Monday, December 27, 2010
विरोधी रच रहे मेरी हत्या की साजिश : विधायक
फारबिसगंज(अररिया) : अररिया के नव निर्वाचित विधायक सह लोजपा के राष्ट्रीय महासचिव जाकिर अनवर ने अपनी जान पर खतरा बताते हुए विरोधियों पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। विधायक ने नेपाली माओवादी तथा राजनीतिक विरोधियों के गठजोड़ से अपनी जान को खतरा बताया है। फारबिसगंज में सोमवार को एक प्रेस वार्ता में विधायक ने यह बातें कही। वे कुछ न्यूज चैनलों पर उनके नागरिक अभिनंदन के दौरान राइफल से गोली चलने की खबर पर प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने टीवी चैनल पर दिखाये जा रहे फुटेज को भ्रामक बताया। उन्होंने कहा कि विरोधी भीड़ के बहाने मेरी हत्या की साजिश रच रहे हैं जिसकी सीआईडी से जांच होनी चाहिए। चैनलों पर विधायक के गृह नगर जोगबनी में नागरिक अभिनंदन समारोह के दौरान गोली चलाने की खबर दिखायी गयी थी। वहीं उन्होंने कुर्साकाटा के बटराहा कांड में एसएसबी द्वारा मृतकों के परिजनों को आईएसआई घोषित किये जाने को भ्रम फैलाने वाली बात बताया। उन्होंने कहा कि बिहार में विभिन्न भाषा बोलने वाले लोग कहीं भी रह सकते हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने मृतक के परिजनों को सरकार द्वारा अब तक कबीर अंत्येष्टि का लाभ नहीं दिये जाने पर दुख व्यक्त किया। कहा कि पूरे मामले को मानवाधिकार आयोग में ले जाया जाये। इस दौरान लोजपा के फारबिसगंज नगर अध्यक्ष मनोज साह, पूर्व प्रमुख साबिर अंसारी, प्रयाग पासवान, मो. इरफान आदि उपस्थित थे।
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
0 comments:
Post a Comment