Thursday, November 17, 2011

स्टेडियम के अभाव में कुंठित हो रही खेल प्रतिभा

फारबिसगंज(अररिया) : एक ओर सरकार शिक्षा के साथ साथ खेल के विकास को भी अपनी प्राथमिकता बता रही है वहीं फारबिसगंज में आज तक एक स्टेडियम का निर्माण भी नहीं हो पाया है। शहर के द्विजदेनी स्मारक उच्च विद्यालय के मैदान में स्टेडियम निर्माण के लिए शिलान्यास किये तीन साल बीत गये किंतु आज तक वहां निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। जिस कारण यहां के खेल प्रतिभा को विकसित होने का मौका नहीं मिल रहा है। इस कारण क्रीड़ा प्रेमियों में असंतोष व्याप्त है। वे अब इस मुद्दे को ले अभियान चलाने पर विचार कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2007-08 में द्विजदेनी स्मारक उच्च विद्यालय के मैदान में तत्कालीन सांसद सुकदेव पासवान द्वारा प्रस्तावित स्टेडियम का शिलान्यास किया गया था। किंतु आज तक शिला पट्ट लगाये जाने से आगे बात बढ़ नहीं पायी। जबकि खेलकूद के मामले में शहर का गौरवशाली इतिहास रहा है और यहां विभिन्न प्रकार के खेलों का आयोजन होता रहा है। लेकिन यह दुर्भाग्य की बात है कि जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक उपेक्षा के चलते यहां अभी तक किसी स्टेडियम का निर्माण नहीं हो सका। इस संबंध में खेल आयोजक शंभू नाथ मिश्र कहते हैं कि यहां के खिलाड़ी, खेल प्रेमी और प्रबुद्धजनों की धैर्य की सीमा अब समाप्त हो चुकी है और सरकार द्वारा जमीन की व्यवस्था कर शीघ्र ही स्टेडियम का निर्माण नहीं किया जाता है तो लोग आंदोलन का राह पकड़ने को बाध्य होंगे।
श्री मिश्र के विचारों पर सहमति प्रकट करते हुए खिलाड़ी दिनेश्वर मिश्र, अजय सिन्हा, अशोक दुग्गड़, मो. शमीम, स्वप्न दास, बासु दा, तमालसेन, योगेन्द्र प्रसाद साह, मो. मासूम, मनोज तिवारी आदि ने इस मुद्दे को लेकर अभियान चलाने की बात कही।

0 comments:

Post a Comment