फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज प्रखंड अंतर्गत मिर्जापुर गांव निवासी एक महिला ने राज्य के चुनाव आयुक्त को आवेदन प्रेषित कर मतदाता सूची से उनका नाम गायब कर देने की शिकायत की है। मिर्जापुर निवासी हाजरा खातून ने आयुक्त से पंचायत चुनाव के मद्देनजर मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने की मांग की है। उसने बताया है कि पूर्व की मतदाता सूची में उसका नाम दर्ज था तथा पीला राशन कार्ड एवं बीपीएल कार्ड भी निर्गत है। आवेदन में कहा गया है कि इस संबंध में बीते 18 फरवरी को ही बीडीओ तथा एसडीओ को आवेदन प्रेषित किया गया लेकिन मतदाता सूची में न तो नाम जुड़ा और न ही दोषियों पर कार्रवाई की गई।
Tuesday, March 15, 2011
चार दिवसीय होली महोत्सव आज से
फारबिसगंज (अररिया) : शहर के आरबी लेन स्थित पत्रकार चौक पर फारबिसगंज व्यवसायी संघ द्वारा बुधवार से चार दिवसीय होली महोत्सव का आयोजन किया गया है। उक्त जानकारी संघ के आजात शत्रु अग्रवाल एवं पवन शर्मा ने देते हुए बताया कि इस महोत्सव में कवि सम्मेलन, डीजे, राजस्थानी कार्यक्रम की सफलता के लिये व्यवसायी मूलचंद गोलछा, शिव कुमार अग्रवाल, निर्मल सेठिया, धनपत धारेवाल आदि सक्रिय हैं। होली महोत्सव प्रतिदिन शाम को आयोजित किया जायेगा।
मारपीट की दो प्राथमिकी दर्ज
फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज थाना क्षेत्र के समौल गांव में खेत में बकरी चराने को लेकर हुई मारपीट के मामले में दो प्राथमिकी दर्ज की गई है। समौल निवासी भोला यादव तथा कृत्यानंद यादव के द्वारा एक दूसरे पर बकरी चरने के मामले में मारपीट करने के आरोप में अलग -अलग प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
पिकअप वैन की ठोकर से साइकिल सवार जख्मी
कुर्साकांटा (अररिया) : गाड़ियों की बेलगाम रफ्तार आये दिन सड़क दुर्घनाओं का कारण बन रही है। एक बार फिर मंगलवार को पलासी थाना क्षेत्र के उच्च विद्यालय पटेगना के पास एक तेज रफ्तार पिकअप वैन ने एक साइकिल सवार को कुचल दिया जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गया। कुर्साकांटा थानाक्षेत्र के सोनापुर गांव निवासी जीतेन्द्र मंडल अपने रिश्तेदार के यहां से साइकिल से आ रहा था। जैसे ही वह उच्च विद्यालय पटेगना के पास पहुंचा कि कुर्साकांटा की ओर से तेजी से आ रही एक पिकअप वैन ने उसे ठोकर मार दी। जिससे वह साइकिल समेत दूर जा गिरा एवं गंभीर रूप से घायल हो गया। इस बीच पिकअप वैन भागने में सफल रहा। घटना की सूचना पाकर उसके रिश्तेदार एवं ग्रामीणों ने उसे उपचार हेतु सदर अस्पताल पूर्णिया लाया जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सिलीगुड़ी अस्पताल रेफर कर दिया। बताया जाता है कि घायल जितेन्द्र के सिर में अंदरूनी चोटें आयी है।
अस्पताल परिसर से पांच वर्ष का बच्चा गायब
अररिया/कुसियारगांव, : सदर अस्पताल अररिया से मंगलवार को पुरन्दाहा की रहने वाली बीबी अरशदी का पांच वर्षीय बालक मो. असगर गायब हो गया। काफी खोजबीन के बाद भी बालक का कोई अतापता नही चल पाया। संध्या काल तक इसकी सूचना पुलिस को नहीं मिल पायी थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार अरशदी सुबह के आठ बजे ढाई वर्ष की पुत्री नगमा का इलाज कराने अस्पताल आयी थी। पुत्री को डाक्टर से दिखाने के बाद वह दवा के लिऐ ओपीडी कक्ष में गयी। इस बीच उसने असगर को कक्ष के बाहर ही बैठा दिया। दवा लेकर लौटने पर उसे बच्चा गायब मिला था। ज्ञात हो कि इससे पूर्व भी अस्पताल परिसर से दो बच्चे गायब हो चुके हैं। जिनमें ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के पटेगना निवासी एक महिला की नवजात शामिल है।
