Sunday, October 23, 2011

मछली विवाद: किशोर की पानी में डुबोकर हत्या


रानीगंज (अररिया) : मछली मारने को लेकर हुई झड़प में पहुंसरा पंचायत के सिमराहा-रहिका गांव में शनिवार की शाम 13 वर्षीय किशोर की पानी में डुबोकर हत्या कर दी गयी। इस संबंध में मृतक के पिता द्वारा गांव के ही सात युवकों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज करवायी गयी है।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अररिया भेज दिया है तथा अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को देर शाम सिमराहा-रहिका गांव के छेदी ऋषि का पुत्र अरविंद कुमार अपने अन्य साथियों के साथ शनिवार की शाम नदी में मछली मार रहा था। नदी में मछली मार रहे अन्य लड़कों के साथ उसकी झड़प हो गयी। जिसमें बांकी लड़कों ने उसे पानी में डुबोकर मार डाला।
रानीगंज थाना कांड संख्या 207 में छेदी ऋषिदेव द्वारा दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि झड़प के दौरान ही मो. इसराइल, मो. सरवर, मो. तौहिद, मो. सौहिद, मो. कलाम, मो. कयाम एवं मो. नसरूल ने मिलकर उनके पुत्र अरविंद कुमार की हत्या पानी में डुबो कर कर दी। इधर घटना के संबंध में ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार नदी में मछली मारने को लेकर बनाये गये बांध व नदी के बहाव को रोकने के लेकर दो गुटों में विवाद हुआ था। रानीगंज थानाध्यक्ष अरुण सिंह एवं अवर निरीक्षक सुभाष सिंह ने बताया कि घटना की छानबीन चल रही है।

0 comments:

Post a Comment