Thursday, June 23, 2011

चुनावी रंजिश में फायरिंग व बम विस्फोट, दो घायल


-मुखिया पति सहित आठ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
सिकटी (अररिया), निसं: पंचायत चुनाव संपन्न हो जाने के बाद भी चुनावी रंजिश की आग ठंडा होने का नाम नहीं ले रही है। सिकटी में उपमुखिया चुनाव को ले हुए विवाद में पड़रिया पंचायत के खान टोला में सोमवार की शाम मुखिया समर्थकों ने फायरिंग व बम विस्फोट किया जिससे दो लोग घायल हो गये। घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना को ले घायलों के परिजन मुतल्लिक खां के बयान पर स्थानीय थाना में पंचायत के वर्तमान मुखिया के पति सहित आठ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है। मुख्यालय जानकारी अनुसार सोमवार को प्रखंड मुख्यालय में पड़रिया पंचायत के उपमुखिया का चुनाव हुआ था। जिसमें वर्तमान मुखिया के समर्थक घुल्टुन विजयी हुए। चुनाव के दौरान ही दोनों गुटों के बीच तनाव बढ़ गया। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार घुल्टुन की जीत के बाद जब उनके व वर्तमान मुखिया के पति इसहाक के समर्थक जत्था बनाकर वापस लौटने लगे। इसी क्रम में जब वे लोग मो. मुतल्लिक के दरवाजे के पास पहुंचे तो वहां उत्पात शुरू कर दिया। दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि मुखिया पति इसहाक के कहने पर उनके एक समर्थक ने मास्केट से गोली चला दी। जो मोतल्लिक खां के भांजा महबूब खां के पैर में लगी वे वहीं गिर गये। इसी बीच मुखिया के एक अन्य समर्थक ने दरवाजे पर बम फेंक दिया। बम विस्फोट में अयूब खां घायल हो गये। इसके बाद वहां भगदड़ मच गयी तथा सभी भाग खड़े हुए। बाद में लोगों ने दोनों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया जहां उनका इलाज चल रहा है। थानाध्यक्ष पुष्कर कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है तथा दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

0 comments:

Post a Comment