Saturday, July 7, 2012

अगलगी में चार मवेशी झुलसे, एक लाख की क्षति

जोकीहाट : प्ररवंड क्षेत्र के पथराबाड़ी पंचायत अंतर्गत महदेवा गांव में शुक्रवार की रात अचानक लगी आग से दो घर तथा चार मवेशी सहित एक लाख की संपति जलकर नष्ट हो गई। आग उस समय लगी जब सभी गृहस्वामी अपने-अपने घरों में सो रहे थे। अग्निपीड़ितों में हबीब व ताहिर के नाम शामिल हैं। पंसस निकहत परवीन, उपमुरिवया अरशद आलम, रइसुद्यीन आदि ने अग्निपीड़ितों के बीच राहत सामग्री एवं इंदिरा आवास वितरण की मांग की है।

तीन हजार किलो तस्करी की चाइनीज सेब जब्त


पलासी(अररिया) : गुप्त सूचना के आधार पर अररिया एसपी शिवदीप लांडे के निर्देश पर पलासी थाना पुलिस ने नेपाल से तस्करी कर लाए गए तीन हजार किलो चाइनीज सेब शनिवार को मैना डेंगा चौक पर जब्त कर लिया। जब्त सेब पिकअप वैन व मैजिक पर लदा था। पुलिस दोनों चालक के साथ माल पहुंचाने वाले एक युवक को भी हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। तस्करी के पकड़े गए 121 कार्टून सेब की कीमत पुलिस द्वारा करीब छह लाख बतायी जा रही है।
एसपी शिवदीप लांडे ने पकड़े गए युवक से पूछताछ के पश्चात बताया कि यह सेब तस्करी का है जिसे कस्टम विभाग को सौंपा जायेगा। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की रात उन्हें गुप्त सूचना मिली कि नेपाल से तस्करी के सेब आज रात पलासी थाना क्षेत्र से होकर बिहार के विभिन्न जिलों में जाने वाली है।
इस बाबत तत्काल पलासी थानाध्यक्ष आरबी सिंह को चौकसी बरतने का निर्देश दिया गया। पलासी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्षेत्र से होकर जाने वाली विभिन्न रास्तों पर जाल बिछाया। इस क्रम में शनिवार अहले सुबह पलासी पुलिस ने मैना डेंगा के समीप सेब से लदे पिकअप वैन व मैजिक गाड़ी को पकड़ा। हालांकि चालक ने गाड़ी लेकर भागने का प्रयास किया, किंतु सफल न हो पाया। पुलिस ने दो चालक सहित एक अन्य माल पहुंचाने वाले युवक को भी दबोचा। श्री लांडे ने बताया कि पूछताछ के क्रम में पकड़े गए उक्त युवकों ने जब्त 121 कार्टून सेब में से एक गाड़ी अररिया के सेब व्यवसायी सउद तथा दूसरी गाड़ी बहादुरगंज(किशनगंज) के फल व्यवसायी मजहर के यहां जाने वाला था। इस क्रम में उन्होंने बताया कि यह सेब स्वास्थ्य के लिए काफी हानिकारक होता है। चाइनीज के लोगो लगा सेब नेपाल के अंदर कोल्ड स्टोरेज में रखा जाता है। जहां से भारत के बिहार के अररिया, किशनगंज, भागलपुर, पटना के अलावा कलकत्ता व अन्य शहरों में भेजा जाता है। इस सेब में जेनेटिकली काफी प्राब्लम है इसे कृत्रिम ढंग से जल्द में तैयार किया जाता है जो सेब भारत में प्रतिबंधित है। एसपी ने कहा कि वे अररिया से भी खाद्य पदाधिकारी के माध्यम से तत्काल इस सेब को बंद करायेंगे। साथ ही सरकार को भी इस बाबत लिखेंगे। पकड़ाए युवक में चालक मो. मुजफ्फर साकिन तरबी थाना पलासी टाटा आरएक्स बीआर 38 डी- 5039 पीकअप वैन, मैजिक गाड़ी नंबर बीआर 38 बी-4839 चालक रिजवान साकिन बागमारा जोकीहाट तथा माल पहुंचाने वाला किशोर कुमार साह साकिन दर्शना जोकीहाट का रहने वाला बताया जा रहा है। मौके पर थानाध्यक्ष आरबी सिंह, पु.अ.नि. मिथिलेश कुमार आदि मौजूद थे।

