Wednesday, November 9, 2011

फेल हो गया है अर्थशास्त्री पीएम का अर्थशास्त्र: शहनवाज


फारबिसगंज(अररिया) : सांसद सह भाजपा के वरिष्ठ नेता सैयद शहनवाज हुसैन मंगलवार की देर संध्या नप के पूर्व अध्यक्ष अरविंद यादव के आवास पर पहुंचकर शोक संतप्त परिवार से मिले तथा उन्हें संकट की इस घड़ी में ढाढस बंधाया। उन्होंने श्री यादव की पत्‍‌नी फारबिसगंज नप की मुख्य पार्षद वीणा देवी को धैर्य तथा मनोबल बनाये रखने की सलाह दी। उन्होंने उनके पुत्र व पुत्रियों के उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि अरविंद यादव एक कर्मठ कार्यकर्ता और लोकप्रिय नेता थे। उनकी कमी पार्टी को हमेशा महसूस होती रहेगी।
बाद में पत्रकारों से वार्ता के क्रम में श्री हुसैन ने बढ़ती महंगाई, पेट्रोलियम की कीमत और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर केंद्र सरकार की कड़े शब्दों में आलोचना की। कहा कि इस मुद्दे पर अर्थशास्त्री पीएम का अर्थशास्त्र फेल है। उन्होंने कहा कि टू-जी स्पेक्ट्रम मामले में न्यायालय के राय का इंतजार किये बगैर ही पी चिदंबरम को इस्तीफा दे देना चाहिए, क्योंकि इस मामले में ए. राजा की तरह वे भी समान रूप से दोषी हैं। श्री हुसैन ने कहा कि अन्ना हजारे समेत जो भी भ्रष्टाचार का विरोध और कालेधन की वापसी की मांग करते हैं वे राष्ट्रभक्त हैं।
मौके पर उनके साथ सांसद प्रदीप सिंह, सिकटी विधायक आनंदी यादव और नरपतगंज देवयंती देवी, पूर्व विधायक लक्ष्मीनारायण मेहता, भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अरशद रजा, मो. नसीमुद्दीन, प्रदीप कन्नौजिया, उप मुख्य पार्षद राजकुमार अग्रवाल, वार्ड पार्षद रीता गुप्ता, गणेश राम, अशोक मंडल, मो. अबुल, युवा जदयू जिलाध्यक्ष रमेश सिंह, मोती खान, संजय कुमार, विद्यासागर केसरी, डान, मनोज भगत, मो. शमीम, मनोज सिंह आदि उपस्थित थे।

0 comments:

Post a Comment