Wednesday, November 2, 2011

प्रखंड मुख्यालय में दमकल की मांग अधर में


कुर्साकांटा (अररिया) : इस प्रखंड में दमकल दल की तैनाती की मांग वर्षो से अधर में लटकी है। आग की लपटों में आए दिन जान-माल सहित लाखों की संपत्ति खाक होती रही है। प्रखंड प्रमुख धनजीत सिंह ने प्रखंड के पहुंसी गांव में हुए भीषण अग्निकांड के बाद पीड़ितों की सुधि लेने के बाद कहा कि जब तक प्रखंड में अग्निशमन दस्ता की तैनाती नही की जायेगी तबतक आगजनी की घटनाओं पर अंकुश नही लगेगा।
उन्होंने कहा कि विगत एक वर्ष में गरैया, परबत्ता कमलदाहा आदि गांवों में अग्निकांड की अनेक घटनाएं घटी हैं। इनमें मवेशियों की काफी संख्या में मौत हुई एवं धन संपत्ति की भारी क्षति हुई है। इस प्रकार की घटना के तुरंत बाद अगर अग्निशमन दस्ता की सुविधा उपलब्ध रहता तो इतने बड़े पैमाने पर क्षति होने से बचाया जा सकता था।
अग्निपीड़ित गुरुदेव सिंह ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि मानव जीवन में सबसे बड़ी त्रासदी है किसी के घर में आग लग जाना। दो घंटों में लोग लाखपति से खाकपति होकर सड़क पर आ जाते हैं। वहीं पूर्व राज्यमंत्री विजय कुमार मंडल ने कहा कि फसल में दाना नही रहने पर दस हजार रुपये प्रति हेक्टेयर, सूखा पड़ने पर डीजल बीज अनुदान देने की घोषणा की जाती है परंतु सबसे बड़ी त्रासदी आग लग जाने पर चंद रुपये और अनाज देकर जले पर नमक छिड़क दिया जाता है। उन्होंने कहा कि अग्निपीड़ित परिवारों की क्षति का आकलन कर उचित मुआवजा मिलना चाहिए। वहीं पहुंसी पंचायत के मुखिया बालकृष्ण सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का ध्यान आकृष्ट कराते हुए जिले के सभी प्रखंडों में अग्निशमन दस्ता उपलब्ध कराने की मांग की।

0 comments:

Post a Comment