Monday, October 31, 2011

प्रखंड कार्यालय में कर्मियों की शीघ्र तैनाती हो: अध्यक्ष


जोकीहाट (अररिया) : जोकीहाट प्रखंड कार्यालय में विगत दो माह से कर्मी नहीं हैं, जिससे क्षेत्र में विकास कार्य ठप है। मुखिया संघ की अध्यक्ष आशिया परवीन ने जिला प्रशासन से इस दिशा में शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। क्योंकि कर्मियों की लगातार अनुपस्थिति से विकास कार्यो पर असर पड़ रहा है।
ज्ञात हो कि इंदिरा आवास के विवाद मामले में फंसे प्रखंड के प्रधान सहायक व नाजिर लगभग दो माह से कार्यालय से अनुपस्थित हैं लेकिन अबतक प्रशासन द्वारा किसी अन्य कर्मी की प्रतिनियुक्ति अथवा कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है। इंदिरा आवास, ओलावृष्टि की मुआवजा राशि, बीआरजीएफ, कबीर अन्त्येष्टि, कन्या विवाह सहित विभिन्न योजनाओं की राशि लाभुकों तक नही पहुंच पा रही है। प्रखंड मुखिया संघ अध्यक्ष आशिया परवीन ने बताया कि एक सप्ताह के दौरान प्रधान लिपिक व नाजिर की प्रतिनियुक्ति प्रखंड कार्यालय में नही की गई तो सभी मुखिया एवं समिति व वार्ड सदस्य प्रखंड कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन के लिए मजबूर होंगे। इस दौरान डूबा के मुखिया मो. इसराइल, बगडहरा की मुखिया कुलसुम, मटियारी की मुखिया अनवरी खातुन, चिरह की मुखिया हुस्नआरा, सिमरिया की मुखिया रबीना खातुन आदि भी उपस्थित थे।

0 comments:

Post a Comment