Sunday, October 24, 2010

डायन बता महिला की पिटाई, घर फूंका

अररिया। फारबिसगंज थाना क्षेत्र के किरकिचिया पंचायत में शुक्रवार की संध्या एक महिला को डायन बताकर उसके साथ मारपीट किये जाने का मामला प्रकाश में आया है। ग्रामीणों ने उसके परिजनों के साथ भी मारपीट की है तथा उसके घर को भी आग के हवाले कर दिया है। महिला समेत चार घायलों को फारबिसगंज रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित महिला सावित्री देवी के लिखित आवेदन पर गांव के करीब डेढ़ दर्जन महिला-पुरूष के खिलाफ फारबिसगंज थाना में कांड संख्या 409/10 दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। घायलों में सावित्री देवी के अलावा उसका पुत्र संजय पासवान, देवर प्रकाश पासवान एवं उनकी पत्‍‌नी संगीता देवी शामिल हैं। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार गांव के ही चंपालाल पासवान की नौ माह की नतिनी की मौत शुक्रवार को अस्पताल में इलाज के दौरान हो गयी थी। लेकिन उन लोगों का कहना था कि डायन सावित्री देवी के कारण ही बच्ची की मौत हुई है। इसके बाद सावित्री देवी के घर पहुंच कर उन लोगों ने मारपीट शुरू कर दिया। जबकि बीच बचाव करने गये परिजनों के साथ भी उन लोगों ने मारपीट की। पीड़ित महिला ने उसे मैला पिलाने का भी आरोप लगाया है। उन लोगों ने उसके फूस के घर को भी आग के हवाले कर दिया। बाद में पीड़ित पक्ष थाना पहुंच कर न्याय की गुहार लगाई। पीड़िता ने एक ही परिवार के चंपालाल पासवान सहित शिक्षक उमेश प्रसाद पासवान, अशोक पासवान, कृष्णदेव पासवान, डेढ़ दर्जन पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया हैI

0 comments:

Post a Comment