उच्च न्यायालय ने 22 शिक्षकों को किया बर्खास्त


जोकीहाट(अररिया) : जिले में पंचायत शिक्षक नियोजन में धांधली की खबरों के बीच हाईकोर्ट ने जोकीहाट के बारा इंस्तबरार पंचायत के 22 शिक्षकों की सेवा समाप्त कर दी है। उच्च न्यायालय के इस फैसले के बाद फर्जी तरीके से नियोजित हुए शिक्षकों और नियोजन इकाईयों के बीच हड़कंप मचा है।
जानकारी अनुसार माननीय उच्च न्यायालय में दायर वाद सीडब्लूजेसी , 7640/09 के एक महत्वपूर्ण फैसले में न्यायाधीश मिहीर कु मार झा ने पंचायत शिक्षक नियोजन 2006 में नियोजित22 शिक्षकों के नियोजन को रद्द करते हुए सेवा समाप्ति का आदेश दिया है। साथ-साथ नियोजन में बरती गई अनियमितता को लेकर तत्कालीन नियोजन समिति के मुखिया,पंचायत सचिव एवं अन्य समिति सदस्यों पर कार्रवाई का भी आदेश दिया है। अपने फैसले में न्यायाधीश श्री झा ने कहा है कि सभी शिक्षकों के नियोजन को रद्द करते हुए नये सिरे से पर्यवेक्षक की मौजूदगी में पुनर्काउंसिलिंग कर नियोजन किया जाय। न्यायालय के फैसले से नियोजन से वंचित आवेदकों ने खुशी व्यक्त किया है। गौरतलब है कि इससे पूर्व जिला अपीलीय प्राधिकार ने बारा इंस्तबरार पंचायत शिक्षक नियोजन 2006 को काफी त्रुटिपूर्ण बताते हुए सारे नियोजन प्रक्रिया को ही फर्जी करार दिया था। प्राधिकार पदाधिकारी ने अपने निर्णय में काउंसलिंग पंजी फर्जी,आरक्षण नियम का उलंघन,सामान्य की जगह उर्दू शिक्षक का चयन आदि कई अनियमितताएं उजागर किया था। उच्च न्यायालय पटना के आदेशानुसार जितेन्द्र राय,नीलम कुमारी,नौशाद आलम,बंाकेश्वर मांझी,रबिया रवातुन,गायत्री देवी,परवीना बेगम,बीबी शाहीन,फरहाना बेगम,रेणु कुमारी,रेरवा कुमारी,जानकी देवी,बीबी दरख्शां,आशता परवीन,शमीम अख्तर,नईमुद्दीन,नवीन कुमार,हेना कौसर,कपुरचंद मंडल,नजमुद्दीन,नौशाद आलम को बर्खास्त किया गया है। इस सिलसिले मे पूछने पर बीईओ गयासुद्दीन अंसारी ने बताया कि जल्द ही तिथि निर्धारित कर पुनर्काउंसिलिंग कर नियोजन प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।

कीचड़ से परेशान बाजार वासियों ने किया एनएच जाम

नरपतगंज (अररिया) : नरपतगंज बाजार के महावीर चौक से मिरदौल एवं महावीर चौक से हास्पीटल चौक जाने वाली सड़क में कीचड़ से तंग आकर दोनों सड़क किनारे के दुकानदार एवं बाजार वासियों ने दो घंटे तक एनएच 57 को जाम रखा। इन दोनों प्रमुख सड़कों की स्थिति इतनी खराब है कि थोड़ी सी बारिश होने के बाद सड़क पर इतनी पानी जमा हो जाती है कि सड़क पर चलना मुश्किल हो जाता है। जिससे तंग आकर बाजार वासियों ने शुक्रवार को नरपतगंज आवागमन बाधित कर दिया। जिसके कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम करने वाले हसन राजा उर्फ हुसनु, मो. जब्बार, विद्यानंद साह, रमेश भगत, सुनिल सिंह, नारायण साह, बबन जी, कमल देव, बबलू ठाकुर आदि का कहना है कि गैमन इंडिया की लापरवाही के कारण इस प्रकार की समस्या उत्पन्न हुई है। क्योंकि एनएच 57 के निर्माण के बाद पानी के बहाव नही होने के कारण सड़क पर इस प्रकार की समस्या आयी है। मौके पर अंचल पदाधिकारी जयराम सिंह पहुंचकर ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम हटवाया तथा गैमन इंडिया के अधिकारियों से बात कर सड़क की मरम्मत जल्द से जल्द करने को कहा।

जोकीहाट प्रखंड कार्यालय भगवान भरोसे


जोकीहाट(अररिया) : प्रखंड कार्यालय जोकीहाट को आखिर किसकी नजर लग गई है ये कोई बताने को तैयार नहीं। करीब एक वर्ष से विकास कार्य के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है। गैरकी पंचायत इंदिरा आवास में गड़बड़ी के मामले में जब से प्रखंड के प्रधान लिपिक रणवीर पासवान, नंदमोहन, शमशाद आलम का नाम पुलिस अनुसंधान में आया है तब से ये कर्मी कार्यालय से अनुपस्थित रह रहे हैं। विडंबना है कि यहां के तीन कर्मी बाहर प्रतिनियुक्त कर दिए गये हैं।
इधर, कर्मियों की अनुपस्थिति से तकरीबन सारे कार्य ठप पड़े हैं। इंदिरा आवास, कन्या विवाह योजना, बीआरजीएफ, तेरहवीं वित्त आयोग आदि योजनाओं के क्रियान्वयन को कोई कार्य नहीं हो रहा।
आश्चर्य की बात यह है कि प्रखंड कार्यालय जोकीहाट के तीन कर्मी अन्य कार्यालयों में वर्षो से प्रतिनियुक्त हैं। महादेव प्रसाद जिला भूअर्जन कार्यालय अररिया में अंबा प्रसाद यादव ट्रेजरी में तथा मिथिलेश कुमार पटना में प्रतिनियुक्त हैं। फिलहाल एक कर्मी हसीबुर्रहमान ही प्रखंड का कार्य देख रहे हैं।
इस सिलसिले में पूछने पर स्थापना उपसमाहर्ता बुद्धप्रकाश ने बताया कि प्रखंड में व्याप्त समस्या के निदान के लिए जिला पदाधिकारी को फाइल भेजी जा रही है।

