Monday, October 31, 2011

सुधरेगी बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था


अररिया : अररिया शहर में बैलगाड़ी की रफ्तार से चलने वाला यातायात व्यवस्था में सुधार के आसार हैं। एसपी गरिमा मलिक ने राज्य पुलिस मुख्यालय को जिले में चालीस ट्रैफिक पोस्टों के निर्माण का प्रस्ताव भेजा है।
पुलिस कप्तान ने बताया कि जिले में शहरीकरण की रफ्तार बेहद तेज गति से बढ़ रही है, जिसका सीधा असर ट्रैफिक व्यवस्था पर पड़ा है। खासकर शहरी क्षेत्र में जाम की समस्या बेहद बढ़ गयी है।
उन्होंने बताया कि इस समस्या के दूर करने के लिए राज्य पुलिस मुख्यालय को चालीस ट्रैफिक पोस्टों के निर्माण का प्रस्ताव भेजा गया है। इनमें से 20 अररिया अनुमंडल में तथा 20 फारबिसगंज अनमुंडल में बनेंगे। श्रीमती मलिक ने बताया कि पुलिस का ध्यान ऐसे बाजारों पर भी है जो नगर क्षेत्र नहीं है, लेकिन वहां कमर्शियल गतिविधियां जमकर होती हैं। इन स्थानों पर पीक आवर में पुलिस के जवानों को यातायात संचालन में लगाया जायेगा।
एसपी ने यह भी बताया कि अपराध नियंत्रण की गति तेज करने के लिए टीओपी (टाउन आउट पोस्ट) बनाने का प्रस्ताव भी बनाया जा रहा है। इसके लिए संबंधित पुलिस उपाधीक्षकों को निर्देशित किया गया है। टीओपी के लिए ऐसे स्थानों का चयन किया जायेगा, जहां आपराधिक घटनाओं की संख्या अधिक हो या फिर आर्थिक गतिविधियां व लोगों की आवाजाही अधिक होती हों।

0 comments:

Post a Comment