Wednesday, August 17, 2011

नदियों के जलस्तर में वृद्धि, बाढ़ का गंभीर खतरा


अररिया/सिकटी/पलासी/जोकीहाट(अररिया) : लगातार दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश से अररिया, सिकटी, पलासी, जोकीहाट से होकर बहने वाली नदियों के जलस्तर में तेजी के साथ वृद्धि हो रही है। इस कारण कई गांवों में बाढ़ का पानी फैल गया है तथा सैकड़ों एकड़ में लगी फसल बर्बाद हो गयी है।
अररिया से जाटी के अनुसार प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत पोखरिया गांव में बकरा नदी पर बने बांध की मरम्मत नहीं होने के कारण नदी का पानी कई गांवों में प्रवेश कर गया है।
सिकटी जाटी के अनुसार सिकटी प्रखंड क्षेत्र में
लगातार हो रही बारिश से उफनाई बकरा व नूना नदी के बाढ़ का पानी प्रखंड के कई गांवों में फैल गया है। बरदाहा थाना परिसर में दो तीन फीट पानी जमा हो गया है। जानकारी अनुसार नूना नदी का पानी पड़रिया, रानीकट्टा, बलीगढ़, खान टोला, घोड़ा चौक, सिंहिया, कचना, सोनापुर, सैदपोखर, दहगामा, बगुलाडांगी, औलाबाड़ी में तबाही मचाये हुए है। वहीं नूना नदी के कटान से ओलाबाड़ी वार्ड नंबर 15 के कई परिवार प्राथमिक विद्यालय औलाबाड़ी में शरण लिये हुए है। वहीं बकरा नदी के बाढ़ से पीरगंज, कुंआपोखर, तीरा, पड़रिया, सतबेर, ठेंगापुर, नेमुआ पिपरा, बैरगाछी, भवानीपुर आदि गांवों में पानी फैल गया है। रानी पुल के निकट मुख्य सड़क के कटने की स्थिति उत्पन्न हो गयी है। वहीं बरदाहा से खोरागाछ जाने वाली सड़क में चरघरिया गांव के निकट पहाड़ा नदी पर बने के पूर्वी भाग का एप्रोच धंस कर कट रहा है जिससे वहां आवागमन ठप हो गया है। अगर यहीं हाल रहा तो स्थिति और भी विकराल हो सकती है। पड़रिया के घोड़ा चौक सिंहिया में पानी घुसने से करीब सैकड़ों परिवार बेघर हो गये है।
पलासी निसं के अनुसार प्रखंड क्षेत्र में लगातार हो रही मुसलाधार बारिस तथा नेपाल जल अधिग्रहण क्षेत्र से छोड़ गये जल के कारण बकरा नदी में आये उफान से बुधवार को बाढ़ का पानी एक दर्जन गांवों में फैल गया है। जानकारी अनुसार बकरा नदी में आये उफान से छपनियां, पिपरा कोठी, विजवार, धर्मगंज, भट्टाबाड़ी, जरियाखाड़ी, कोढेली नदी के पश्चिम पार काचमोह, भंगोरा, सोहदी आदि गांवों में बाढ़ का पानी फैल गया है। नदी में आये उफान से बकरा नदी के किनारे बने कोढे़ली ककोड़वा तटबंध पर पानी के दबाव से कई जगह तटबंध टूटने का खतरा मडराने लगा है। वहीं बाढ़ के कारण धर्मगंज पलासी, नेहरू चौक से धर्मगंज सड़कों पर कई जगह तीन से चार फीट पानी बहने से यातायात बाधित हो गया है।
जोकीहाट निप्र के अनुसार मुसलाधार बारिश से प्रखंड के बकरा, कनकई एवं परमान नदियों के जलस्तर में हुई भारी वृद्धि से लगभग एक दर्जन गावों में बाढ़ का पानी फैल गया है। कनकई नदी के जलस्तर में वृद्धि से बारा इस्तम्बरार, जहानपुर, पुरन्दाहा, केसर्रा गांव में तथा बकरा नदी के जलस्तर में वृद्धि से मझुवा, तारण, मटियारी, रहड़िया, फरसाडांगी, सतबिटा, बलुआ, करहरा, चौकता, मछेला, शादीपुर, बंगलाकोल, भूना मजगांवा आदि गांवों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है।

0 comments:

Post a Comment