Saturday, December 17, 2011

प्रांतीय अधिवेशन में भ्रष्टाचार होगा मुख्य मुद्दा: गोपाल

फारबिसगंज (अररिया) : आगामी 23 से 25 दिसंबर तक फारबिसगंज में आयोजित होने वाले अभाविप के 53वें प्रांतीय अधिवेशन में देश व्यापी भ्रष्टाचार एक मुख्य मुद्दा रहेगा। अभाविप के बिहार झारखंड के क्षेत्रीय संगठन मंत्री गोपाल शर्मा ने उक्त बातें शुक्रवार की संध्या रेणु सार्वजनिक पुस्तकालय स्थित अधिवेशन कार्यालय में प्रेस वार्ता में कही। श्री शर्मा ने कहा कि इंदिरा गांधी वृक्ष प्रियदर्शनी पुरस्कार से सम्मानित वनवासी क्षेत्र में कार्य करने वाले जाने-माने सामाजिक कार्यकर्ता व विकास भारती के सचिव समाजसेवी अशोक भगत के द्वारा प्रांतीय अधिवेशन का उद्घाटन किया जायेगा। इसके अलावा अधिवेशन में भ्रष्टाचार पर विशेष भाषण यूथ अगेंस्ट करप्शन के राष्ट्रीय सह संयोजक भोपाल के विष्णुदेव शर्मा के द्वारा दिया जायेगा। इसके अलावा युवाओं के प्रेरणा स्त्रोत स्वामी विवेकानंद पर विशेष भाषण उनके द्वारा दिया जायेगा। श्री शर्मा ने कहा कि भ्रष्टाचार से देश का संपूर्ण तंत्र इस कदर खोखला हो गया है कि यह एक कडे झटके में ही वह गिर सकता है। देश की सुरक्षा आज बड़ी समस्या है। चीन-पाक के ताजा गठजोड़ से उत्पन्न खतरों के प्रति केन्द्र सरकार गंभीरता नही दिखा रही है। श्री शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के अलावा शिक्षा की बदहाली भी अधिवेशन का मुख्य विषय रहेगा। उन्होंने कहा कि देश का यह दुर्भाग्य है कि सत्ताधारी नेता सत्ता का सुख भोगने तथा अपने पदों की सुरक्षा को ही प्राथमिकता देते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान राजनीतिक ढांचा पर प्रहार करने की जरूरत है। जिससे इसमें सकारात्मक बदलाव आ सके। इस अवसर पर प्रदेश मंत्री प्रवीण कुमार, मीडिया प्रभारी सुकांत आदर्श, व्यवस्थापक रवि शंकर यादव, अजय मंडल, आशुतोष मिश्रा, राज प्रकाश चौधरी, रुपेश राज, पिंटू यादव, दिलीप कर्ण, रजत रंजन सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

0 comments:

Post a Comment