Monday, October 24, 2011

आयरन रिमुवर संयंत्र नही लगने से आक्रोश

जोकीहाट (अररिया),: प्रखंड में पीएचईडी विभाग द्वारा लोगों को लोहा रहित पेय जल उपलब्ध कराने के लिए आयरन रिमुवर संयंत्र सहित चापाकल लगाया जाना था। लगभग आठ-नौ महीना पूर्व चापाकल तो गाड़ दिया गया, लेकिन अब तक आयरन रिमुवर संयंत्र नही लगाए गए हैं। आयरन रिमुवर संयंत्र के नही लगने से ग्रामीण लौहयुक्त पानी पीने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि चापाकल लगाकर संवेदक चले गये हैं। संयंत्र कब लगेगा हमें पता नही। प्रखंड के सिसौना, पथराबाड़ी, केसर्रा, हरदार, सिमरिया, काकन आदि पंचायतों में आयरन की अधिकता से तरह-तरह की स्वास्थ्य समस्याएं ग्रामीणों को होती है। संयंत्र को लगाने में देरी से पीएचईडी कार्यालय में रखा आयरन रिमुवर संयंत्र में जंग लग रहा है। जंग लगने से कई संयंत्र बेकार दीख रहे हैं।
पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता अशोक कुमार सिंह ने बताया कि जल्द ही तहकीकात कर इस दिशा में कार्रवाई की जायेगी। उधर पीएचईडी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार आयरन रिमुवर संयंत्र में तकनीकी गड़बड़ी के कारण देरी हो रही है। तकनीकी गड़बड़ी को जल्द ही दूर कर लिया जायेगा। जो भी हो संयंत्र लगाने में हो रही देरी से ग्रामीणों में आक्रोश है।

0 comments:

Post a Comment