Wednesday, March 16, 2011

बारात लदी ट्रैक्टर पलटा, दो की मौत एक दर्जन घायल


फारबिसगंज(अररिया) : अररिया-फारबिसगंज मार्ग पर फारबिसगंज के पास स्थित पाइप फैक्ट्री के समीप एनएच 57 पर बुधवार को बारातियों से भरे एक ट्रैक्टर के पलट जाने से उस पर सवार दो लोगों की मौत हो गयी। जबकि करीब एक दर्जन बाराती जख्मी हैं। घायलों को फारबिसगंज रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में नरपतगंज थाना क्षेत्र के कन्हैली ख्वाबदह गांव निवासी अरूण राम का पुत्र विकास कुमार राम(22 वर्ष) तथा सिमरबन्नी बरियारपुर गांव निवासी चन्नु राम का पुत्र विजय कुमार राम (20 वर्ष)शामिल है। दोनों नरपतगंज के सुबोध ब्रास बैंड पार्टी के सदस्य थे। फारबिसगंज थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण के लिए अररिया भेज दिया है। बारात अररिया के रामपुर गांव से शादी के बाद वापस नरपतगंज लौट रही थी।
जानकारी अनुसार नरपतगंज थाना क्षेत्र के दरगाही गंज निवासी दौरी पासवान के बेटे की बारात मंगलवार की रात अररिया थाना क्षेत्र के रामपुर गांव आयी थी। शादी के बाद बुधवार को बारात नरपतगंज के लिए रवाना हुई। बारात पार्टी के अन्य वाहन आगे निकल गये लेकिन ट्रैक्टर ट्रेलर पर सवार कुछ बाराती और बैंड पार्टी के सदस्य पीछे छूट गये थे। तेज रफ्तार ट्रैक्टर करीब एक बजे जब फारबिसगंज के पोल फैक्टरी के पास पहुंचा तो फोरलेन सड़क पर अचानक अनियंत्रित हो कर पलट गया। तेज रफ्तार होने के कारण दुर्घटना के बाद भी गाड़ी और उस पर सवार कुछ लोग भी काफी दूर तक घसीटते चले गये। इसी क्रम में गाड़ी के चपेट में आने से विकास नामक युवक की मौत मौके पर ही हो गयी। जबकि विजय नामक युवक की मौत रेफरल अस्पताल ले जाने के क्रम में हो गयी। दुर्घटना में करीब एक दर्जन बैंड पार्टी सदस्य व बारात घायल हैं। घायलों में रेवाही गांव निवासी सचिन कुमार (15), बरियारपुर निवासी जितेन्द्र कुमार (18), जितेन्द्र, विजेन्द्र (18), कन्हैली गांव के रमेश राम (40), भवेश राम (20), आमोद राम (22) व कुमोद राम (25) वर्ष आदि शामिल है। घायलों का इलाज अभी चल रहा है। उधर, घटना के बाद शादी वाले घर में आनंद की जगह मातम छाया है।

0 comments:

Post a Comment