Monday, December 27, 2010

देश व मजहब के लिए खतरनाक है कट्टरपंथ : जाकिर


जोगबनी(अररिया) : कट्टरपंथ किसी भी देश एवं मजहब के लिए खतरनाक है। ऐसे लोगो का सामाजिक बहिष्कार होना चाहिए। चाहे वे किसी जाति व मजहब के हो तब जाकर समता मूलक समाज की स्थापना होगी। यह बातें लोजपा विधायक जाकिर अनवर ने शनिवार को जोगबनी बस पड़ाव में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में कही। उन्होंने कहा कि बिहार पुराने बंधन से टूट रहा है। हम लोगों की भी शुभकामना है कि वर्तमान सरकार सूबे में खुशहाली लाये और विकास हो। लेकिन वर्तमान सरकार में अफसरशाही का बोलबाला है। यहां भ्रष्टाचार चरम पर है। वहीं लोगों को खुलकर बोलने की इजाजत नहीं है। जबकि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि समता मूलक समाज की स्थापना का मेरा प्रयास शुरू से रहा है। यही कारण है कि सभी को चाहे वो किसी मजहब का हो साथ लेकर चलने का प्रयास रहा है। इस मौके पर फारबिसगंज के पूर्व विधायक सह लोजपा नेता मायानंद ठाकुर ने कहा कि जोगबनी की धरती ने जहां इनके अलावा एक बेटी देवयंती को विधायक बनाया है वहीं फारबिसगंज की धरती ने चार लाल को विधानसभा भेजकर इतिहास रचा है। समारोह की अध्यक्षता नगर लोजपा अध्यक्ष रामसेवक मिस्त्री ने की। मंच संचालन शंकर गुप्ता ने किया। मौके पर राजद के नगर अध्यक्ष रामउदगार यादव, निमाय भौमिक, लोजपा के रामा साह, फिरोज अंसारी, खुर्शीद खान, अनवर राज, मो. वाहिद आदि उपस्थित थे।

0 comments:

Post a Comment