Tuesday, November 23, 2010

चीन निर्मित खतरनाक खिलौना पहुंचा बच्चों के हाथ

फारबिसगंज(अररिया),जासं: अब चीन निर्मित खतरनाक जानलेवा खिलौना बंदूक भारतीय बाजारों में पहुंच गया है। इस बंदूक से निकली गोली दस मीटर की दूरी पर जाकर विस्फोट करता है जो जानलेवा हो सकता है। कहीं साजिश के तहत इसे बच्चों के हाथों में तो नहीं थमाया जा रहा है। चीन निर्मित खिलौनों में गुडडा गुड़िया, बार्बी डाल और साधारण बंदूके ही अब तक भारतीय बच्चों के हाथों में हुआ करता था। लेकिन अब बच्चों के पास चीन निर्मित खतरनाक खिलौने पहुंचने लगे हैं। नौनिहालों के हाथों जानलेवा खिलौना बंदूक लग गया है। जिसमें बारूद भरी गोली लगायी जाती है। फायर करने के बाद काफी तेजी से करीब दस मीटर की दूरी पर जाकर यह पटाखे की तरह विस्फोट करता है जो अगर किसी व्यक्ति को लग जाय तो यह उसे बुरी तरह घायल हो सकता है तथा जान भी जा सकती है। यदि किसी बच्चे को लग जाये तो..।
छोटे आकार की इस चीन निर्मित पिस्तौल में आठ राउंड की एक चकरी लगायी जाती है। ट्रेगर के प्रहार से नाल में एक एक कर डाली गयी लंबे आकार की गोली काफी तीव्र गति से निकलती है तथा ब्लास्ट कर जाती है। कभी कभी तो यह बंदूक में ही यह विस्फोट कर जाता है। जिससे चलाने वाले बच्चे भी जख्मी भी हो जाते हैं। लेकिन खतरों से अनजान बच्चे इस जानलेवा खिलौना से खेलने से परहेज नहीं कर रहे हैं। अभिभावक भी बच्चों के साथ इस खतरनाक खिलौना का मजा लेते हैं। एक अभिभावक ने बताया कि यह खिलौना खतरनाक तो है पर मजेदार है। बाजार में सौ से सवा सौ रूपये की कीमत पर बिक रहा है।
भारत की होली दीवाली और तीज त्योहार पर पहले ही चीन निर्मित सामानों की धमक हो चुकी है। रंग गुलाल से लेकर बल्ब, मोबाइल, खिलौने, कपड़े, श्रृंगार के सामान, टार्च जैसी रोजमर्रा की चीजों पर चीन निर्मित सामान ने मजबूत पकड़ बना ली है। भारतीय अर्थव्यवस्था को दीमक की तरह चाट जाने की चीन की योजना खतरनाक दिशा में बढ़ रही है। भारतीय परंपराओं में अपनी जगह बनाती जा रही चीनी सामान अब बच्चों पर भी गहरी छाप छोड़ने लगी है। सिंथेटिक पदार्थ से बने पहले के चीनी खिलौना भी बच्चों के सेहत पर बुरा प्रभाव छोड़ रहा है। खिलौनों की दुनियां में नयी तकनीक के चीनी खिलौने भी बच्चों के बीच आकर्षण का केंद्र बन रहा है। सस्ते दामों में मिलने वाली चीनी खिलौनों ने भारतीय खिलौनों की चाबी गुम कर दी है। बाजार में अधिकांश दुकानों पर चीन निर्मित खिलौनों की ढेर पड़ी हुई है। नये और जानलेवा हो सकने वाले खिलौना चीनी पिस्तौल बच्चों के लिए खतरनाक तो है ही इसके जद में आने वाले भी खतरों से बाहर नहीं हैI

0 comments:

Post a Comment