Friday, April 13, 2012

लड़की के अपहरण की बात झूठी, मामला प्रेम प्रसंग



फारबिसगंज(अररिया) : फारबिसगंज में नाबालिग लड़की का अपहरण कर लिए जाने से संबंधित शिकायत थाना पहुंचने के मामले में पुलिस ने गुरुवार को लड़का-लड़की दोनों को बरामद कर लिया। पूछताछ के बाद लड़की के नाबालिग होने और उसका अपहरण कर लिए जाने का मामला झूठा निकला। पूरी कहानी प्रेम प्रसंग से जुड़ा था जो कानूनी रूप से विवाह में भी तब्दील हो चुका था। रामपुर निवासी सत्यनारायण सरदार की पुत्री रेखा कुमारी ने अपनी उम्र 19 वर्ष से अधिक होने तथा इसी गांव के भोला सरदार के पुत्र कथित अपहरण के आरोपी सुनील सरदार ने अपनी उम्र 27 वर्ष से अधिक होने संबंधी कागजी प्रमाण पत्र पुलिस के सामने प्रस्तुत किया। इतना ही नहीं दोनों ने करीब वर्ष पूर्व 16 मार्च 2011 को बड़ा शिवालय में हिंदू रीति रिवाज के अनुसार विवाह कर लेने और इससे संबंधित एक शपथ पत्र फारबिसगंज कार्यपालक दंडाधिकारी के कोर्ट में पांच अप्रेल 2012 को ही जमा कर देने संबंधित कागजात प्रस्तुत किया। रेखा की मांग में सिंदुर भी चमक रहा था। अररिया एसपी शिवदीप लांडे ने फारबिसगंज थाना में रेखा तथा सुनील से पूछताछ की और दावे में प्रस्तुत किये गए प्रमाण पत्रों एवं कागजातों की जांच की। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद लड़का-लड़की को छोड़ दिया। जबकि इससे पहले ही लड़की के परिजन लड़की द्वारा घर वापस आने से इंकार के बाद लड़की के परिजन खाली हाथ बैरंग वापस लौट गये। रेखा के नाना जगदीश सरदार ने थाना में आवेदन देकर सुनील सहित उसके पिता तथा भाई पर उसकी नतिनी का 10 अप्रैल की सुबह अपहरण कर लेने का आरोप लगाया था। मामले का पटाक्षेप हो जाने के बाद इस मामले में किसी प्रकार की प्राथमिकी थाना में दर्ज नहीं की गयी है। लड़का-लड़की ने पुलिस को गुरुवार को आवेदन देकर परिजनों द्वारा भविष्य में परेशान किए जाने की आशंका भी जाहिर की।

0 comments:

Post a Comment