न चिकित्सक न दवाई, फिर भी दर्जा अस्पताल का


बसैटी (अररिया) : स्वास्थ्य विभाग में सुधार के दावों के बीच एक ऐसा भी अस्पताल है जहां न चिकित्सक हैं न दवाई। रानीगंज प्रखंड के गीतवास बाजार सहित अतिक्ति स्वास्थ्य का भवन खंडहर में तब्दील हो गया है। हालांकि इस केंद्र पर यदा-कदा एएनएम व नर्स दिखाई पड़ती है।
ग्रामीण रामचंद्र चौधरी, अनिल साह, दीपक साह आदि का कहना है कि इस अस्पताल से लोगों को कोई लाभ नहीं मिलता है। दीगर बात है कि भवन अनाज का बोरा रखने एवं रेन बसेरे के काम आ रहा है। देखरेख के अभाव में भवन जर्जर होता जा रहा है। इस केन्द्र पर न तो दवाई दी जाती है और ना ही चिकित्सक आते हैं जबकि चार स्वास्थ्य कर्मी पदस्थापित हैं। ग्रामीण बताते हैं कि 15 वर्ष पूर्व इस अस्पताल में प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में रोगियों का जांच कर दवाइयां वितरण किया जाता था। परंतु आज ग्रामीण स्वास्थ्य लाभ से महरूम है। कमोबेश यही स्थिति बसैटी, मिर्जापुर, बेलसरा, परसा हाट, अति स्वास्थ्य केन्द्र की है जहां लोग स्वास्थ्य लाभ से वंचित हो रहे हैं। इन क्षेत्र के लोग नीम हकीम डाक्टर के हत्थे चढ़ने को विवश है।
क्या कहते है पदाधिकारी:
रेफरल अस्पताल रानीगंज के प्रभारी चकित्सक सीपी मंडल इन आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहते हैं रानीगंज में रानीगंज में मात्र चार चिकित्सक हैं। सभी आयूष चिकित्सक को पदस्थापित किया गया है। अब आयुर्वेदिक दवाई उपलब्ध हो गयी है। ये चिकित्सक दवाई देंगे। सभी अति स्वास्थ्य केन्द्र पर एएनएम, ए ग्रेड की नर्स एवं आयुर्वेदिक चिकित्सक जाते हैं। शिकायत मिलने उपर उसके विरुद्ध विभाग लिखा जायेगा। उन्होंने कहा कि गीतवास अति स्वास्थ्य केंद्र के मरम्मत कराने हेतु राशि उपलब्ध हो गयी है। शीघ्र ही भवन की मरम्मत करवायी जाएगी।

चौकता पंचायत मनरेगा योजना में गड़बडी की शिकायत,जांच जारी

जोकीहाट(अररिया) : मनरेगा योजना में गड़बड़ी के लिए चर्चित चौकता पंचायत एक बार फिर जांच के दायरे में है। ग्रामीणों की शिकायत पर वरीय उपसमाहर्ता बुद्धप्रकाश ने स्थल पर पहुंचकर कई योजनाओं की जांच भी की। श्री प्रकाश ने बताया कि तीन योजनाओं की जांच की गई। स्थल पर कार्य देखने मात्र से ही गड़बड़ लगता है। श्री प्रकाश ने बताया कि पीआरएस कई दिनों से गायब है। सारा कागजात पीआरएस के पास है। वर्ष 2007-8 में इससे पहले भी मनरेगा घोटाले में चौकता पंचायत में जिला परिषद से संबंधित योजनाओं में शिकायत के बाद सामाजिक अंकेक्षण में कई अनियमितताएं उजागर हुई थी। ग्रामीण विकास सचिव संतोष मैथ्यू ने अररिया पहुंचकर कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा किया था। जिसमें तत्कालीन उपविकास आयुक्त,इंजीनियर वीरप्रकाश सिंह, बागनगर के पोस्टमास्टर ,पार्षद पुत्र आदि पर भी गाज गिरी थी। इसके बावजूद गड़बड़ी थमती नजर नहीं आ रही है।

