Friday, June 24, 2011

गोलीकांड में मृतकों के परिजन व घायलों को कांग्रेस ने दिया एक-एक लाख


फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज पुलिस फायरिंग कांड में मृतकों के परिजन तथा घायलों को कांग्रेस पार्टी की ओर से गुरुवार को सहायता राशि वितरित की गयी है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष महबूब अली कैसर व बिहार प्रभारी गुलचैन सिंह चरक आदि भजनपुर गांव पहुंच कर चारों मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख तथा घायलों को दस-दस हजार रुपया का चेक प्रदान किया। नेताओं ने सजमीना खातून, मुस्तफा अंसारी, मुक्तार अंसारी तथा नौसाद अंसारी के परिजनों को एक-एक लाख तथा घायल सलमा खातून, मुजाहिद अंसारी, जुबेर अंसारी, शमजद अंसारी, इबादुल अंसारी, रइस अंसारी, जिवछी खातून,ऐकराम अंसारी एवं मंजुर अंसारी को दस दस हजार का चेक प्रदान किया। इस मौके पर बिहार प्रभारी श्री चरक ने ग्रामीणों को बताया कि यह सहायता राशि कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनियां गांधी की ओर से सहायता के लिये भेजी गयी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज्य सरकार से इस मामले में बात कर रही है। जबकि ग्रामीणों के वाजिब हक के लिये कांग्रेस अंतिम समय तक लड़ाई लड़ेगी। वहीं प्रदेश अध्यक्ष श्री कैसर ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ग्रामीणों तथा पीड़ितों के साथ खड़ी है और न्याय दिलाया जायेगा। इस मौके पर कांग्रेस विधायक दल के नेता सदानंद सिंह, पूर्व मंत्री कृपानाथ पाठक, जिलाध्यक्ष भारतेन्दु यादव, उपाध्यक्ष अनिल कुमार सिंहा, सचिव शंकर प्रसाद साह, डा. शकील अहमद खान, शाद अहमद, जय प्रकाश अग्रवाल, सुनील आर्य, मो. ताहीर, श्री कुमार ठाकुर सहित कई कांग्रेसी नेता मौजूद थे।

0 comments:

Post a Comment