Friday, November 4, 2011

पेट्रो मूल्य वृद्धि आम जन के साथ भद्दा मजाक


अररिया : पेट्रोलियम पदार्थो की लगातार मूल्य वृद्धि से लोग केंद्र सरकार के प्रति गहरे आक्रोश में हैं तथा इसे आम जन के साथ भद्दा मजाक बता रहे हैं। लोगों का मानना है कि पेट्रोल की कीमत में बढ़ोतरी से आम जन जीवन बेहद कठिन हो जायेगा।
गुरुवार को हुई पेट्रो मृल्य वृद्धि से विपक्षी पार्टियों के नेता व कार्यकर्ता तो आक्रोशित हैं ही इस बार आम लोगों का गुस्सा भी उभर कर सामने आ रहा है। भाजपा नेता व सांसद प्रतिनिधि संजय मिश्रा ने पेट्रोल की कीमत में वृद्धि को आम जनता के साथ कांग्रेस की सरकार का भद्दा मजाक करार दिया। वहीं, कंप्यूटर व्यवसायी शमीम अख्तर मंटू ने बताया कि कांग्रेस सरकार जन विरोधी है। यह जब जब आती है तो केवल दाम बढ़ाती है। मोबाइल व्यवसायी कामरान अहमद ने कहा कि पेट्रोल के दाम बढ़ने से अब बाइक पर चढ़ना भी मुश्किल हो गया है। साइकिल पर चढ़ने के अलावा और कोई रास्ता नहीं बचा है। वहीं, कपड़ा व्यवसायी मनीष पेंचा ने इस वृद्धि को जन विरोधी बताया। साइकिल व्यवसायी अब्दुल रब मोती ने कहा कि कांग्रेस की सरकार को जनता की कोई परवाह नहीं है। पेट्रोल का दाम बढ़ाने से आम लोगों का जीवन बेहद मुश्किल हो जायेगा। एक अन्य व्यवसायी इरसादुल हक ने इस मूल्य वृद्धि को आम जनता के सुख पर गहरा आघात बताया। उन्होंने कहा कि बाइक के कारण लोग अपने कार्यो को तेजी से पूरा कर लेते थे, लेकिन पेट्रोल की कीमत बढ़ जाने से अब इसमें कठिनाई होगी। जूता व्यवसायी बबलू ने कहा कि इस वृद्धि के लिए केंद्र सरकार की जितनी भी आलोचना की जाय वह कम ही होगी। व्यवसायी इकबाल अहमद, सुभाष व जावेद ने पेट्रो मूल्य वृद्धि को सरकार की विफलता बताया और इसे तुरंत वापस लेने की मांग की।
वहीं, मोटर साइिकल गैरेज के मालिक रहे मो. इदरीश ने कहा कि पेट्रोल का दाम बढ़ा कर केंद्र सरकार ने यह साबित कर दिया कि उसे आम जनता के हित की कोई परवाह नहीं है।

0 comments:

Post a Comment