Friday, December 16, 2011

टूटे खंभों के सहारे दौड़ती है बिजली


नरपतगंज (अररिया) : प्रखंड क्षेत्र के पूर्व में विद्युतीकृत गांवों में टूटे पोल तथा जर्जर तार को बदलने का काम तेजी से नही किया जा रहा है। जिससे हमेशा बड़ी दुर्घटना की संभावना बनी है। मुख्य बाजार क्षेत्र में दर्जनों लोहे के खंभे जंग लगने के कारण नीचे से टूट चुके हैं। जिसे काम चलाऊ रखने के लिए जगह-जगह लोहे के टूटे पोल के सहारे देने के लिए सीमेंट के पोल को गाड़कर काम चलाया जा रहा है। जो किसी भी समय तेज आंधी या किसी वाहन की ठोकर लगने से गिरने के बाद एक बड़े हादसे को जन्म दे सकता है। हालांकि जर्जर तारों का टूटकर गिरना कोई नई घटना नही है।
वैसे तो प्रखंड क्षेत्र में बांस का पोल बनाकर भी ग्यारह हजार वोल्ट के तार को दौड़ाया जाता है। इतना ही नही, बाजार के पोस्ट आफिस चौक के पास 220 वोल्ट के तार के पोल पर ग्यारह हजार वोल्ट के तार को बांस के सहारे उपर कर, राजगंज, मसकन आदि गांवों तक ले जाया जाता है। जो बांस के सहारे सड़ कर बार-बार 220 वोल्ट के तार पर गिर जाने के कारण कई बार छोटी-छोटी घटना होती रहती है।
वहीं पोस्ट आफिस चौक के व्यवसायियों एवं आम नागरिकों सुरेन्द्र भगत, रविन्द्र भगत, देवानंद स्वर्णकार, जय प्रकाश चौरसिया, बजरंगी मंडल, किन्तु मंडल, मनोज देव, घन्ना मोदी आदि ने विद्युत विभाग पर आरोप लगाते हुए कहा कि आए दिन बांस के सपोर्ट टूट जाने से हमारे घरों में लगे विद्युत उपकरण बर्बाद हो जाते है। इस प्रकार की घटना एक बार नही इससे पूर्व भी कई बार हो चुके है।
नरपतगंज प्रखंड में सरकारी बिजली मिस्त्री का भी अभाव है। जिस कारण नरपतगंज के विद्युत आपूर्ति में काफी कठिनाई होती है।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से जल्द से जल्द बिजली मिस्त्री एवं टूटे पोल, जर्जर तार को बदलने की मांग की है।

0 comments:

Post a Comment