Saturday, February 11, 2012

लीड:पूर्व मुखिया को गिरफ्तार करने गयी पुलिस पर हमला -हमले में दो


जोकीहाट(अररिया) : महलगांव थाना क्षेत्र के प्रसादपुर पंचायत की पूर्व मुखिया मुर्शिदा खातून एवं उनके पुत्र आफताब को गिरफ्तार करने गयी पुलिस टीम पर पूर्व मुखिया के परिजनों ने गुरुवार की रात जानलेवा हमला कर दिया। हमले में दो पुलिस कर्मी घायल हो गये। पूर्व मुखिया गबन के एक मामले में वांछित हैं।
घायल पुलिस कर्मियों का इलाज सदर अस्पताल अररिया में चल रहा है। एसडीपीओ मो. कासिम ने घटना की पुष्टि की है। वहीं, मामले को लेकर दो नामजद व पचास अज्ञात के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है।
एसडीपीओ श्री कासिम ने बताया कि घायल पुलिस कर्मियों में टाउन थाना अररिया के होमगार्ड जवान रणजीत यादव तथा महलगांव के डीएपी जवान राजीव कुमार शामिल हैं। घटना में जख्मी रणजीत यादव का एक पैर टूट गया है। एसडीपीओ मो. कासिम ने मामले को गंभीर बताते हुए पूर्व मुखिया मुर्शिदा खातून व उनके पुत्र मो. आफताब के अतिरिक्त पचास अन्य के खिलाफ महलगांव थाना में प्राथमिकी दर्ज करने की बात कही।
मिली जानकारी अनुसार अररिया नगर थाना में दर्ज गबन के एक मामले में पुलिस की स्पेशल टीम व महलगांव थाना पुलिस गुरूवार की रात प्रसादपुर के पूर्व मुखिया एवं उनके पुत्र आफताब को गिरफ्तार करने डुमरिया गांव पहुंची तथा संयुक्त रूप से छापामारी कर मुखिया पुत्र आफताब को हिरासत मे ले लिया। लेकिन आफताब को हिरासत में लेते ही आक्रोशित मुखिया के परिजनों ने लाठी डंडा व अन्य हथियारों से पुलिस दल पर हमला कर दिया तथा आफताब को पुलिस हिरासत से बलपूर्वक छुड़ा लिया। उन्होंने रणजीत यादव व राजीव कुमार नामक पुलिस कर्मी को बुरी तरह घायल कर दिया। इस घटना में रणजीत यादव नामक होमगार्ड का पैर टूट गया तथा हमलावरों ने गिरफ्तार करने गयी पुलिस बल को खाली हाथ लौटना पड़ा।
एसडीपीओ मो. कासिम ने घटना को गंभीरतापूर्वक लेते हुए बताया कि दोषी लोगों को जल्द गिरफ्तार किया जायेगा।

0 comments:

Post a Comment