Thursday, November 24, 2011

सांसद व मुखिया की हत्या के लिए संजीव ने ली थी सुपाड़ी


अररिया : अररिया के एपीपी हत्या कांड में शामिल अपराधी संजीव झा ने पुलिस के समक्ष कई सनसनीखेज खुलासा किए हैं। पूर्णिया में गिरफ्तारी के बाद उसे गुरुवार को अररिया लाया गया है। उसने पुलिस के समक्ष सांसद एवं एक मुखिया की हत्या के लिए सुपाड़ी लिए जाने की बात स्वीकार की है। उसे अररिया पुलिस की सूचना पर पूर्णिया के टीकापट्टी थाना पुलिस ने नक्सल प्रभावित क्षेत्र बेरिया से गिरफ्तार करने में सफलता पायी है। वहीं पुलिस के समक्ष संजीव ने एपीपी हत्या कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। जबकि उसने पुलिस के समक्ष यह भी स्वीकार किया कि अररिया में एक मुखिया एवं सांसद की हत्या करने की भी उसकी योजना थी। मुखिया की हत्या के लिए उनलोगों की योजना अंतिम चरण में थी।
वहीं नगर थाना पुलिस के अनुसार एपीपी देबू मिश्रा कांड का आरोपी संजीव करीब आठ माह पूर्व मदनपुर के चांद भाग में जमा हुए अपराधियों में भी शामिल था। लेकिन वह भागने में सफल रहा था। पुलिस के समक्ष गिरफ्तार बदमाश ने यह भी स्वीकार किया कि चांद भाग में वे लोग किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए हीं इकट्ठा हुये थे। संजीव झा की गिरफ्तारी के लिए अररिया पुलिस काफी दिनों से प्रयासरत थी। पुलिस को इस बात की जानकारी मिल गई थी कि वह नक्सल प्रभावित क्षेत्र बेरिया में किसी मनीष नामक व्यक्ति के पास हथियार खरीदने के लिए पहुंचा है। पुलिस के अनुसार एपीपी हत्या कांड में शामिल अपराधकर्मियों में एक मात्र बदमाश पलासी का बेचन यादव अब पुलिस गिरफ्त से बाहर है। पुलिस द्वारा समर्पित आरोप पत्र के आधार पर न्यायालय ने उसके विरूद्ध भी कुर्की जब्ती वारंट निर्गत कर दिया है।

0 comments:

Post a Comment