Monday, May 9, 2011

चुनावी रंजिश में युवक की गोली मारकर हत्या


भरगामा (अररिया) : मतदान की समाप्ति के बाद चुनावी रंजिश का दुष्परिणाम सामने आने लगा है। रविवार की रात्रि चुनावी रंजिश को ले भरगामा थाना क्षेत्र के जहद गांव में रमेश यादव नामक (32 वर्षीय) युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की भाभी पंचायत चुनाव में समिति सदस्य पद से प्रत्याशी थी। वहां पांचवें चरण में मतदान संपन्न हो गया है। घटना की सूचना पर भरगामा थाना पुलिस ने पीओ पर पहुंचकर मृतक के शव को कब्जे में ले लिया तथा सोमवार को उसका अंत्यपरीक्षण कराया है।
इधर,घटना को लेकर मृतक के भाई महेश कुमार यादव के लिखित बयान पर भरगामा थाना में कांड सं. 43/011 के तहत नामजद प्राथमिकी दर्ज की गयी है। जिसमें जहद गांव के राजेन्द्र यादव, बद्री यादव, कैलाश यादव, शैली देवी, गजेन्द्र यादव व बद्री यादव के दामाद मिथिलेश यादव को मुख्य आरोपी बनाया गया है। बताया गया है कि नामजद राजेन्द्र यादव भी वार्ड सदस्य पद से चुनाव लड़ रहे हैं। दोनों पक्षों के बीच चुनाव के समय से मतभेद चल रहा था।
दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक मृतक का भाई महेश कुमार यादव रात्रि के करीब 9 बजे जहद गांव में ही अपने बहनोई अनिल यादव के यहां से उसकी मोटर साइकिल सं. बीआर- 38 ए 8010 से नजदीक के परसा हाट जा रहे थे। जैसे ही वे सत्यनारायण मंडल के घर के समीप पहुंचे कि नामजद सभी लोगों ने उसे घेर लिया। महेश की उन लोगों से झड़प होने लगी। तभी आवाज सुनकर महेश के भाई रमेश यादव व समर्थक भी वहां पहुंच गये। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गयी। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार इसी बीच राजेन्द्र यादव ने देशी राइफल से रमेश यादव के सीने पर गोली चला दी। जिससे उसकी मौत तत्काल घटना स्थल पर ही हो गई। मौत की खबर गांव में आग की तरह फैल गयी। इसके बाद वहां तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गयी। बाद में भरगामा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर मृतक के शव को कब्जे में लिया तथा स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल वहां स्थिति तनावपूर्ण किंतु नियंत्रण में बतायी गयी है। वैसे ग्रामीणों ने वहां प्रतिशोध में हत्या व मारकाट की घटना को अंजाम दिये जाने की आंशका व्यक्त की है।

0 comments:

Post a Comment