Tuesday, November 8, 2011

शहरीकरण की गति तेज होने से ट्रैफिक बदहाल


कुर्साकांटा (अररिया) : जिला मुख्यालय सहित प्रखंड मुख्यालय में शहरीकरण की रफ्तार बेहद तेज गति से बढ़ती जा रही है। इसका सीधा असर ट्रैफिक व्यवस्था पर पड़ रहा है। बाजार में ट्रैफिक व्यवस्था बदहाल होती जा रही है। परंतु प्रशासन द्वारा ट्रैफिक नियंत्रण के लिए कोई समुचित पहल नहीं की जा रही है। ट्रैफिक पोस्टों का निर्माण बढ़ते भीड़ को देखते हुए आवश्यक प्रतीक होने लगा है।
कुर्साकांटा प्रखंड मुख्यालय, जहां कल तक इक्का दुक्का छोटी गाड़ियों जिला मुख्यालय तक जाती थी वहां अब अररिया, पूर्णिया, किशनगंज, फारबिसगंज और पटना तक के लिए गाड़ियां खुलती है। खासकर कमर्शियल गतिविधियों को लेकर यहां यातायात का संचालन काफी बढ़ चुका है। सड़क दुर्घटना एवं अपराध दृष्टिकोण से भी ट्रैफिक को सुचारु बनाने की जरूरत बढ़ गयी है। प्रखंड मुख्यालय जाने वाली सड़क में हाट बैंक, अस्पताल आदि को लेकर अक्सर जाम की समस्या बनी रहती है। इस समस्या को दूर करने के लिए ट्रैफिक पोस्ट का निर्माण आवश्यक है। खासकर जहां नगर क्षेत्र नहीं है लेकिन कमर्शियल गतिविधि तेज हो गयी है वहां पुलिस प्रशासन को यातायात संचालन हेतु प्रतिनियोजित करना लिहाजा हर कोई महसूस कर रहा है। गाड़ी को पार्किंग नही कर सड़क पर खड़ी कर खरीददारी करना रात में बेलगाम गति से वाहन चलाना आम बातें हो गयी है। स्थानीय व्यवसायी प्रणव गुप्ता, योगेन्द्र प्र. योगी, मुखिया मुस्ताक अली, रंजित गुप्ता आदि ने बताया कि बढ़ते शहरीकरण, बढ़ती आबादी, गाड़ियों की संख्या में बेताहासा ईजाफा का सीधा असर ट्रैफिक व्यवस्था पर पड़ने लगा है।

0 comments:

Post a Comment