Sunday, June 12, 2011

तीन माह के अंदर फारबिसगंज स्टेशन का होगा कायाकल्प: डीआरएम


फारबिसगंज (अररिया) : कटिहार के वरीय मंडल रेल प्रबंधक भूषण पाटिल ने कहा है कि तीन महीने के अंदर फारबिसगंज स्टेशन का कायाकल्प कर दिया जायेगा। उन्होंने कहा है कि फारबिसगंज स्टेशन को आकर्षक और सुविधा युक्त बनाया जायेगा। डीआरएम श्री पाटिल वरीय रेल अधिकारियों के साथ शनिवार को फारबिसगंज जंक्शन रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान स्टेशन पर यात्री सुविधाओं की कमी देख उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। डीआरएम भूषण पाटिल ने स्टेशन परिसर स्थित यूटीएस, पीआरएस, महिला प्रतीक्षालय, शौचालय, यात्री शेड, पेयजल सहित विभिन्न कार्यालयों का भी निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा निर्देश दिये। उन्होंने इस दौरान वर्षा के कारण उत्पन्न जल-जमाव की समस्या के त्वरित निष्पादन का आदेश दिया। इधर टिकट के लिये काउंटर पर यात्रियों के लगी लंबी कतार को देख उन्होंने टिकट काउंटर की संख्या बढ़ाये जाने का भी निर्देश दिया। वहीं पत्रकारों को उन्होंने बताया कि वे स्टेशन की वर्तमान व्यवस्था से संतुष्ट नहीं हैं। यहां यात्री सुविधाओं के लिए व्यापक बदलाव किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि स्टेशन को सुविधायुक्त एवं आकर्षक बनाने की दिशा में शीघ्र कदम उठाये जायेंगे। तीन महीने के भीतर सारी यात्री सुविधायें यहां उपलब्ध करायी जायेगी। इस दौरान जदयू का एक शिष्ट मंडल भी डीआरएम से मिलकर उन्हें समस्याओं से अवगत करवाया। शिष्ट मंडल में नगर अध्यक्ष नौशाद आलम, किशोर राम, मीना झा, राजू पासवान, उमेश राय, समीम शामिल थे। डीआरएम के साथ सीनियर डीएमई प्रणव गुप्ता, सीनियर डीईई डीएन महतो, सीनियर डीसीएम, बीबी गुप्ता, सीनियर डीईएन अनिल कुमार, आरपीएफ के एसी आरके मिश्रा, सुशील कुमार मंडल, सैयद एहसान, विनोद सरावगी आदि उपस्थित थे।

0 comments:

Post a Comment