Friday, November 12, 2010

छठ: महिला श्रमिकों ने संभाली सफाई की कमान

अररिया, जागरण प्रतिनिधि: जब व्यवस्था पिछड़ जाती है तो आम जन आगे आ जाते हैं। गुरुवार को अररिया में यही हुआ। सब जानते हैं कि शहर के बीचोबीच गुजरने वाली एबीसी नहर में पानी नहीं के बराबर था। नहर में गंदगी व कचरे का राज और छठ जैसा महापर्व बिल्कुल सामने।
वहीं, अप स्ट्रीम में मेन नहर 78 व 72 आरडी पर क्षतिग्रस्त है। जब ऐसा था तो प्रशासन व नप ने नहर में अ‌र्घ्य व स्नान को ले पानी की व्यवस्था करने के लिये समय रहते कुछ क्यों नहीं किया?
हालांकि शहर वासियों ने सड़क जाम कर अपनी बात प्रशासन के सामने उठायी। इसके बाद प्रशासन सक्रिय हुआ। एसडीओ डा. विनोद कुमार एसएचओ राम शंकर सिंह के साथ जामस्थल पर पहुंचे। लोगों को समझा बुझा कर जाम हटवाया। उन्होंने पानी व सफाई के लिये यथा संभव व्यवस्था करने का आश्वासन दिया। किस हद तक व्यवस्था होती है, इसका पता तो कल चलेगा, लेकिन जाम हटने के बाद बड़ी संख्या में नहर पर लायी गयी महिलाओं ने गंदगी के बावजूद कचरा हटाने की कमान संभाल ली। पुरुष श्रमिक नजर नहीं आये।
इस संबंध में पूछे जाने पर एक महिला श्रमिक ने बताया कि बाबू, छठि मैया के महिमा बड़ा अपार छै। हम सब साफ सुथरा करै छियै ते सुरुज भगवान जरूर सहाय हेतै।

0 comments:

Post a Comment