Friday, June 24, 2011

क्षेत्र को अशांत करने का प्रयास कर रही कांग्रेस: भाजपा


अररिया : शांतिप्रिय अररिया को कांग्रेस पार्टी अशांत कर बिहार सरकार के विरुद्ध एक गंदा माहौल बनाने का प्रयास कर रही है। लेकिन उसके मंसूबे नाकामयाब रहेंगे। यह बात भाजपा जिला अध्यक्ष आलोक कुमार भगत ने कही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस फारबिसगंज गोलीकांड के पीड़ित परिजनों के लिए घड़ियाली आंसू बहा रही है। जिलाअध्यक्ष श्री भगत ने कहा कि कांग्रेस ने तो राजनीति की रोटी सेंकने के लिए फारबिसगंज कांड के पीड़ितों की सुधि तो ली, लेकिन उन्हें रामपुर मोहनपुर में नाव दुर्घटना, ओला वृष्टि, बिजली दुर्घटना, थंडरिंग, चक्रवात आदि याद नही रहे। इन घटनाओं में भी दर्जनों गरीब परिवारों के लोग पीड़ित हुये। कांग्रेस पार्टी को इन गरीबों की सुधि नही रही। चूंकि उनकी मंशा यहां के लोगों के बीच मतभेद और अशांति फैलाने की है इसलिये ऐसी घटना से वे वाकिफ भी नही होना चाहते है। श्री भगत ने बताया कि बिहार सरकार ने पूर्व में ही घोषणा कर रखी है कि न्यायिक जांच के बाद दोषी के सजा और पीड़ितों को उचित न्याय मिलेगा, इसके बावजूद कुछ स्वार्थी तत्व समाज में वैमनस्य फैलाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरपुर में किसी बीमारी से कई लोग काल के गाल में समा चुके है लेकिन कांग्रेस पार्टी ने अब तक किसी भी केन्द्रीय टीम को वहां नही भेजा, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।

0 comments:

Post a Comment