पैसे के लिए इंसान,बेच रहे ईमान


जोकीहाट(अररिया) : इंसान पैसे के लिए आज कुछ भी कर गुजरने को तैयार है। मानव मानव के जान को खतरे में डाल कर पैसे के बल पर काफी आगे निकल जाना चाहता है। सवाल है जब धरती पर इंसान ही सुरक्षित नहीं रहेंगे तो पैसे किस काम आयेगा। वाकया जोकीहाट का है जहां हरी सब्जी के नाम पर मीठी जहर बेची जाती है। आश्चर्य तो यह है कि ये सब्जी बिक्रेता अब इतने ढीठ हो गये हैं कि सरेआम हरे सब्जी परवल,करेला आदि में रंगों का प्रयोग करते हैं।
क्या कहते हैं डाक्टर?
डाक्टर सुदर्शन झा ने बताया कि सब्जी में हरे रंग के केमिकल से स्वास्थ्य पर बहुत ही बुरा असर पड़ता है। हरे रंग केमिकल के प्रयोग से लीवर, गुर्दा, नर्वस सिस्टम, पाचन तंत्र को नुकसान पहुंचता है। इस केमिकल के प्रयोग से पेट खराब, डायरिया होने का खतरा बना रहता है।
क्या कहते हैं बुद्धिजीवी व ग्रामीण?
बुद्धिजीवियों एवं ग्रामीणों का कहना है कि क्या सब्जी के नाम पर जहर बेचने वाले इन व्यवसायियों के लिए कोई सरकारी नियम नहीं है? तभी तो ये रवुलेआम चौक चौराहों पर सब्जी में बेखौफ रंगों का प्रयोग करते हैं। कुछ दिन पूर्व किशनगंज में पुलिस के हत्थे चढ़े सरसों तेल के मिलावटखोरों ने जोकीहाट को अपना सामान खपाने महत्वपूर्ण मंडी बताया था। मिलावट के नाम पर तरह तरह के गंदे व जानलेवा पदार्थ मिलाया जाता है। मिलावट से परेशान लोगों का कहना है कि चंद पैसों के लिए इंसान ही इंसान की जान लेने को आमदा है।

प्रधानाध्यापक पर फर्जी निकासी का आरोप


जोकीहाट(अररिया) : प्रखंड क्षेत्र के उ.म.वि. उखवा के प्रधानाध्यापक पर विद्यालय शिक्षा समिति के सचिव का फर्जी हस्ताक्षर कर बैंक से राशि निकासी करने का आरोप लगा है। इस मामले को लेकर सचिव ने जिला एमडीएम प्रमारी, डीईओ,बीईओ,इलाहाबाद बैंक के शाखा प्रबंधक को लिखित आवेदन देकर जांच की मांग की गयी है। प्रधानाध्यापक मुजाहिद हुसैन ने आरोपों को गलत बताया। सचिव पुलन देवी ने अपने आवेदन में लिखा है कि जबसे खाता खोला गया तबसे एक बार सचिव से हस्ताक्षर लिया गया है। सचिव व ग्रामीणों का आरोप है कि भवन निर्माण ,एमडीएम की राशि प्रधानाध्यापक द्वारा फर्जी हस्ताक्षर कर निकासी की जाती है। पूछने पर प्रधानाध्यापक बताते हैं कि अब सचिव के हस्ताक्षर की आवश्यकता नहीं है। सचिव का कहना है कि वे महादलित जाति की अनपढ़ महिला है उसे प्र.अ के क्रियाकलाप पर यकीन नहीं है। जांच कर उक्त महिला ने कार्रवाई की मांग की है।

जिला पार्षद के साथ लूटपाट के विरोध में बैठक, सुरक्षा की मांग


फारबिसगंज (अररिया) : रंगदारी को लेकर क्षेत्र संख्या 5 में जिप सदस्य मो. इफ्तखार के साथ लूटपाट के विरोध में शुक्रवार को यहां बैठक कर प्रशासन से सुरक्षा गार्ड मांगने का निर्णय लिया गया। साथ हीं जिप सदस्य मो. इफ्तखार के साथ रंगदारी मांगने तथा लूटपाट करने वाले आरोपी मो. जहांगीर को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की गयी।
बैठक में मौजूद क्षेत्र संख्या ग्यारह के जिप सदस्य प्रयाग पासवान ने घटना की तीव्र निंदा करते हुए कहा कि जिला परिषद सदस्यों पर खतरा उत्पन्न करने वालों को बर्दास्त नही किया जायेगा। इस मामले को जिप की बैठक में भी उठाया जायेगा। इधर जिप सदस्य जितनी देवी, मंजूला देवी, शोभा देवी सहित शंकर विश्वास, नीलम रानी, तौहिद आलम, मो. कलाम, पूर्व मुखिया मो. अशफाक, मुमताज अंसारी सहित अन्य ने घटना की घोर निंदा करते हुए जिप सदस्य मो. इफ्तेखार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग पुलिस-प्रशासन से की। पीड़ित जिप सदस्य मो. इफ्तखार ने कहा कि पूर्व से हीं आरोपी द्वारा रंगदारी के रूप में पांच हजार रुपया की मांग की जा रही थी जिसे नहीं देने पर लूटपाट किया गया।
इधर पीड़ित मो. इफ्तखार के आवेदन पर फारबिसगंज थाना में आरोपी मो. जहांगीर के खिलाफ प्राथमिकी संख्या 237/12 दर्ज कर ली गयी है।

