Wednesday, November 2, 2011

आस्था व श्रद्धा के साथ मनायी गई छठ


फारबिसगंज/जोकीहाट/नरपतगंज/भरगामा/सिकटी/रेणुग्राम (अररिया) : लोक आस्था का महापर्व छठ मंगलवार की संध्या तथा बुधवार प्रात:काल आदि देव भास्कर को अ‌र्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया। फारबिसगंज सहित ग्रामीण क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं ने पारंपरिक आस्था व भक्ति के साथ मनाया। इस अवसर पर शहर के कोठीहाट नहर, सुल्तान पोखर, डा. अलख बाबू का तालाब पंचमुखी मानसरोवर, पंडित लक्ष्मी नारायण तिवारी छठ पोखर, सीता धार, कालेज नहर आदि जलाशय के घाटों पर छठव्रतियों ने भगवान आदित्य को अ‌र्ध्य दिया। इन सभी छठ घाटों को बिजली की लड़ी तथा फुल मालाओं से बड़े ही आकर्षक रूप से सजाया संवारा गया था। हालांकि कहीं जल का अभाव तो कहीं गंदा पानी तो कही साफ-सफाई की कमी के कारण व्रतियों को परेशानी झेलनी पड़ी।
वहीं छठ पर्व के मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जहां घाटों पर प्रशासन द्वारा दंडाधिकारी प्रतिनियुक्त किए गये थे। तो दूसरी ओर पुलिस द्वारा भी लगातार गश्ती की गई। कुल मिलाकर महापर्व के दौरान शहरों एवं ग्रामीण क्षेत्र में भक्ति व उत्सव का माहौल बना रहा।
सिकटी से संवाद सूत्र के अनुसार लोक आस्था का पर्व छठ प्रखंड के सभी भागों में परंपरागत हर्षोल्लास के साथ मंगलवार एवं बुधवार को मनाया गया। इस अवसर पर छठ व्रतियों द्वारा बकरा ,घाघी नूना नदी सहित सैकडों तालाब स्थित छठ घाटों पर मंगलवार की शाम अस्ताचल गामी तथा बुधवार को अहले सुबह उदीयमान भगवान सूर्यदेव को अ‌र्ध्य देकर पूजा अर्चना की। छठ पूजा के अवसर पर बरदाहा बाजार से घाघी नदी किनारे तक करीब डेढ किलोमीटर व्रतियों के सुविधा हेतु जेनरेटर लाईट लगाया गया था। इनके अलावे भी सभी घाटों पर लोगों ने पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था अपने स्तर पर की थी। विधि व्यवस्था हेतु सिकटी थानाध्यक्ष अजय कुमार सिंह एवं बरदाहा थानाध्यक्ष मुरारी प्रसाद सदलबल छठ घाटों पर भ्रमण करते रहे तथा पर्व की शुभकामना दी।
रेणुग्राम से जाप्र के अनुसार सूर्य की उपासना का महा पर्व छठ की पूजा पारंपरिक रूप से बुधवार को भक्तिमय वातावरण में श्रद्धापूर्वक संपन्न हुई। इस अवसर पर घोड़ाघाट, खवासपुर, सिमराहा, मानिकपुर, अम्हारा, समौल, रहिकपुर, ठीलामोहन, शुभंकर पुर, हिंगना, बरदाहा, हलहलिया, लहसनगंज, गुरम्ही सहित कई गांवों में छठ व्रतियों ने नदी, तलाब व नहर के किनारे उदयगामी सूर्य को अ‌र्घ्य अर्पण किया। इससे पूर्व मंगलवार की संध्या लोगों एवं एबीसी नहर के किनारे छठ व्रतियों की काफी भीड़ उमड़ी।
जोकीहाट से निप्र के अनुसार प्रखंड क्षेत्र में आस्था का पर्व छठ बुधवार को शांति व हर्षोल्लास समय वातावरण में संपन्न हो गया। इस अवसर पर विभिन्न नदी, तालाबों में छठ व्रतधारियों की लंबी भीड़ देखी गई। मंगलवार की संध्या जहां छठ व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अ‌र्घ्य देकर पूजा अर्चना की। वहीं बुधवार की सुबह भक्तों ने भगवान भास्कर की आराधना की गयी। इस दौरान जोकीहाट बाजार, चकई, काकन, सिमरिया, केसर्रा, तारण, महलगांव, किशनपुर, बौड़ेल, उखव आदि गांवों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ विभिन्न घाटों व नदी तालाबों में पूजा अर्चना करते दिखे।
भरगामा से जासं के अनुसार सूर्याेपासना का महापर्व छठ बुधवार की सुबह सूरज को अ‌र्ध्य के साथ संपन्न हो गया। पर्व को लेकर प्रखंड क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना रहा। जगह-जगह छठ घाट बनाकर लोगों द्वारा भगवान भास्कर की पूजा अर्चना की गई। हालांकि महंगाई के साथ-साथ पानी की समस्या ने छठ व्रतियों को काफी परेशानी किया व श्रद्धालुओं को काफी कठिनाईयों का सामना भी करना पड़ा।
नरपतगंज से संसू के अनुसार आस्था का महापर्व छठ पूरे प्रखंड क्षेत्र में उत्साह के साथ मनाया गया। छठव्रतियों ने मंगलवार को डूबते सूर्य देवता को पहला अ‌र्द्ध तथा बुधवार को उगते हुए सूर्य देवता को अ‌र्घ्य दिया।
प्रखंड क्षेत्र के सभी गांवों में भी काफी उत्साह एवं निष्ठा पूर्वक सूर्य देवता की पूजा की गई। छठ घाटों को सुंदरता के साथ सजाया गया था। घाट तक जाने वाली सड़क पर रोशनी की व्यवस्था भी की गई थी।
नरपतगंज बाजार में सामूहिक रूप से जेबीसी नहर में छठ पूजा की जाती थी पर इस बार नहर में पानी नही होने के कारण ऐसा नहीं हो पाया। वही मधुरा उत्तर वार्ड नं. 8 के राय पोखर घाट पर मुसलमानों ने भी छठ पूजा का आनंद उठाया तथा पूजा समाप्ति के बाद प्रसाद ग्रहण किया। प्रशासन रात भर गश्ती करते रहे तथा सभी घाटों पर प्रशासन की पैनी नजर रही।

0 comments:

Post a Comment