मारपीट में तीन घायल
कुसियारगांव (अररिया) : सिमराहा थाना क्षेत्र के गुरमही झमटा गांव में सोमवार की शाम घरेलू विवाद के कारण दो पक्षों के बीच मारपीट हो गयी जिसमें दोनों पक्षों की दो महिलाओं समेत तीन लोग बुरी तरह जख्मी हो गये। जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया। घायलों में मो. तौहिद, बीबी हसेरूण व बीबी महफुजा शामिल है।
Monday, March 14, 2011
सिकटी : चुनाव चिह्न आवंटन के साथ ही सरगर्मी बढ़ी
अररिया : पंचायत चुनाव को लेकर गांवों में सरगर्मी बढ़ गई है। कुर्साकाटा प्रखंड के बाद सिकटी में भी चुनाव चिह्न का आवंटन कर दिया गया है। प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न प्राप्त होते ही प्रखंड क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी अचानक बढ़ गयी है। सिकटी प्रखंड क्षेत्रान्तर्गत मुखिया, सरपंच, पंसस, वार्ड सदस्य व पंच पद के उम्मीदवारों को प्रखंड कार्यालय से तथा जिला परिषद सदस्य पद के अभ्यर्थियों को अनुमंडल कार्यालय से चुनाव चिह्न निर्गत किये गये हैं। सिकटी प्रखंड क्षेत्र में दो जिला परिषद क्षेत्र है। क्षेत्र संख्या 15 से कुल दस प्रत्याशी मैदान में है। जबकि क्षेत्र संख्या 16 से मात्र 05 उम्मीदवार भाग्य आजमा रहे हैं। निर्वाची पदाधिकारी डा. विनोद कुमार द्वारा जारी किये गये चुनाव चिह्न में क्षेत्र संख्या 15 से आशा देवी को पतंग, इमरान को लेडी पर्स, करूणा देवी लेटर बाक्स, कविता देवी ताला और चाबी, फुलो देवी को मक्का, बालो देवी प्रेशर कुकर, बेनजीर रेल का इंजन, रागिनी देवी को आरी, रासो देवी कैची तथा सुधा भारती सिलाई मशीन दी गयी है। वहीं जिप सदस्य पद क्षेत्र संख्या 16 से अफसरी बेगम को पतंग, जयंती देवी को लेडी पर्स, बुचनी देवी को लेटर बाक्स, शगुफ्ता को ताला चाबी, शुरतन निशां को मक्का चुनाव चिह्न आवंटित किये गये हैं।
चिकित्सक दंपती तथा स्कूल संचालक के यहां आयकर सर्वे
फारबिसगंज (अररिया) : आयकर विभाग पूर्णिया की टीम ने सोमवार को फारबिसगंज में चिकित्सकों तथा एक विद्यालय संचालक के यहां आयकर सर्वे किया। जिसमें आयकर की चोरी किये जाने का मामला सामने आया है। अधिकारियों ने फारबिसगंज के अस्पताल रोड स्थित चिकित्सक दंपति डा. सरबजीत निरंजन तथा मनोज निरंजन के यहां जांच पड़ताल की। इसके अलावा बथनाहा कोसी कालोनी के समीप स्थित आईएचएचएस स्कूल में भी आयकर अधिकारियों ने जांच पड़ताल की। सहायक आयकर आयुक्त शादाब आलम के नेतृत्व में पूर्णिया से पहुंची टीम के द्वारा यह कार्रवाई की गयी है। आयकर अधिकारी ने कहा कि चिकित्सक के यहां सोमवार को पहुंचने पर मरीजों की भीड़ देखी गई। जबकि पूर्व के मरीजों का रिकार्ड नहीं दिखाया गया है। यहां पैथोलाजी सेंटर में आय के श्रोत की जांच भी की गई। जबकि आईएचएचएस स्कूल प्रबंधन द्वारा अब तक आयकर नहीं जमा करने की बात कही गयी। हालांकि दोनो जगहों से कितने रुपये के कर की चोरी का मामला पकड़ा गया है यह फिलहाल बताया नहीं गया है। जांच के दौरान अधिकारी यह भी पता लगाने का प्रयास कर रहे थे कि बड़ी संपत्ति अर्जित करने में आय के श्रोत क्या रहे हैं। समाचार प्रेषण तक जांच जारी था। आयकर विभाग की जांच टीम में आयकर अधिकारी आनंद मोहन मिश्रा, एनके पोद्दार, आयकर इंस्पेक्टर अभय कुमार, ओपी मधुकर, वरीय कर सहायक नीरज कुमार, अरुण विश्वास शामिल थे।
