Thursday, February 9, 2012

साक्षर भारत: प्रखंड लोक शिक्षा समिति की बैठक


सिकटी(अररिया) : साक्षर भारत कार्यक्रम के तहत प्रखंड लोक शिक्षा समिति की बैठक उ.वि. बरदाहा में मंगलवार को आयोजित की गयी। प्रखंड प्रमुख नरगिस बेगम की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए कई प्रस्ताव पारित किए गये।
सर्वप्रथम प्रखंड कार्यक्रम समन्वयक बीके झा द्वारा सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा एवं अद्यतन स्थिति की जानकारी दी गयी जिसमें सर्वेक्षण, भीटी प्रशिक्षण, साक्षरता केंद्र प्रारंभ किया तथा अक्षर मेला आदि गतिविधियों की जानकारी दी गयी। सदस्यों को प्रखंड में खोले गये साक्षरता केंद्रों की संख्या तथा उन पर होने वाले गतिविधि के बारे में बताया गया। सदस्यों द्वारा कार्यक्रम को बेहतर ढंग से चलाने के लिए जिला से ससमय सभी संसाधन उपलब्ध कराने तथा प्रत्येक पंचायतों में प्रखंड लोक शिक्षा समिति सदस्यों द्वारा केंद्र अनुश्रवण करने का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके अलावा प्रमुख सह अध्यक्ष के साथ प्रत्येक माह की 8वीं, 18वीं एवं 28वीं तारीख को प्रखंड समन्वयक तथा केआरपी के साथ संयुक्त रूप से भ्रमण कर साक्षरता केंद्र अनुश्रवण का प्रस्ताव भी पारित किया गया। बैठक में म.वि. सिकटी के प्र.अ. शकुन्तला देवी, उपप्रमुख अजदेव मंडल, महिला पर्यवेक्षिका शिखा कुमारी, उमानंद मंडल, नीलम कुमारी, सियाराम मिश्र, पंसस कलावती देवी, रीता देवी, अशोक कुमार झा, सलिता देवी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

0 comments:

Post a Comment