Saturday, January 14, 2012

साइकिल दौड़: तैयबा व विकास ने जीता खिताब


अररिया : कोहरे से भरे राजपथ पर शनिवार की सुबह यह हौसलों की उड़ान थी। हजारों की भीड़ के सामने अररिया के दर्जनों बालक बालिकाओं के उल्लास को पंख लग गये थे। मौका था जिला स्थापना के उपलक्ष्य में आयोजित साइकिल दौड़ प्रतियोगिता का। थोड़ी देर में जब घने कुहासे को चीर कर सूरज सामने आया तो हड़िया बारा की तैयबा व उच्च विद्यालय अररिया के विकास ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच जिला चैंपियन होने का गौरव हासिल किया।
खराब मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में प्रतिभागी इस कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। जिला शिक्षा पदाधिकारी राजीव रंजन प्रसाद, महिला कालेज के प्राचार्य प्रो. बासुकी नाथ झा, डीपीओ बसंत कुमार, थानाध्यक्ष राम शंकर सिंह, सअनि एच के सिंह, बीइओ डा. बैजू झा, ग‌र्ल्स हाई स्कूल की प्रधानाध्यापक अनवरी खातून, शिक्षक बालेश्वर झा, प्रकाश झा, गोपाल यादव, विवेकानंद यादव, नेमतुल्लाह सहित कई अन्य शिक्षक व शिक्षाकर्मी मौके पर मौजूद थे।
सबसे पहले लड़कियों की दौड़ प्रारंभ हुई। शुरू से बिजली की गति से साइकिल चला रही मध्य विद्यालय हड़ियाबाड़ा की तैयबा ने अन्य प्रतियोगियों को काफी पीछे छोड़ते हुए दौड़ जीत ली। जबकि महिला महाविद्यालय की कुमारी रत्‍‌ना दूसरे व बालिका उच्च विद्यालय की साजरा परवीण तीसरे स्थान पर रहीं।
इसके बाद प्रारंभ हुई लड़कों की साइकिल दौड़ में विजेता होने का गौरव अररिया हाई स्कूल के विकास कुमार को मिला। इसी स्कूल के सिकंदर कुमार दूसरे तथा विकेस कुमार तीसरे स्थान पर रहे। इस अवसर पर हजासरों की संख्या में अगल बगल के ग्रामीण उपस्थित थे।

0 comments:

Post a Comment