कल्याण छात्रावास: उद्घाटन से पूर्व पुन: विवाद गहराया
अररिया : उद्घाटन से पूर्व ही एक बार फिर अल्प संख्यक कल्याण छात्रावास का मामला विवादों में घिर गया है। बिहार दिवस के अवसर पर अररिया में अल्पसंख्यक कल्याण छात्रावास का उद्घाटन करने की घोषणा जिला प्रशासन ने की है। लेकिन इसके विरोध में उक्त जमीन निजी होने का दावा करने वाले रामनारायण प्रसाद ने आगामी 20 मार्च को सपरिवार आमरण अनशन पर बैठने की चेतावनी जिला प्रशासन को दे दी है। इतना ही नहीं उन्होंने यह भी चेतावनी दी है कि अगर प्रशासन ने जबरदस्ती करने की कोशिश की तो वे सपरिवार उसी स्थल पर आत्मदाह भी कर लेंगे। इसकी पूर्व सूचना उन्होंने मुख्य सचिव बिहार, पटना, प्रमंडलीय आयुक्त, डीआईजी, अल्पसंख्यक विभाग के सचिव, जिला पदाधिकारी एवं पुलिस कप्तान अररिया को भी दे दी है।
उक्त उच्चाधिकारियों को प्रेषित सूचना पत्र में श्री गुप्ता ने कहा है कि आर.एस. खाता 1880, खेसरा 10208 में 1.10 एकड़ एवं 102010 की कुल जमीन 2.92 एकड़ है जो खतियानी है, जो लालजी भगत, हरि प्रसाद भगत एवं सत्य नारायण भगत के नाम से है। इस जमीन का जमावंदी भी चल रहा है। किंतु नगर परिषद सर्वे में 1.10 एकड़ जमीन जिला परिषद पूर्णिया के नाम हो गया था। श्री गुप्ता ने बताया कि वे लोग इसके विरुद्ध न्यायालय में अपील दायर किये हैं जो लंबित है। लेकिन इसी बीच एक साजिश के तहत कल्याण प्रशाखा ने जिला परिषद से जमीन लीज पर लेकर अल्पसंख्यक छात्रावास का निर्माण करा दिया। उन्होंने कहा है कि कोर्ट में मामला लंबित रहने के बाद भी यदि प्रशासन ने जोर जबरदस्ती की तो वे लोग अनशन व आत्मदाह करेंगे।
108 घंटे का महाविष्णु यज्ञ संपन्न
पलासी(अररिया) : प्रखंड के चरेमना बलुवा में आयोजित 108 घंटे के महाविष्णु यज्ञ सोमवार को संपन्न हो गया। यज्ञ स्थल पर भगवान विष्णु, शिव पार्वती, गणेश, राधाकृष्ण सहित अन्य देवी देवताओं की प्रतिमा स्थापित की गयी थी जो आकर्षण का केंद्र बना रहा। इस महाविष्णु यज्ञ में चरेमना, भोजपुर, धपड़ी, छपनियां सहित बारह कीर्तन मंडलियों ने भाग लिया। मंगलवार से आरंभ विष्णु यज्ञ के आरंभ में कलश यात्रा के उपरांत मानस पाठ, हवन व 108 घंटे के रामधुन से माहौल भक्तिमय हो गया था। इस दौरान विभिन्न कीर्तन मंडलियों द्वारा रामधुन पर आकर्षक नृत्य भी प्रस्तुत किया गया।
दुर्घटना में दो घायल
पलासी: प्रखंड के श्यामपुर पेचैली मोड़ पर सोमवार को मोटर साइकिल दुर्घटना में उस पर सवार दो व्यक्ति बुरी तरह घायल हो गये। घायल मो. नजीर व मुन्ना का उपचार पीएचसी पलासी में कराया गया है।
पलासी : नामांकन की अंतिम तिथि आज
पलासी(अररिया) : पलासी प्रखंड अंतर्गत हो रहे पंचायत चुनाव के लिए मंगलवार को नामांकन की अंतिम तिथि निर्धारित है। जबकि जोकीहाट प्रखंड क्षेत्र के लिए नामांकन का दौर जारी है। पलासी प्रखंड क्षेत्रान्तर्गत जिला परिषद क्षेत्र संख्या 25 से मंगलवार को रूपा रानी, सरजाना, 26 से सरिता देवी, जैनब, रोशन तथा 27 से विजय कुमार यादव, नागेश्वर विश्वास, उमेश कुमार सुमन, प्रेमलाल मंडल तथा द्वारिका प्रसाद साह ने जिप सदस्य पद के लिए नामजदगी का पर्चा भरा है। सहायक निर्वाची पदाधिकारी सीपी सिंह व देवेंद्र राम ने बताया कि जोकीहाट प्रखंड क्षेत्रान्तर्गत जिप सदस्य पद क्षेत्र संख्या 24, 28,29 व 30 में दूसरे दिन तक एक भी नामांकन पर्चा नहीं भरा गया है।
निवर्तमान प्रमुख सहित कई ने किया नामांकन
