Wednesday, May 25, 2011

चोरी के बोलेरो के साथ दो वाहन चोर गिरफ्तार


फारबिसगंज/जोगबनी (अररिया) : फारबिसगंज अनुमंडल के सीमावर्ती जोगबनी थाना की पुलिस ने मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय वाहन चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से नेपाल में बेचे जाने वाली एक नई बोलेरो गाड़ी भी पकड़ाई है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने बोलेरो के साथ भाग रहे दो चोरों को जोगबनी-फारबिसगंज मार्ग स्थित बथनाहा के समीप पकड़ा। भागने के क्रम में वाहन चोर चालक अपना नियंत्रण खो बैठे और गड्ढे में जा गिरा।
गिरफ्तार वाहन चोरों में मधेपुरा जिला के सिंहेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपट्टी गांव निवासी साधु प्रसाद सिंह का पुत्र चंदन कुमार सिंह तथा मुरलीगंज थाना क्षेत्र के सखुवा गांव निवासी अंबिका प्रसाद सिंह का पुत्र मनीष कुमार उर्फ बिन्दू सिंह शामिल है।
जोगबनी थानाध्यक्ष एके पाल ने बताया कि सफेद रंग की नई बोलेरो (डब्लू बी 74 पी/6329) जोगबनी रेलवे स्टेशन पर बेची जा रही थी जिसकी सूचना पुलिस को मिलने के बाद चोरों को पकड़ने की कार्रवाई शुरू हुई लेकिन इसकी भनक चोरों को लगते ही वे भागने लगे। इधर बरामद बोलेरो की नंबर जांच के क्रम में वह नंबर बंगाल के किसी इंडिका कार का मिला है।
दोनों वाहन चोर विभिन्न थाना क्षेत्रों में किए गए अपराधों के सिलसिले में कई बार जेल की हवा खा चुके हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि उक्त वाहन चोर गिरोह भारतीय क्षेत्र में चोरी किए गए वाहनों को नेपाली क्षेत्र में चोरी छुपे बेचने का काम करता था। श्री पाल ने बताया कि दोनों वाहन चोर बोलेरो को नेपाल में बेचने के लिए जोगबनी रेलवे स्टेशन पर पहुंचे थे,जहां नेपाली युवकों के साथ सौदेबाजी चल रही थी लेकिन नेपाल में चल रहे बंदी के कारण नेपाली युवक ने बोलेरो को मंगलवार के दिन ले जाने में आनाकानी कर रहे थे।
इस सौदेबाजी की जानकारी जोगबनी थाना पुलिस को मिलने के बाद स्टेशन पर खोजबीन की गई। जिसकी भनक लगते ही दोनों वाहन चोर वाहन के साथ फरार होने लगे जिसका पीछा करती पुलिस ने बथनाहा में धर दबोचा। गिरफ्तार वाहन चोरों ने गिरोह के बारे में कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी है।

0 comments:

Post a Comment