Monday, March 21, 2011

दो पक्षों में हिंसक झड़प, सात घायल


जोकीहाट (अररिया) : महलगांव थाना क्षेत्र के चैन मसुसिया चौक पर सोमवार को दुकान में लेन देन के मामलों को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हुई। इस घटना में एक पक्ष के सात लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गये। सभी घायलों को चिकित्सा के लिये रेफरल अस्पताल जोकीहाट में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते अररिया की एसपी गरिमा मल्लिक, एसडीपीओ मो. कासिम, इंसपेक्टर अनिल कुमार, थानाध्यक्ष असगर अली अंसारी समेत एक दर्जन से अधिक पुलिस बल ने गांव पहुंचकर दोनों पक्षों को समझा बुझाकर शांत किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को चौक स्थित दुकानदार भोला साव की दुकान में महलगांव पारा टोला का अकबर प्लास्टिक की बाल बैट खरीदने के लिये गया। खरीद के दौरान मूल्य को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान दोनों में मामुली मारपीट की घटना भी घटी। आस-पास के बुद्धिजीवियों ने दोनों को शांत कराकर पंचायत बैठाने की बात कही। निर्धारित समय के अनुसार गांव में पंचायत भी बैठी। पंचायत में दोनों पक्षों की ओर से अपनी-अपनी बाते रखी जा रही थी। इसी बीच कुछ असमाजिक तत्वों द्वारा उकसाने पर दोनों पक्षें के बीच मारपीट हो गयी। मारपीट के बाद दूसरे पक्ष के नित्यानंद साह के घर में तोड़ फोड़ भी मचायी गयी और कई लोगों को पीट कर घायल कर दिया गया। इसी बीच सूचना पाकर महलगांव पुलिस वहां पहुंच गयी। पुलिस के पहुंचते ही असमाजिक तत्व एवं पहले पक्ष के लोग भाग खड़े हुए। बाद में सभी घायलों को पुलिस ने चिकित्सा के लिये जोकीहाट में भर्ती कराया। घायलों में शांति देवी, नित्यानंद साह, मायानन्द साह, किशन लाल मांझी, जगदीश साह, कैली देवी, मसो. उमा देवी आदि शामिल हैं।
इधर, घटना के बाद पुलिस प्रशासन की पहल पर शांति समिति की बैठक आयोजित कर क्षेत्र को तनाव मुक्त रखने की अपील की गयी है।

0 comments:

Post a Comment