पलासी(अररिया) : प्रखंड में होने वाले पंचायत चुनाव को लेकर जारी नामांकन प्रक्रिया के छठे दिन विभिन्न पदों के लिए प्रत्याशियों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान शांति व विधि व्यवस्था बनाये रखने के लिए पुलिस के जवानों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। सोमवार को नामांकन भरने वालों में पंसस पद के लिए प्रमुख सदानंद यादव, मुखिया पद के लिए बीबी समशा खातून-पति शोएब आलम, वकीला खातून, रामनारायण यादव, अशोक यादव, विजय झा, मो. नसीमुद्दीन आदि शामिल हैं।
जोकीहाट : दूसरे दिन 60 ने किया नामांकन
जोकीहाट(अररिया) : प्रखंड मुख्यालय में नामांकन के दूसरे दिन सोमवार को कुल 60 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन के पर्चे दाखिल किये हैं। नामांकन करने वालों में मुखिया पद के लिए 11, सरपंच 5, पंचायत समिति सदस्य 8 तथा वार्ड सदस्य के लिए 36 प्रत्याशियों ने सोमवार को नामांकन पर्चा दाखिल किया। मुखिया पद के लिए सिमरिया से दो, चिरह तारण, डूबा, भगवानपुर, काकन, गिरदा, मटियारी, भंसिया, कुर्सेल, पछियारी, पिपरा तथा सिसौना से एक एक प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किये। सरपंच पद के लिए चिरह में दो तथा बगडहरा, चकई एवं कुर्सेल ग्राम कचहरी के लिए एक एक प्रत्याशियों ने नामांकन भरे। मुखिया पद के लिए पर्चा दाखिल करने वालों में भंसिया के वर्तमान सरपंच आसमां खातून, चिरह के सरपंच हुस्नआरा के अलावा सिसौना के बीबी मेहजबी खातून तथा सिमरिया के ब्यूटी पिंकी आदि शामिल हैं।
आग लगने से एक दर्जन घर राख, दो लाख की क्षति
जोकीहाट(अररिया) : प्रखंड के गैरकी मसुरिया पंचायत के फर्साडांगी गांव में सोमवार को अचानक लगी आग से लगभग एक दर्जन घर जलकर राख हो गये। अग्निकांड में आधा दर्जन मवेशी भी झुलस कर मर गये। उक्त घटना में नगदी व कीमती सामान व खाद्यान्न सहित हजारों की संपत्ति जलकर खाक हो गयी। आगलगी की इस घटना में बहारूद्दीन के चार मवेशी, दस हजार नगद तथा दो क्विंटल पटुआ जलकर राख हो गये, जबकि तालिम का भैंस बुरी तरह जल गया है। अग्नि पीड़ितों में बहारूद्दीन, तालिम, तजामुल, जमाल, बदरूल, सिरमान, हबीब, हामिद, अख्तर, अकलीम आदि शामिल हैं। मो. आफाक ने बताया कि आग लगने की सूचना अंचल पदाधिकारी मो. अबुल हुसैन को दी गयी है। उन्होंने जिला प्रशासन से सभी अग्नि पीड़ितों के लिए राहत सामग्री एवं इंदिरा आवास देने की मांग की है।
हरदार बैंक लूटकांड का एक और वांछित हथियार के साथ पकड़ाया
अररिया : हरदार एसबीआई बैंक लूट कांड सहित कई आपराधिक कांडों के वांछित रामपुर-मोहनपुर निवासी मो. जावेद साकित को पुलिस ने गश्ती के दौरान रविवार की संध्या दबोचने में सफलता पायी है। आरोपी के पास से एक देशी पिस्तौल एवं तीन जिंदा कारतूस भी पुलिस ने बरामद हुआ है। पुलिस उससे आवश्यक पुछताछ के बाद सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। नगर थाना पुलिस के अनुसार हरदार बैंक लूट कांड में भी जावेद की तलाश पुलिस को थी। गश्ती के दौरान जब आरोपी पुलिस को देखकर भागने लगा तो उसे खदेड़ कर पकड़ा गया। जब उनकी तलाशी ली गयी तो उसके पास लोडेड पिस्तौल के अलावे दो जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार बैंक लूट कांड के मुख्य सरगना शमीम ने भी इस बात को खुलासा किया था कि लूटी गयी राशि में 50 हजार रुपये एवं हथियार जावेद को मिला था।
