Wednesday, November 3, 2010

सशस्त्र अपराधियों ने महादलित परिवारों को लूटा, दो को गोली मारी

अररिया। चुनाव के बाद क्षेत्र में अपराधियों का तांडव शुरू हो गया है। नरपतगंज थाना क्षेत्र के फरही गांव में मंगलवार की अ‌र्द्ध रात्रि को दो दर्जन से अधिक सशस्त्र अपराधियों ने पांच महादलित परिवारों के घर धावा बोलकर मवेशी, नकदी व जेवर सहित करीब एक लाख से अधिक की संपत्ति लूट ली। विरोध करने पर अपराधियों ने दो गृहस्वामियों को गोली भी मार दी जिससे वे गंभीर रूप से जख्मी हो गये। दोनों को नरपतगंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है जिसमें एक को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। अपराधियों ने महिलाओं के साथ छेड़खानी का भी प्रयास किया। अपराधियों ने जाते-जाते दहशत पैदा करने के लिए सात चक्र गोलियां भी चलायी। घटना की जानकारी मिलते ही फारबिसगंज के डीएसपी शिव कुमार झा एवं नरपतगंज पुलिस अपराधियों की धर पकड़ के लिए जगह-जगह छापामारी कर रहे है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रात को करीब 11 बजे के बाद 30-35 की संख्या में सशस्त्र अपराधियों ने फरही गांव को घेर लिया तथा लूटपाट शुरू कर दी। अपराधियों ने गृह स्वामी रसिक लाल ऋषिदेव, सत्य ना. ऋषिदेव, मदन ऋषिदेव, लक्ष्मी ऋषिदेव एवं सदानंद ऋषिदेव को अपने कब्जे में लेकर उनके घरों की तलाशी लेनी शुरू की। इस दौरान उन लोगों ने परिजनों के साथ मारपीट व छेड़खानी भी की। अपराधियों ने महिलाओं के जेवरात, मोबाइल एवं नगदी वगैरह लूट लिए। इस बीच हो हल्ला होने पर ग्रामीण वहां इकट्ठा होने लगे। ग्रामीणों को जमा होते देख अपराधियों ने हवाई फायरिंग शुरू कर दी। अपराधी द्वारा चलायी गयी गोली से दो गृहस्वामी गंभीर रूप से जख्मी हो गये। जिसमें एक गोली पचास वर्षीय रसिक लाल ऋषिदेव के सीने में तथा दूसरी गोली सत्य नारायण के पांव में लगी। इस बीच अफरा-तफरी फैल गई और मौके का फायदा उठाते हुए सभी अपराधी फरार हो गये। जाते-जाते अपराधी गृहस्वामियों के सात रास मवेशी भी लेकर चले गये। दोनों जख्मियों को नरपतगंज रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिसमें एक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रेफर कर दिया गया है। पुलिस घटना स्थल पर पहुंचकर छापामारी अभियान शुरू कर दी है।

0 comments:

Post a Comment