Wednesday, May 11, 2011

फारबिसगंज में मतदान आज, तैयारी पूरी



फारबिसगंज (अररिया) : पंचायत चुनाव के आठवें चरण के मतदान के लिए फारबिसगंज प्रखंड में प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई है। प्रखंड के 32 पंचायतों में गुरुवार को मतदान होना है। करीब एक लाख 90 हजार 467 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके लिए प्रखंड में 449 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं जहां 3235 प्रत्याशियों के लिए वोट दिए जाएंगे। मतदान के बाद फारबिसगंज कालेज परिसर में मतगणना की व्यवस्था की गई है। जहां गहमा-गहमी बनी हुई है। इधर गुरुवार को होने वाले मतदान को लेकर पीठासीन पदाधिकारियों, कर्मचारियों तथा सुरक्षा बलों को संबंधित मतदान केन्द्रों के लिए बुधवार को ही रवाना कर दिया गया। इसके लिए सैकड़ों की संख्या में ट्रैक्टरों तथा अन्य वाहनों की व्यवस्था की गई है। पोलिंग पार्टियों को फारबिसगंज कालेज परिसर में बनाये केन्द्र से कागजातों के साथ रवाना किया गया। जबकि पेट्रोलिंग पाटियों को भी आवश्यक दिशा निर्देश के साथ रवाना किया गया। प्रखंड को 21 सेक्टर तथा छह जोन में बांटा गया है। जिसमें पोलिंग पार्टी की संख्या 121 तथा पेट्रोलिंग पार्टी की संख्या भी 121 है। मतदान को लेकर पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। फारबिसगंज प्रखंड में वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध लगाया गया है। जबकि उपद्रवी तत्वों के साथ कड़ाई से निबटने का निर्देश दिया गया है। जिला पदाधिकारी एम सरवणन तथा एसपी गरिमा मलिक मतदान के दिन क्षेत्र का भ्रमण करेंगे। मतदान को लेकर पुलिस बल की तैनाती बूथों पर की गई है।

0 comments:

Post a Comment