रानीगंज रेफरल अस्पताल में निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएं उजागर
कुसियारगांव (अररिया) : रानीगंज रेफरल अस्पताल के औचक निरीक्षण के दौरान सोमवार को सिविल सर्जन सीके सिंह ने कई अनियमितताएं पकड़ी है। मिली शिकायत पर सीएस सीके सिंह ने सोमवार को रानीगंज रेफरल अस्पताल का औचक निरीक्षण किया जिसमें जननी बाल सुरक्षा योजना सहित कई अनियमितता सामने आयी है। रानीगंज से लौटे सिविल सर्जन श्री सिंह ने बताया कि गरीब महिला गर्भवती का आपरेशन तो किया जाता परंतु उसका पुरा पता रजिस्टर पंजी पर नहीं अंकित किया जाता है। वहीं पूछे जाने पर चिकित्सा प्रभारी डा. अवधेश कुमार ने इसके लिए लिपिक निपेन्द्र कुमार सिंहा को दोषी ठहराया। वहीं भुगतान पंजी के केशबुक पर भी प्रभारी का हस्ताक्षर नही पाया गया। सिविल सर्जन ने पल्स पोलियो अभियान की ट्रेनिंग में भी सुपरवाइजरों की अनुपस्थिति पर प्रभारी चिकित्सा प्रभारी को फटकार लगाई। उन्होंने भरगामा में आयोजित अगली बैठक में सभी सुपरवाइजर के भाग लेने की हिदायत दी। श्री सिंह ने बताया कि रानीगंज रेफरल अस्पताल में कई अनियमितताएं हैं जिसके लिए कार्रवाई की जायेगी।
सुरक्षा की गुहार
जोगबनी : जोगबनी नगर पंचायत के आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 67 की सेविका बेबी झा ने जिला प्रोग्राम पदाधिकारी को आवेदन देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। उन्होंने आवेदन में कहा है कि गत दिनों पोशाक राशि वितरण के दौरान कुछ अभिभावकों द्वारा गाली गलौज किये जाने मामले में गया तथा केंद्र को चलाने में जोगबनी थाना में प्राथमिकी संख्या 14/11 दर्ज करायी गयी है। इसके बावजूद उन लोगों द्वारा जान मारने की धमकी दी जा रही है। उन्होंने सुरक्षा की गुहार लगाई है।
मानव शरीर धारण करने वाले को अध्यात्म से जुड़ना चाहिए: बाबा
जोगबनी(अररिया) : राजा विराट की ऐतिहासिक नगरी विराटनगर(नेपाल) के रानी पोखर परिसर में आयोजित तीन दिवसीय संतमत सत्संग के दूसरे दिन काफी संख्या में श्रद्धालु प्रवचन सुनने पहुंचे। इस मौके पर संत चतुरानंद बाबा ने लोगों से आध्यात्मिक व सच्चाई के मार्ग पर चलने को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में नेपाल में जारी अशांति के माहौल से उबरने के लिए अध्यात्म सबसे सुगम मार्ग है। उन्होंने कहा कि जब मन बेचैन हो तो ईश्वर का ध्यान करो सब चिंता अपने आप समाप्त हो जायेगी। ईश्वर एक है और हम सब उनके पुजारी हैं। उन्होंने कहा कि शरीर तो नाशवान है पर आत्मा अमर है, इसलिए मानव शरीर धारण करने वाले को आध्यात्म से जुड़ना चाहिए। इस मौके पर वेदानंद स्वामी ने लोगों को पाप, ईष्र्या और द्वेष से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इससे जितना दूर रहोगे उतनी सद्धबुद्धि होगी। क्योंकि अपने लिए सभी जीते हैं, जो दूसरों के लिए जीते हैं वही सद्पुरूष कहलाते हैं। इस मौके पर वीरेन्द्र धाड़ेवा, रंजीत झा, शिवडगास, जयरामा लिम्बु एवं महेन्द्र धाड़ेवा आदि काफी सक्रिय दिखे।
कार्यक्रम आयोजित
बथनाहा (अररिया) : बिहार स्थापना के शताब्दी दिवस समारोह को ले बथनाहा ओपी में रविवार को कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर थाना परिसर को काफी आकर्षक ढंग से सजाया गया था। थानाध्यक्ष राम दिनेश मंडल (अ.नि.) तथा अ.नि. प्रशांत कुमार ने उपस्थित ग्रामीणों को बिहार स्थापना दिवस के संदर्भ में जानकारी दी।
मजदूरी राशि गबन का आरोप