बसैटी में प्रखंड मुख्यालय स्थापना की मांग


बसैटी (अररिया) : रानीगंज प्रखंड के बसैटी पंचायत को प्रखंड मुख्यालय बनाने के स्वीकृति मिले सात-आठ वर्ष गुजर गए परंतु आज तक बसैटी में प्रखंड मुख्यालय का उद्घाटन नही होने से लोगों में सरकार के प्रति नाराजगी व्याप्त है। ग्रामीण पूर्व मुखिया नंद मोहन झा, पूर्व पंचायत समिति सदस्य अकबर अली, वासुदेव मंडल दास, पूर्व जिला पार्षद बे नजीर साकिर आदि बताते हैं कि 2004 से हीं बसैटी पंचायत प्रस्तावित प्रखंड के सूची में शामिल हुआ था। इसकी स्वीकृति भी मिल चुकी थी।
इसके बावजूद भी सरकारी उदासीनता के कारण आजतक बसैटी में प्रखंड का उद्घाटन नही हो सका है। ग्रामीण बताते हैं कि यदि बसैटी में प्रखंड मुख्यालय बन जाने से ग्यारह पंचायतों में विकास की काली छाया दूर हो जायेगा। धोबिनिया, घघरी, मिर्जापुर, नंदनपुर, फरकिया, बौसी आदि पंचायत आज भी विकास की रोशनी से कोसों दूर है। प्रखंड मुख्यालय रानीगंज की दूरी 20 से 25 किमी है। ग्रामीण सड़क गड्ढों में तब्दील है। इन सुदूर क्षेत्रों पदाधिकारियों का आना-जाना बहुत कम होता है। लोगों इतना दूर बीना पक्की सड़क से जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। प्रखंड मुख्यालय दूर रहने के कारण अधिकांश योजनाओं पर बिचौलियों का सम्राज्य कायम रहता है। ग्रामीणों ने सरकार से बसैटी पंचायत में प्रखंड मुख्यालय का उद्घाटन शीघ्र करवाने की मांग की है।

सड़क तट के वृक्षों को अपंग बनाने का सिलसिला जारी


अररिया : हरियाली के दुश्मन लगातार सक्रिय हैं। सरकारी जंगलों में वन विभाग ने कड़ाई की तो अब वे सड़क तट के पेड़ों को निशाना बना रहे हैं। सदियों से पथ तट पर खड़े पुराने पेड़ों को अपंग बनाने का सिलसिला लगातार जारी है। इन वृक्षों की रक्षा का दायित्व आखिर किसका है? ब्रिटिश शासन काल में व देश के आजाद होने के बाद सरकार द्वारा डिस्ट्रिक्ट बोर्ड व लोक निर्माण विभाग की सड़कों के किनारे बड़े पैमाने पर मल्टी स्पेसी के फु्रट बियरिंग पेड़ लगाये गए थे। इनसे जहां आम लोगों को पर्यावरण व फल के रूप में सीधा लाभ होता था, वहीं सरकार के लिए ये करोड़ों की संपत्ति थे। लेकिन हरियाली के दुश्मनों की नजर इन पर लग गयी तथा धीरे धीरे उन्हें काटा जाने लगा। कई जगहों पर सड़क किनारे लगे पेड़ आराम से काटे जा रहे हैं। इतना ही नहीं साजिश के तहत पहले जलावन के नाम पर इन पेड़ों की छाल छील ली जाती है। जिससे पेड़ धीरे धीरे सूख जाते हैं। तब उन्हें आराम से काट कर उपयोग में ले आया जाता है। हरियाली के इन दुश्मनों को रोकने वाला कोई नहीं।
अररिया कोर्ट स्टेशन उससे आगे चंद्रदेई की तरफ जाने वाली सड़क में करोड़ों रुपयों की कीमत के पेड़ थे। लेकिन उन्हें आराम से काट लिया गया।
आखिर ये किसकी संपत्ति हैं? वन परिसर पदाधिकारी हेमचंद्र मिश्रा का कहना है कि सड़क किनारे जिन वृक्षों को रोपण व संधारण वन विभाग द्वारा किया जाता है, उन्हें पीएफ व आरएफ की श्रेणी में रखा जाता है और उनकी रक्षा का दायित्व भी वन विभाग का है। उन्होंने कहा कि अधिकतर सड़कों के तट पर लगे पुराने पेड़ पीडब्लुडी या संबंधित विभाग की संपत्ति हैं। उनकी रक्षा व संधारण भी उन्हीं को करना है। सिर्फ वैसे पेड़ जिन्हें पीएफ या आरएफ की श्रेणी के तहत रखा गया है, वन विभाग की निगरानी में हैं।
इधर, जानकारों की मानें तो डिस्ट्रिक्ट बोर्ड के स्वामित्व वाली सड़कों पर लगे पेड़ सर्वाधिक कट रहे हैं। लेकिन निगरानी की कमी साफ नजर आती है। इतना ही नहीं डिस्ट्रिक्ट बोर्ड अपने पेड़ों की बगैर सूचना के ही आक्शन भी कर देता है।

