Wednesday, March 2, 2011

मासूमों की मौत पर हर कोई था गमजदा


रानीगंज (अररिया) : सोमवार की रात्रि रानीगंज में निजी आवासीय विद्यालय सह कोचिंग सेंटर शांति निकेतन में लगी आग व दो बच्चों की दर्दनाक मौत को ले सब आहत हैं। विद्यालय के संचालक राजीव कुमार अधिकांश समय छात्रों के साथ व्यतीत करते थे। इस घटना में बच्चों को बचाने के क्रम में वे भी काफी जख्मी हुए हैं। हालांकि घटना पर प्रतिक्रिया देने को ले वे उपलब्ध नहीं हुए।
घटना स्थल पर पहुंची खरहट की मुखिया रीता देवी के आंसू थम नहीं रहे थे। उन्होंने बताया कि उनका पुत्र भी उसी स्कूल में पढ़ता है। वह सकुशल है, लेकिन आलोक व मनोरंजन की मां की गोद तो उजड़ गयी।
भाजपा नेता कृष्ण कुमार सेनानी ने घटना पर गहरा शोक जताते हुए पूरे प्रकरण की जांच किये जाने की मांग की। भाजपा के प्रखंड अध्यक्ष कलानंद सिंह उर्फ कैलू सिंह तथा उपाध्यक्ष शिव कुमार साह सहित दर्जनों अन्य लोगों ने घटना स्थल का दौरा कर कांड पर गहरी संवेदना व्यक्त की।
इधर, घटना को लकर लोगों ने विद्यालय प्रबंधन पर कई सवाल भी खड़े किये हैं। लोगों का कहना है कि जरूरी व मानक मापदंडों के अनुरूप हीं विद्यालय का संचालन होना चाहिए। वहीं, लोगों ने अन्य आवासीय निजी विद्यालयों पर भी प्रशासन द्वारा नजर रखे जाने की मांग की ताकि भविष्य में किसी दुर्घटना से बचा जा सके।

0 comments:

Post a Comment