फारबिसगंज (अररिया) : प्रखंड के सैफगंज पंचायत के मनरेगा मजदूरों ने फारबिसगंज एसडीओ को एक आवेदन प्रेषित कर स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा पोस्टमास्टर की मिलीभगत से मनरेगा की मजदूरी गबन करने का आरोप लगाया है तथा मामले की जांच की मांग की है। ग्रामीण मजदूर सुखाय ऋषिदेव, विदेशी ऋषिदेव, जुगेश, महगू रमेश सहित कई मनरेगा मजदूरों ने आवेदन में कहा है कि वर्ष 2009 से उन लोगों को पासबुक उपलब्ध नहीं कराकर बीते आठ मार्च को पासबुक दिया गया। बावजूद खाता में से राशि निकाली हुई थी। मजदूरों ने मामले की जांच करने तथा काम दिलवाने की मांग की है। आवेदन की प्रतिलिपि वरीय पदाधिकारियों को भी प्रेषित की गयी है।
बकाया मजदूरी के लिए मनरेगा मजदूरों ने किया एनएच जाम
फारबिसगंज (अररिया) : प्रखंड के ढोलबज्जा पंचायत के मनरेगा मजदूरों ने किये गये काम का पारिश्रमिक नहीं दिये जाने के विरोध में सोमवार को ढोलबज्जा गांव के समीप एनएच 57 को जाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में मनरेगा मजदूरों के साथ साथ पंचायत की महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। सभी पोस्टमास्टर के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। बाद में फारबिसगंज बीडीओ अमानुल्लाह अंसारी तथा फारबिसगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची तथा ग्रामीणों को समझा-बुझा कर शांत किया। इस दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गयी। सबसे अधिक परेशानी इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों को हुई जिन्हें अररिया एवं फारबिसगंज आने-जाने से प्रदर्शनकारी महिलाओं द्वारा रोका गया। हालांकि बाद में कुछ ग्रामीणों के हस्तक्षेप से परीक्षार्थियों को जाने दिया गया।
ग्रामीणों का कहना था कि मनरेगा मजदूरों द्वारा करीब एक पखवाड़ा पूर्व पंचायत के वार्ड संख्या 12 में एक सड़क पर मिट्टी भरने का काम किया था किंतु मजदूरी नही दिया जा रहा है। ग्रामीण कौशल्या देवी, बिनोद पासवान, वामानंद मेहता, सुमित्रा देवी, निर्मला देवी, वीणा देवी, ललिता देवी सहित दर्जनों ग्रामीणों के अनुसार पोस्ट आफिस में राशि नहीं दी जा रही है। 15 दिनों बाद जब भुगतान किया जायेगा तो उनका चुल्हा कैसे जलेगा। बीडीओ ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया तब यातायात बहाल की जा सकी।
वीरपुर चौक पर वाहन पड़ाव की मांग
बथनाहा (अररिया) : बथनाहा ओपी क्षेत्र अंतर्गत वीरपुर चौक पर वाहन पड़ाव की व्यवस्था कराए जाने की मांग ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से की है। डीएम को सौंपे गये ज्ञापन में ग्रामीण जे.के. मल्लिक, लक्ष्मीनारायण आदि ने कहा है कि वीरपुर चौक पर जोगबनी-फारबिसगंज तथा बथनाहा-वीरपुर सड़क मार्ग के लिए परिचालित होने वाले वाहन बीच सड़क पर लगाकर ही यात्रियों को चढ़ाते हैं, जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती है। ज्ञापन में वीरपुर चौक के निकट दोनों सड़क मार्ग में वाहनों की रफ्तार को नियंत्रित करने के लिए स्पीड ब्रेकर तथा वाहन पड़ाव बनाऐ जाने की मांग ग्रामीणों ने की है।
पोशाक राशि वितरित
रेणुग्राम (अररिया): फारबिसंग प्रखंड क्षेत्र के लहसनगंज उत्क्रमित मध्य विद्यालय में वर्ग तीन से लेकर वर्ग छह तक के छात्र-छात्राओं के बीच पोशाक की राशि का वितरण किया गया। इस मौके पर शिक्षक सच्चिदानंद मंडल, ग्रामीण अनिल विश्वास, लीला नंद विश्वास आदि मौजूद थे।
गिरफ्तार
