Saturday, January 1, 2011

आदिल हत्या कांड का उद्भेदन, एक गिरफ्तार

अररिया/पलासी : पलासी प्रखंड के डेहटी निवासी मनमून उर्फ ममनू मोटर सायकिल लूटेरा से हत्यारा बन गया। यह खुलासा शुाक्रवार को गिरफ्तार मनमून ने स्वयं पुलिस कप्तान के समक्ष किया है। मनमून ने एसपी के समक्ष स्वीकार किया कि पलासी के डेहटी में गत 26 अगस्त को आदिल नामक युवक की हत्या में वह शामिल था। उसने स्वीकार किया कि हत्या में पांच और अन्य लोग शामिल थे। उन्होंने एसपी के समक्ष यह भी बताया कि इसके लिए उसे दस हजार बतौर मेहनताना मिला था। उन्होंने बताया कि आदिल का संबंध अपने ही ममेरी बहन से हो गया था जिससे वह मोबाइल से घंटों बातें करता था। जब इसकी जानकारी उनके बहनोई को मिली तो वह उनसे संपर्क कर आदिल की हत्या की योजना बनायी थी। इधर पुलिस कप्तान विनोद कुमार ने बताया कि गिरफ्तार मनमून खासकर मोटर सायकिल लूटने का काम करता है। इसकी जानकारी पुलिस को उस समय लगी जब नगर थाना पुलिस ने मदनपुर ओपी क्षेत्र के चांद भाग से मो. मुंतजीर आलम को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार मुंतजीर ने पुलिस के समक्ष स्वीकार किया था कि उनके गिरोह में कई लोग शामिल हैं। जिनमें मनमून भी एक है। तब से पुलिस की नजर उस पर लगी थी। पुलिस के समक्ष गिरफ्तार मनमून ने कई मोटर सायकिल चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की हैे। गत चार दिन पूर्व भी ईस्लाम नगर स्थित एक शादी के आयोजन से मोटर सायकिल चोरी करने की बात उन्होंने पुलिस के समक्ष स्वीकार की है। वहीं डीएसपी मो. कासिम ने बताया कि इस्लामनगर से हुई गाड़ी चोरी के बाद पुलिस उसके पीछे लगी थी। काफी मशक्कत के बाद पलासी थानाध्यक्ष ने गुरुवार की रात उसे दबोचने में सफलता पायी। मौके पर थानाध्यक्ष राम शंकर सिंह व पलासी थानाध्यक्ष समेत कई पुलिसकर्मी मौजूद थे।
पलासी से निसं के अनुसार पलासी थाना पुलिस ने डेहटी गांव के अपराधी मो. ममनून को गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार को डेहटी गांव से गिरफ्तार किया है। इस क्रम में पलासी थाना पुलिस ने चोरी की एक होंडा शाईन मोटरसाइकिल भी बरामद किया है। पलासी थानाध्यक्ष आरबी सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी मो. ममनून पूर्णिया जिले के फरियानी गांव के कुख्यात अपराधी मो. शहनवाज गैंग का सक्रिय सदस्य है। साथ ही उसने अररिया के करीब एक दर्जन विभिन्न कांडों में अपनी संलिप्तता स्वीकारी है।

0 comments:

Post a Comment