Friday, January 27, 2012

दीक्षा ग्रहण से पूर्व निकली भव्य शोभा यात्रा



फारबिसगंज (अररिया) : सांस्कृतिक सुख त्याग कर साध्वी बनने जा रही जैन समुदाय की बीस वर्षीय गरिमा बोथरा के साथ शुक्रवार को शहर में भव्य एवं विशाल शोभा यात्रा निकाली गयी। स्थानीय निवासी इचरज देवी और प्रदीप बोथरा की पुत्री गरिमा को एक विशेष रथ पर बिठाकर नगर भ्रमण किया गया। हजारों श्रद्धालुओं के साथ निकली इस विशाल धार्मिक जुलूस में जैन समुदाय सहित विभिन्न समुदायों के लोगों ने भाग लिया। जुलूस में बड़ी संख्या महिला, पुरुष, बच्चे एवं युवक-युवतियों ने भाग लिया तथा भगवान महावीर की जयकारे के नारे लगाये। साथ ही कम उम्र में घर-द्वार छोड़कर साधुकर्मी बनी गरिमा बोथरा का गुणगान किया। शोभा यात्रा में महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, राजस्थान, गुजरात, कोलकाता, असम, झारखंड, दिल्ली समेत विभिन्न प्रदेशों के जैन समुदाय के लोगों ने हिस्सा लिया। शोभा यात्रा गरिमा बोथरा के छुआपट्टी स्थित घर से निकलकर पटेल चौक, सदर रोड, पोस्ट आफिस चौक होते हुए गोयल स्कूल के सामने स्थित दीक्षा कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर समाप्त हुआ। इस दौरान विशेष रथ पर बैठी गरिमा बोथरा को देखने के लिए सड़कों पर घर छतों पर महिला-पुरुषों, बच्चों की भीड़ लगी रही। जगह-जगह मुमुझु गरिमा ने लोगों का अभिनंदन स्वीकार किया। शनिवार को गरिमा को जैन समुदाय की गुरु म.सा. आदर्श प्रभा जी के द्वारा दीक्षा दिलायी जायेगी। जिसके बाद वह घर परिवार, शहर को छोड़े कर कर सादे वस्त्र में नंगे पांव साध्वियों के साथ निकल पड़ेगी। शोभा यात्रा में जय कुमार अग्रवाल, राज कुमार अग्रवाल, मूलचंद गोलछा, मनोज सिंह, विनोद सरावगी, संजू झावक, मोती लाल शर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद थे।

0 comments:

Post a Comment