Friday, December 30, 2011

बिचौलियों के विरुद्ध एसपी का अभियान जारी

अररिया : इंदिरा आवास के बिचौलियों व घोटालेबाजों के विरुद्ध एसपी शिवदीप लांडे का अभियान निरंतर जारी है। शुक्रवार को एक और मुखियापति कानून की पकड़ में आ गये।
इंदिरा आवास लाभुक की राशि हड़प लेने के आरोपी कोशकापुर पंचायत के मुखिया पति देवनारायण यादव को एसपी के निर्देश पर नरपतगंज पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी मुखिया पति से पुलिस कप्तान ने स्वयं पूछताछ की और उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
मौके पर एसपी शिवदीप लांडे ने बताया कि आवास की राशि गटकने वाले प्रतिनिधि, दलाल व बिचौलियों के विरूद्ध उनका अभियान चलता रहेगा। चाहे वे कद्दावर नेता हो या फिर पदाधिकारी ही क्यों न हों।
नरपतगंज थानाध्यक्ष एमके साहा के अनुसार पंचायत के खैरा रामघाट निवासी बेचु ऋषिदेव ने थाना कांड संख्या 370/11 दर्ज कराकर प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार ठाकुर, मुखिया मंजू देवी पति देवनारायण यादव सहित छह लोगों के विरूद्ध आरोप लगाया था कि उनके नाम की राशि गलत तरीके से उठा लिया गया है। थाना कांड संख्या दर्ज होने के बाद पुलिस ने अनुसंधान के क्रम में पाया कि आरोपियों ने लाभुक बेचु ऋषिदेव की राशि हड़पने के लिए किसी ने अनीता देवी को उसका पत्‍‌नी बनाया। फिर उसी महिला को खड़ा कर राशि का भुगतान भी करा लिया।
मामले का खुलासा होने के बाद जब असली लाभुक ने मुखिया से अपनी राशि मांगी तो उसे राशि नहीं दह गयी तथा उल्टे उसके साथ दु‌र्व्यवहार किया गया।

0 comments:

Post a Comment