Thursday, March 1, 2012

आरएसएस का वार्षिक शीत शिविर का आयोजन


फारबिसगंज(अररिया) : राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ द्वारा बुधवार को स्थानीय राजेन्द्र चौक स्थित मैदान में एक दिवसीय जिला स्तरीय वार्षिक शीत शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें आरएसएस के अखिल भारतीय सेवा प्रमुख सीताराम केदीलाय सहित जिले भर के कार्यकर्ता शामिल हुए। राजेन्द्र चौक स्थित खुले मैदान में शारीरिक व्यायाम, योग आदि का आयोजन गणवेश में पहुंचे कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया।
मौके पर केंद्रीय सेवा प्रमुख श्री केदीलाय ने अपने संबोधन में कहा कि देश में आरएसएस की भूमिका तथा मानवीय सेवा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद के सपनों का भारत निर्माण अपने रास्ते से भटकता दिख रहा है। शिक्षा का व्यवसायीकरण हो गया है। मानवीय मूल्यों में कमी आयी है। उन्होंने कहा कि स्कूल कालेजों में नैतिकता और संस्कार का ह्रास हो रहा है। लेकिन आरएसएस द्वारा संचालित विद्यालय में नैतिकता के साथ संस्कार की भी शिक्षा बच्चों को दी जाती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कार्यकर्ता देश के विभिन्न जगहों पर आयी आपदा में सहयोग के लिए बढ़ चढ़कर हिस्सा लेते रहे हैं। शीत शिविर के बाद कार्यकर्ताओं के साथ बैठक आयोजित की गयी जिसमें संगठन से जुड़े कई विषयों पर विमर्श किया गया। कार्यक्रम में जिला सह संघ चालक रामकुमार केसरी, जिला कार्यवाह जीवछ लाल ठाकुर, फारबिसगंज नगर संघचालक उपेंद्र राउत, विहिप के मंचन केसरी, संतोष, संजय साह, निताय दत्ता, ओमप्रकाश, शंभु, भोला, देवानंद सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।

0 comments:

Post a Comment