सक के आवास पर लगे सीसीटीवी कैमरा से नाबालिग नौकरानी की कथित छाया के रहस्य को पुलिस सुलझाने का प्रयास शुरू कर दी है। मामले के अनुसंधानक राजन कुमार ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे में कैद वीडीओ क्लिपिंग को खंगालने का प्रयास किया जायेगा। इसके लिए विशेषज्ञ को बुलाया जायेगा। शीघ्र ही नये तथ्य सामने आयेंगे। इधर विमला की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी मौत पानी में डूबने से होने की बात सामने आयी है। हालांकि यह अभी भी रहस्य बना हुआ है कि विमला आखिर पोखर तक कैसे पहुंची क्या उसे पानी में डुबाया गया था या फिर चिकित्सक के यहां मारपीट एवं प्रताड़ना से आकर उसने आत्म हत्या कर ली। इन सवालों को खोजना पुलिस के लिए चुनौती बनी है।

बारिश नही होने से किसान परेशान

फारबिसगंज (अररिया) : समय पर अब तक बारिश नही होने से किसानों की चिंता बढ़ती जा रही है। जुलाई महीना आरंभ हो गया है, लेकिन खेतों में धान के बिचड़े बहुत कम हीं दिख रहा है। जो बिचड़े किसानों द्वारा थोड़ी-बहुत लगायी गयी थी वह भी सूखता जा रहा है। अब समय पर धान की रोपाई को लेकर भी आशंका बनी है। बारिश बेहद कम होने से खेतों में नमी नही है, खेतों में पानी के नही रहने से इस बार फसल प्रभावित होने की संभावना है। किसान लखन लाल राय, गोपी कांत झा, तुराय मंडल, भूप नारायण मंडल, कृष्ण मोहन यादव, अब्दुल मजीर सहित कई किसानों ने कहा कि बारिश बेहद कम होने के कारण खेतों में पानी नही है। ऐसे में समय पर फसल की रोपनी की संभावना कम ही जिसका बुरा प्रभाव फसल के उपज तथा लागत पर पड़ेगा। इससे किसानों की ही परेशानी बढ़ी है।