Sunday, November 14, 2010

उदयीमान सूर्य को अ‌र्घ्य देने के साथ ही छठ महापर्व संपन्न

फारबिसगंज/रेणुग्राम/जोगबनी/जोकीहाट/पलासी/नरपतगंज/सिकटी/कुसियारगांव, जाटी : उदयीमान सूर्य को अ‌र्घ्य अर्पण के साथ ही लोक आस्था का महापर्व छठ फारबिसगंज नगर सहित पूरे अनुमंडल में भक्ति पूर्ण व शांतिपूर्ण माहौल में शनिवार को संपन्न हो गया। आस्था के प्रतीक छठ पर्व को लेकर फारबिसगंज नगर स्थित कोठीहाट नहर, सुल्तान पोखर, अलख बाबू का तालाब, सीताधार, कालेज नहर सहित अन्य जलाशयों पर चकाचौंध रोशनी की व्यवस्था विभिन्न समितियों द्वारा की गयी थी। सैकड़ों छठ व्रतियों ने भगवान भास्कर को अ‌र्घ्य अर्पण कर मनोवांछित फल की कामना की। कई छठ घाटों पर भगवान सूर्य देव की आकर्षक प्रतिमा भी विभिन्न पूजा समितियों द्वारा स्थापित किया गया था, जो आकर्षण का केन्द्र बने हुए थे। स्काउट गाइड के बच्चों ने कोठी हाट नहर पर भीड़ को नियंत्रित करते देखे गये। वहीं रोनियार सेवा संघ, कांवरिया सेवा संघ, हरिहर गौशाला आदि द्वारा मुफ्त दूध का वितरण अ‌र्घ्य के लिए किया गया।
रेणुग्राम से जाप्र के अनुसार पारंपरिक रूप से शनिवार को भक्तिमय वातावरण में छठ महापर्व संपन्न हो गया। इस मौके पर घोड़ाघाट, सिमराहा, खवासपुर, मानिकपुर, हिंगना, अम्हारा, समौल, रमई, मझुआ, ठीलामोहन, लहसनगंज, हलहलिया सहित कई गांवों में लोगों ने भगवान भास्कर को अ‌र्घ्य दिया।
नरपतगंज से निसं के अनुसार छठ का महापर्व प्रखंड के विभिन्न स्थानों पर धूमधाम से मनाया गया। नरपतगंज शिव मंदिर, 14 आरडी जेबीसी नहर, सुरसर नदी, गेरूआ धार, पलासी नहर आदि स्थानों पर व्रतियों ने भगवान भास्कर को अ‌र्घ्य दिया।
सिकटी से निसं के अनुसार प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में छठ पर्व हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया। छठ के मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी व थानाध्यक्ष विभिन्न घाटों का निरीक्षण करते देखे गए।
जोगबनी से निप्र के अनुसार भारत नेपाल के सीमावर्ती इलाकों में छठ पर्व हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया। छठ व्रतियों ने नेता चौक स्थित पोखर, कैसले एवं नेपाल स्थित मंटा पोखर में लोगों ने भगवान भास्कर को अ‌र्घ्य दिया।
जोकीहाट से निप्र के अनुसार सूर्योपासना का महापर्व छठ प्रखंड क्षेत्र में श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मनाया गया। शनिवार की सुबह के अ‌र्घ्य के साथ ही पर्व समाप्त हो गया। प्रखंड के जोकीहाट बाजार, चकई, केसर्रा, गैरकी, महलगांव, काकन, तारण, सिमरिया, बागनगर, बारा इस्तम्बरार आदि गांवों से छठ पर्व मनाने की खबर है। प्रखंड के सभी घाटों एवं तालाबों में श्रद्धालुओं खासकर महिलाओं की काफी भीड़ देखी गयी।
पलासीसे निसं के मुताबिक प्रखंड क्षेत्र में सूर्य उपासना का पर्व छठ शनिवार को श्रद्धा पूर्वक उगते सूर्य को अ‌र्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया। इस अवसर पर प्रखंड मुख्यालय सहित कोढैली, मालद्वार, पिपरा कोठी, सोहंदर, कलियागंज आदि गांव के विभिन्न जलाशयों में छठ व्रतियों ने शुक्रवार को जहां डूबते सूर्य को अ‌र्घ्य दिया वहीं शनिवार के प्रात: उगते हुए सूर्य को अ‌र्घ्य देकर उपासना पूरी की।
कुसियारगांव संसू के अनुसार: प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों मं छठ पर्व धूमधाम से मनायी गयी। वहीं एबीसी नहर में पानी नहीं रहने के कारण लोगों ने दरवाजे पर पोखरनुमा गढ्ढा खोदकर पर्व मनाया। वहीं गैयारी के समिति सदस्य संजीव कुमार यादव ने गोपनगर व गैयारी मुसहरी टोला के लोगों के लिए नहर में इंजन से पानी व जेनरेटर का सुविधा उपलब्ध करायी।
फारबिसगंज हप्र के अनुसार: लोक आस्था का महा पर्व छठ शनिवार प्रात:काल उदीयमान सूर्य को अ‌र्घ्य देने के साथ फारबिसगंज तथा आसपास के क्षेत्र में शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। इससे पूर्व छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं द्वारा शुक्रवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को पारंपरिक श्रद्धा और भक्ति के साथ अ‌र्घ्य देते हुए नमन किया गया।
कुर्साकांटा निसं के अनुसार: आस्था का पवित्र महापर्व शनिवार को सूर्योदय काल में सूर्य को पवित्र अ‌र्घ्य देने के साथ संपन्न हुआ। अस्पताल रोड स्थित सरकारी तालाब एवं शर्मा जी के तालाब में सैकड़ों छठ व्रतियों ने जल में खड़ा होकर सूर्य को अ‌र्घ्य दिया। इस अवसर पर बच्चों ने खूब पटाखे फोड़े।

0 comments:

Post a Comment