Saturday, November 12, 2011

भू-विवाद मामलों को शीघ्र सुलझाया जायेगा:अमित


अररिया : पूर्णिया प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक अमित कुमार ने कहा है कि इलाके में भू विवाद से जुड़े मामलों को युद्धस्तर पर निबटाया जायेगा। सिमराहा के भूमि विवाद मामले का निरीक्षण करने के बाद वे शुक्रवार को अररिया थाना परिसर में मीडिया कर्मियों से रुबरू थे। इस अवसर पर एसपी गरिमा मल्लिक भी मौजूद थी।
डीआइजी ने कहा कि उन्होंने सिमराहा कांड का मौके पर मुआयना कर वस्तुस्थिति की जानकारी ली तथा कनीय अधिकारियों को कई निर्देश दिये।
उन्होंने कहा कि अब त्यौहारों का सीजन समाप्त हो गया है तथा धान की कटनी व रबी की बुआई चालू हो रही है। लिहाजा भूमि विवाद की घटनाएं सामने आ सकती हैं। बैठक में पुलिस अधिकारियों के साथ इस बीच की रणनीति पर विचार विमर्श किया गया तथा कांडों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिये गये।
उन्होंने कहा कि जिले में इंदिरा आवास से जुड़ी ठगी के मामले बड़ी संख्या में प्रतिवेदित हुए हैं। इनमें से अधिकांश का अनुसंधान कर फाइनल चार्जशीट दाखिल कर दी गयी है। अब केवल 47 मामले लंबित हैं। वहीं, डेहटी पैक्स से जुड़े कुल 27 मामलों में भी तेजी के साथ अनुसंधान व अभ्युक्तिकरण कार्य पूरा किया जा रहा है। अधिकारियों को इस कैलेंडर इयर में सारे लंबित मामलों के निष्पादन का आदेश दिया गया है।
डीआइजी ने कहा कि इस बीच घोटालों पर अंकुश लगा है तथा संगठित रूप से राशि गबन करने के मामलों में कमी आई है।

0 comments:

Post a Comment