Sunday, November 20, 2011

जोगबनी पैक्स बड़े पैमाने पर बरती गयी अनियमितता : अध्यक्ष


जोगबनी (अरिया) : जोगबनी पैक्स में उपभोक्ताओं की जमा राशि की निकासी नहीं हो रही है। जिससे उपभोक्ता आक्रोशित हैं। वहीं पैक्स अध्यक्ष राजेश कुमार साह का कहना है कि उनके चेयरमैन बनने से पूर्व ही पैक्स में बड़े पैमाने पर अनियमितता बरती गयी, जिस कारण ऐसी स्थिति आयी है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पूर्णिया को-आपरेटिव बैंक को लिखा गया है।
इधर, पैक्स अधिकारी के उदासीन रवैये के कारण कई वर्षो से जोगबनी का पैक्स बंद पड़ा है। जिससे खाताधारियों का भुगतान अधर में लटका है। ज्ञात हो कि पैक्स में अल्प बचत योजना के तहत सैकड़ों खाताधारियों ने अपनी राशि जमा की, लेकिन तत्कालीन पैक्स अधिकारियों की मनमानी के कारण लाभुकों का पैसा अधर में लटक गया है। बताया जाता है कि पैक्स अधिकारियों द्वारा अपने चहेते लोगों को अधिक से अधिक ऋण मुहैया कराया गया, परन्तु ऋणधरियों द्वारा कर्ज वापस नहीं किया गया, जिसके कारण पैक्स कार्यालय में ताला लटक गया। अल्प बचत योजना के तहत किसानों ने अपनी राशि पैक्स में जमा किया। ससमय राशि की निकासी नही होने से खाताधारियों में आक्रोश व्याप्त है।
खाताधारियों के अनुसार पैक्स प्रबंध समिति के चयन के बाद एक बार ऐसा लगा था कि निकासी हो जायेगी लेकिन यह आस भी जाता रहा क्योंकि इनका कार्यकाल समाप्त होने के बाद निबंधन नही हो पाया है। वर्तमान सरकार द्वारा पैक्स को चुस्त व दुरूस्त करने की बात की जा रही है लेकिन जोगबनी पैक्स कई वर्षो से बंद पड़ा है जिसकी सुधि लेने वाला कोई नहीं है। वर्तमान चेयरमैन राजेश कुमार साह के अनुसार पैक्स में मेरे आने के पूर्व ही बड़े पैमाने पर अनियमितता बरती गयी थी जिस कारण केन्द्रीय सहकारिता अधिकोष पूर्णिया को पत्र लिखा था। लेकिन स्थिति सुधार के जगह और ही दयनीय होती चली गयी। हालांकि मैं पैक्स की स्थिति में सुधार लाने के लिए प्रयत्‍‌नशील हूं।

0 comments:

Post a Comment