Saturday, December 24, 2011

पशु चिकित्सक के वेतन पर डीएम ने लगायी रोक


सिकटी(अररिया) : प्रखंड क्षेत्र में संचालित विभिन्न योजनाओं का निरीक्षण जिला पदाधिकारी एम सरवणन ने शुक्रवार को किया। साथ ही उन्होंने जनवितरण प्रणाली दुकानों के निरीक्षण के लिए अलग अलग अधिकारियों के नेतृत्व में टीम भी गठित की है। डीएम श्री सरवणन के शुक्रवार को प्रखंड मुख्यालय पहुंचने पर कर्मियों में हड़कंप मच गया। उन्होंने प्रखंड मुख्यालय में सीमा क्षेत्र विकास योजना अंतर्गत बन रहे सभा भवन का निरीक्षण किया तथा वहां घटिया सामग्री इस्तेमाल किये जाने पर अधिकारियों को फटकार लगायी। जिलाधिकारी ने बीडीओ को निर्देश दिया कि इसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करें। यह भवन तीन लाख की लागत से बन रहा है। वहीं प्रखंड मुख्यालय में 60 लाख की लागत से बन रहे किसान भवन का भी उन्होंने निरीक्षण किया तथा बीडीओ को देखरेख करने का निर्देश दिया। उन्होंने एसडीओ डा. विनोद कुमार को भी निर्माण कार्यो का निरीक्षण करने का निर्देश दिया। वे पशु चिकित्सालय भी पहुंचे तथा चिकित्सक की अनुपस्थित पर उनके वेतन पर रोक लगाने का निर्देश दिया। श्री सरवणन ने पीएचसी का भी औचक निरीक्षण किया। वहां उन्होंने जेनरिक स्टोर का सेल रजिस्टर भी देखा। लोगों ने उनसे वहां महिला डाक्टर दिये जाने की मांग भी की। इस पर डीएम ने कहा कि जिला में मात्र 56 तथा चार महिला डाक्टर हैं। उन्होंने जन वितरण व्यवस्था की भी समीक्षा की तथा निरीक्षण के लिए टीम का गठन किया। गठित टीम में आमगाछी, मजरख व मुरारीपुर पंचायत का निरीक्षण वरीय उप समाहर्ता संजय कुमार के जिम्मे तथा भिड़भिड़ी, बरदाहा व बोकंतरी पंचायत के निरीक्षक डीसीएलआर तौकीर अकरम को बनाया गया। जबकि डेढुआ, बेंगा, कौआकोह का निरीक्षक वरीय उपसमाहर्ता अब्दुल कयूम को बनाया गया। खोरागाछ, पड़रिया, दहगामा व कुचहा के निरीक्षक वरीय उपसमाहर्ता बुद्ध प्रकाश को बनाया गया।
इस अवसर पर एसडीओ डा. विनोद कुमार, डीसीएलआर तौकीर अकरम, बीडीओ केके सिन्हा, सीओ एसके पांडेय आदि मौजूद थे।

0 comments:

Post a Comment