बिना लाइसेंस धड़ल्ले से बेच रहे खाद

भरगामा (अररिया) : प्रखंड के विभिन्न चौक चौराहों व हाट बाजारों में बिना अनुज्ञप्तिधारी दुकान में रासायनिक खाद धड़ल्ले से बेची जा रही है। ऐसी दुकानें दर्जनों की संख्या में हैं। क्षेत्र के किसान भूमनेश्वर यादव, अशोक यादव, सुबोध कुमार, अशोक कुमार दास का कहना है कि एक तो मौसम की मार से सभी किसान परेशान है उसपर बिना अनुज्ञप्ति धारी दुकानदार की क्षेत्र में भरमार है। किसानों का कहना है कि धान की रोपनी का समय आ चुका है किसान क्षेत्र में व्यापक पैमाने पर धान की खेती करते हैं और बिना अनुज्ञप्ति धारी दुकानों में गुणवत्ता हीन रासायनिक खाद उंचे मूल्य पर धड़ल्ले से बेचा जा रहा है। जबकि इन दिनों वर्षा कम होने के कारण पंप सेट से खेत की पटवन कर धान रोपाई करना पर रहा है उपर से इन खाद विक्रेताओं द्वारा असली के जगह नकली खाद किसानों से बेचा जा रहा है।

अभिषेक बने जदयू जिला किसान प्रकोष्ठ के अध्यक्ष

फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज प्रखंड के गुरमी निवासी अभिषेक कुमार को जदयू जिला किसान प्रकोष्ठ काअध्यक्ष नियुक्त किया गया है। श्री कुमार की मनोनीत पर कार्यकर्ताओं में हर्ष व्यक्त है। उनकी मनोनयन पर जदयू जिला प्रवक्ता पवन मिश्रा, रमेश सिंह, प्रदीप साह, मो. इकबाल, नूर मोहम्मद, गोपाल राय, पोलो ऋषिदेव, दिलीप पटेल, पिंटू दास, किशोर राय, बैद्यनाथ मंडल, सबीर आलम आदि ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए किसानों की समस्या उभर रखने तथा संगठन को मजबूती मिलने की उम्मीद जाहिर की।

रेणु की माटी के लाल ने किया श्रीलंका में कमाल


अररिया : होनहार वीरवान के होत चिकने पात। इस कहावत को अररिया के नन्हे उस्ताद सौरभ आनंद ने शतरंज की दुनिया में चरितार्थ कर दिखाया है। श्रीलंका के हिक्का दुआ में संपन्न हुए अंतर्राष्ट्रीय एशियन यूथ रैपिड चेस चैम्पियनशिप 12 में भाग लेकर तीन गोल्ड मेडल हासिल कर पूरे भारत में बिहार के अररिया की सोंधी माटी की महक फैला दी है।
घर लौटने पर इस अंतर्राष्ट्रीय चैंपियन को हर कोई गले लगा रहा है। रेणु की माटी के इस सपूत ने श्रीलंका के हिक्कादुआ में 25 जून 12 से एक जुलाई 12 तक संपन्न हुए तीन खेल में भाग लिया। जो चाया ट्रांज होटल हिक्कादुआ में खेला गया। इस खेल में विश्व के आस्ट्रिया, मलेशिया, मालद्वीप, यूएई, फिलीपीन्स, बंगलादेश, इरान, इराक, चीन, वियतनाम, श्रीलंका, कजाकिस्तान व भारत समेत 19 देशों के कुल 29 चेस खिलाड़ियों ने अपने देश का प्रतिनिधित्व किया। जिसमें भारत की ओर से खेल रहे नन्हे उस्ताद सौरभ आनंद (बिहार), तामिलनाडु के चेन्नई निवासी एलएनराम अरविंद तथा आंधप्रदेश के राहुल श्रीवास्तव ने भाग लिया। अंदर टेन के इस चेस चैंपियनशिप में सौरभ ने चैंपियन बन पहला स्थान प्राप्त कर तीन-तीन गोल्ड मेडल समेत प्रशस्ति पत्र प्राप्त किया। इस खेल के आयोजन समिति के चेयरमेन, चेस फेडरेशन आफ श्रीलंका के हानी सेक्रेटरी तथा कामन वेल्थ चेस एसोसिएशन के जेनरल सेक्रेटरी समेत जोन- 3, 2 एक आईडीई के प्रेसिडेंट रहे लक्ष्मण बिजे सूरिया तथा चीफ अखीटोर के डिप्टी प्रेसिडेंट आफ एसीएन फडरेशन के कास्टो अबुण्डो के द्वारा हस्ताक्षरित प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
इस चेस टूर्नामेंट का आयोजन श्रीलंका के चेस फेडरेशन द्वारा संपन्न हुआ।
भारत के महान शतरंज खिलाड़ी ग्रेण्ड मास्टर विश्वनाथन आनंद को आदर्श मान सौरभ लगातार शतरंज की बुलंदियों पर चढ़ता जा रहा है। इससे पूर्व भी इसने पा‌र्श्वनाथ कामनवेल्थ चेस चैंपियनशिप 2010 अंदर आठ में मेडल हासिल किया था। जहां कामनवेल्थ के सदस्य देशों के 311 खिलाड़ियों ने भाग लिया था। जो नई दिल्ली में 18 मई 10 को संपन्न हुआ। इस खेल में भी विश्व के पाकिस्तान, श्रीलंका, नेपाल, बंगलादेश आदि के खिलाड़ी शामिल थे। इससे पूर्व सौरभ ने नेपाल के काठमांडू में खेले गए टूर्नामेंट में हिस्सा लिया था। श्रीलंका में तिलकरत्‍‌ने, जी एच गुलवर्दना तथा डेनुवान जी एच को द्वितीय तथा ईरान देश के डेरा काशमी बोना, तोफानी कोरक तथा गोसामी उर्मी महाडी को तीसरे स्थान पर रहे। सौरभ अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता समेत दैनिक जागरण को देते कहते हैं कि दैनिक जागरण अखबार को अपना मान चुके सौरभ आनंद समेत इनके बड़े भाई कुमार गौरव तथा पांच वर्षीय नन्हीं बहन गरिमा गौरव को पूर्व से इस अखबार से अपनत्व रहा है। सौरभ के पिता देवनंदन दिवाकर तथा माता कादंबरी देवी तथा हर दम साथ रहे चाचा रविन्द्र कुमार इस नन्हें उस्ताद के उपलब्धि पर फूले नहीं समा रहे हैं। कहते है तंगहाली के बावजूद वे अपने लाडले को यथा संभव उत्साहित तो करते हैं लेकिन सरकार व प्रशासन समेत समाजिक संगठन इस ओर उदासीन है।
घर वापस होने के पूर्व सौरभ सर्व प्रथम अररिया स्थित महा काली मंदिर जाकर पूजा अर्चना किये तथा पुजारी नानू दा ने उन्हें चुनरी भेंट कर सफलता का आर्शीवचन दिया। घर लौटने पर लोगों के साथ एसपी शिवदीप लांडे ने नन्हें उस्ताद को बधाई दी।