रेणुग्राम (अररिया), जाप्र: सिमराहा थाना पुलिस ने कांड संख्या 25/09 के प्राथमिक अभियुक्त विजय बहरदार एवं प्रसादी बहरदार सा. केबलासी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया है।
चोरी का मामला दर्ज
रेणुग्राम (अररिया), जाप्र: सिमराहा थाना क्षेत्र के औराही हिंगना गांव से एयरटेल डिजीटल छतरी चुरा लिये जाने का मामला प्रकाश में आया है। इसको लेकर गृहस्वामी प्रकाश चन्द्र दास ने सिमराहा थाने में गांव के ही संजय मंडल के विरुद्ध मामला दर्ज कराया है।
अब नेपाली नंबर वाले ट्रैक्टरों की भारतीय क्षेत्र में होगी जांच
जोगबनी (अररिया) : अब नेपाली नंबर के ट्रैक्टरों का भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करना आसान नहीं होगा। क्योंकि ऐसे ट्रैक्टरों पर कस्टम के साथ-साथ एसएसबी वालों की भी पैनी नजर होगी तथा भारतीय क्षेत्रों में पकड़े जाने पर कागजातों की बारीकी से जांच के बाद ही छोड़ा जा सकेगा। उसे सीज भी किया जा सकता है। इसके लिए कस्टम और एसएसबी द्वारा संयुक्त रूप से रणनीति तैयार कर ली गयी है। ऐसा खाद्यान्न के बढ़ते तस्करी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से किया गया है।
इस संबंध में कस्टम डीसीएस के राव ने बताया कि खाद्यान्न तस्करी के लिए 90 प्रतिशत नेपाली नंबर वाले टै्रक्टरों का प्रयोग किया जाता है, जो खुली सीमा का फायदा उठा कर मटियखा और इन्द्रानगर होते हुए भारतीय क्षेत्रों में प्रवेश करते हैं और खाद्यान्न लाद कर पुन: नेपाल चले जाते हैं। अब नई रणनीति के तहत नेपाली नंबर वाले ट्रैक्टर भारतीय क्षेत्र में नजर आने पर उसे तत्काल रोक लिया जायेगा तथा उसके कागजातों की जांच की जायेगी। आवश्यकता पड़ने पर इसे सीज भी किया जा सकता है। इससे खाद्यान्न तस्करों पर नकेल कसने में आसानी होगी।
चापाकल लगाने की मांग
फारबिसगंज (अररिया) : नगर परिषद के वार्ड संख्या आठ में चापाकल लगाने की मांग जदयू नगर कार्यकारी अध्यक्ष राजू पासवान ने नप प्रशासन से की है। श्री पासवान ने नप के कार्यपालक पदाधिकारी को एक आवेदन प्रेषित कर कहा है कि वार्ड आठ में कैलाश अग्रवाल के घर के समीप लगे चापाकल को असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़ दिया गया जिसके बाद से स्थानीय लोगों तथा राहगीरों को गर्मी के मौसम में पानी के लिये भटकना पड़ रहा है।
Sunday, March 13, 2011
एएमयू की शाखा नहीं खुलने के लिए राज्य सरकार जिम्मेदार: विधायक
अररिया : बिहार के किशनगंज में प्रस्तावित अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी की शाखा खोलने में अनावश्यक विलंब के लिए राज्य सरकार पूरी तरह जिम्मेदार है। ये बाते शनिवार की देर सायं कोचाधामन के राजद विधायक अखतरूल इमाम ने पत्रकारों से वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार पूरी तरह भाजपा और विद्यार्थी परिषद के दवाब में काम कर रहे हैं यही कारण है कि इसकी योजना की शुरूआत नहीं हो पायी है। जो संकीर्ण मानसिकता का परिचायक है। श्री इमाम ने कहा कि सीमांचल के अति उपेक्षित क्षेत्र के लोगों को गोलबंद होकर अपने हक के आवाज उठाने की जरूरत है। इसके लिए अररिया, पूर्णिया किशनगंज और कटिहार के सभी लोगों को एकजुट होना होगा। मौके पर हाजी नैयरूज्मा, मो. जुबेर आलम, अफरोज आलम, प्रो. एहतशामुल हसन, सरवर आलम, शमसे आजम, आरजू कलीम, फारुक आजम, मासूम राजा और जकउल होदा आदि मौजूद थे।
रंगदारी वसूलने वाले चार गिरफ्तार