चार वर्षो में पकड़ी गई एक करोड़ की बिजली चोरी


फारबिसगंज (अररिया) : अनुमंडल क्षेत्र में बड़े पैमाने पर बिजली की चोरी की जा रही है। बिजली चोरी कर प्रतिमाह लाखों रुपया सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। विद्युत विभाग के एसटीएफ ने शहर के बीचों बीच अस्पताल रोड स्थित दो पुराने प्रतिष्ठानों में छापेमारी कर जिस प्रकार 17.68 लाख की बिजली चोरी का मामला पकड़ा उससे बिजली विभाग के स्थानीय अधिकारियों पर भी सवाल उठने लगा है। वे शहर में बीचोबीच एक ही परिसर में स्थित सीमा कोल्ड स्टोरेज तथा शिमला आइसक्रीम फैक्ट्री में काफी लंबे समय से हो रही बिजली चोरी को रोक नही सके। बिजली विभाग के एसटीएफ पटना के हेड अशोक कुमार ने भी माना कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर बिजली चोरी की सूचना मिल रही है जिसे रोकने के लिए भविष्य में छापेमारी अभियान चलाया जायेगा।
हालांकि इससे पूर्व में भी विद्युत विभाग के द्वारा बिजली चोरी का मामला पकड़ा जा चुका है। फारबिसगंज में जुम्मन चौक के समीप एक मोबाइल टावर परिसर में करीब सात लाख की बिजली चोरी का मामला पकड़ा गया था। मुंशी पोखर के समीप स्थित मोबाइल टावर में भी करीब आठ लाख रुपये की बिजली चोरी पकड़ी जा चुकी है। नरपतगंज प्रखंड के फुलकाहा में आरा मील में पांच लाख की बिजली चोरी पकड़ी गयी थी। फारबिसगंज फ्लावर मिल में करीब 84 लाख की बिजली चोरी का मामला वर्ष 2008 में हीं सामने आ चुका है। औधोगिक क्षेत्रों के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में छोटे-छोटे स्तर पर बड़ी मात्रा में बिजली की चोरी की जा रही है।

टेम्पों पलटने से आधा दर्जन व्यक्ति घायल

पलासी (अररिया) : पलासी-जोकीहाट मुख्य पक्की सड़क पर शुक्रवार अपराह्न मदरसा पुलिया से उत्तर टेम्पों बीआर 38सी-6861 के पलटने से उस सवार आधा दर्जन व्यक्ति घायल हो गये। जबकि टेम्पों चालक चकमा देकर भाग निकलने में सफल रहा। वहीं घायल राजेश प्रसाद गुप्ता साकिन पलासी, सरिता देवी पति वीरेन्द्र प्रसाद यादव (पोठिया), भूवनेश्वर ऋषिदेव (बेलगच्छी), प्रियंका कुमारी (13 वर्ष), पोखरिया नविता कुमारी (10 वर्ष) नीलम कुमारी (9 वर्ष) दोनों साकिन पोठिया को स्थानीय ग्रामीणों ने पीएचसी पलासी में भर्ती कराया। जिनका पीएचसी में उपचार जारी है। इस बाबत डा. कुणाल शंकर ने बताया कि राजेश प्रसाद गुप्ता व सरिता देवी को प्राथमिक उपचार के पश्चात बेहतर उपचार हेतु अररिया भेज दिया है। वहीं सूचना पाकर पलासी थाना पुलिस के पुअनि मिथलेश कुमार ने पीएचसी पहुंचकर घायलों से पूछताछ की।

जमीन की ठगी को लेकर नामजद प्राथमिकी


पलासी (अररिया) : प्रखंड के मैना गांव निवासी मंजूर आलम ने अपने ही गांव के मो.मुस्लिम व अन्य पर साजिश व जालसाजी कर बेची जमीन के नाम पर रुपये ठगी कर दोबारा उसी जमीन को रजिस्ट्री करने का आरोप लगाते हुए पलासी थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी है।
थाना कांड सं. 70/12 के तहत पांच व्यक्तियों को अभियुक्त बनाया है। दर्ज प्राथमिकी में सूचक ने साल 2008 में गांव के ही मो. मुस्लिम से साढ़े नौ डी. जमीन खरीदी थी। अचानक 20 जून 12 को मुस्लिम व उनकी पत्‍‌नी बीबी सम्बुलिया, शोयेब, तोहीद व एकराम सूचक को कहने लगे कि यह जमीन उनकी है। विरोध करने पर मारपीट आरंभ कर दिया। इस बीच हल्ला सुनकर ग्रामीण भी आ गये। इस क्रम में सम्बुलिया ने कहा कि यह जमीन उनके नाम से केवाला है। जिसको लेकर ग्रामीण पंचायती हुई, जिसमें उसने केवाला भी दिखायी। केवाला में मुस्लिम द्वारा 21.10.2008 को ही उक्त जमीन अपनी पत्‍‌नी (सम्बुलिया) के नाम से रजिस्ट्री कर दिया गया है। इस बाबत सूचक ने उक्त सबों पर साजिश के तहत जालसाजी कर रुपये ठगी व उसी जमीन को पुन: रजिस्ट्री का आरोप लगाते हुए पलासी थाना से न्याय की गुहार लगायी है। इस संबंध में थानाध्यक्ष आरबी सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की सघन तहकीकात कर रही है।

शिक्षा ऋण आवेदन लिया जायेगा आज से

अररिया: शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित टाउन हाल में शिक्षा ऋण के लिए आवेदन लिया जायेगा। सरकार के निर्देश पर 7 जुलाई को कैंप आयोजित कर बैंकों को अभ्यर्थियों से आवेदन लेना है। यह जानकारी वरीय उप समाहर्ता (बैकिंग) रविन्द्र राम ने दी। उन्होंने बताया कि टाउन हाल में सभी बैंक के जिला समन्वयक मौजूद रहेंगे। श्री राम के अनुसार अभ्यर्थियों को विहित प्रपत्र व चेक लिस्ट शिविर में ही मिलेगा।

टेरा फिल्टर: डीईओ ने फिर बनाया जांच टीम

अररिया : एमएसडीपी मद से जिले के स्कूलों में लगाये गए टेराफिल्टर की जांच एक बार फिर होगी। डीईओ राजीव रंजन प्रसाद के पर सभी बीईओ के द्वारा किए गए जांच पर दैनिक जागरण ने सवालिया लहजे में लगातार खबर प्रकाशित किया। समाचार पत्र के खबरों पर डीईओ श्री प्रसाद ने एक्शन लेते हुए पुन: जांच के लिए टीम गठित कर दिया। श्री प्रसाद ने इस बार जांच का जिम्मा शिक्षा विभाग के जिलास्तर के पदाधिकारी को सौंपा है। सभी नौ प्रखंड के लिए तीन अधिकारी को नामित किया गया है, जांच अधिकारी 13 से 16 जुलाई तक आवंटित प्रखंडों में एमएसडीपी योजना मद से लगे टेराफिल्टर की गुणवत्ता व अनुश्रवण करेंगे। डीईओ ने अररिया, रानीगंज तथा कुर्साकांटा प्रखंड के लिए माध्यमिक शिक्षा के डीपीओ बसंत कुमार, फारबिसगंज, सिकटी व नरपतगंज में मध्याह्न भोजन पदाधिकारी रविन्द्र राम तथा जोकीहाट, पलासी व भरगामा में प्राथमिक शिक्षा डीपीओ विद्यानंद ठाकुर जांच करेंगे। अब सबकी निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी है।