अररिया : ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के विभिन्न जगहों पर रंगदारी मांगने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने शनिवार की देर सायं दबोच लिया है। दबोचे गये चारों लोगों के पास से पुलिस ने एक लाल रंग की बोलेरो बीआर 11 ई. 2713 व कई मोबाइल जब्त किये है। पुलिस उक्त गयी गाड़ी की तहकीकात में लग गयी है। रविवार को पुलिस कप्तान के समक्ष उन चारों से आवश्यक पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस के समक्ष चारों ने स्वीकार किया है कि जिस गाड़ी में वे लोग सवार थे वह गाड़ी जेल में बंद कैदी दिनेश राठौर एवं उनके भाई विनोद ने भिजवाया था। चार दर्जन से अधिक आपराधिक मामलों में अररिया जेल में बंद विचाराधीन कैदी दिनेश राठौर के इशारे पर वह लोग काम कर रहे थे। दबोचे गये लोगों में दिनेश राठौर के मामा पैरवाखुड़ी निवासी नसीब लाल पासवान, सिमराहा निवासी अमर यादव, भोजपुर के भुपेन्द्र मंडल एवं बीड़ी के संजय मंडल शामिल हैं।
ताराबाड़ी पुलिस के अनुसार दो दिन पूर्व ही उनके थाना में एक सनहा दर्ज कराया गया थी। जिसमें उल्लेख किया गया था कि क्षेत्र के बीड़ी, पैरवाखोड़ी व अन्य गांवों में पहुंचकर कुछ लोग डरा धमका कर रंगदारी की मांग रहे हैं। इसी को लेकर शनिवार की रात पुलिस ने बीड़ी चौक पर सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान बिना कागजात की उक्त बोलेरो पकड़ में आई थी।
दोगुने दाम पर बिक रहा गुटखा, एससी का आदेश बेअसर
अररिया : वैधानिक चेतावनी को नजरअंदाज कर लोग गुटखा का धड़ल्ले से सेवन कर रहे हैं। इसकी बिक्री का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि बाजार में जितनी गुटखे की दुकान है उतनी शायद मिठाईयां भी नहीं बिकती है। अररिया इन दिनों कुछ होल्सेलर व स्टाकिस्ट दुकानदार मिलकर सुप्रीम कोर्ट के आदेश आने के बाद भी गुटखा के दामों में दोगुना वृद्धि कर मालामाल हो रहे हैं। दिलचस्प बात तो यह है कि छोटे मोटे दुकानदार प्रिंट रेट से ज्यादा पैसे देकर खरीदने को विवश हैं। सिर्फ होलसेलर दुकानदार ही नहीं कुछ रिटेलर दुकानदार भी दाम बढ़ाकर ले रहे हैं जबकि रेपर पर प्रिंट कुछ और ही है। मधु, पान, पराग, शिखर, बहार, डबल मजा, नामक गुटखों से शहर के दुकान सजे है। पिछले पांच दिनों की तुलना में सभी गुटखे की कीमत डेढ़ गुना से भी ज्यादा बढ़ा दी गयी है। सुप्रीम कोर्ट ने गुटखा पर पाबंदी लगा दी है। शहर के होलसेलर दुकानदार इसी का फायदा उठाकर अधिक दाम में बेच रहे हैं। सूत्रों की मानें तो कुछ ऐसे स्टाकिस्ट दुकानदार है जिनके दुकान गोदाम में अब भी गुटखा का अंबार लगा है।
खेल के माध्यम से पढाई की तैयारी
अररिया : अब हमारे बच्चे खेल-खेल में पढ़ेंगे। खेल के माध्यम से उन्हें सिखाया और पढ़ाया जायेगा। यह बातें शनिवार को आश्रम चौक अररिया स्थित यूडी मदर प्ले स्कूल में उद्घाटन के मौके पर विद्यालय की प्राचार्य मीनू ने कही।
उन्होंने कहा हमारे नन्हें-मुन्ने बच्चे किताबों के बोझ से निजात पाकर खेल-खेल में मनोरंजन के माध्यम से पढ़ना-लिखना सीखेंगे। विद्यालय का उद्घाटन अररिया के पूर्व प्राचार्य प्रो. बासुकी नाथ शर्मा व प्रो. इरफान आलम ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए श्री शर्मा ने कहा कि ये अच्छा और सराहनीय प्रयास है। प्रो. इरफान ने बच्चों के साथ बेहतर व्यवहार करने की बात कही। इस मौके पर शिल्पी कुमारी, परमानंद शर्मा आदि ने अपने विचार प्रकट किये।
समस्याओं को लेकर जदयू की बैठक
अररिया : समस्याओं को लेकर जदयू किसान प्रकोष्ठ एवं मजदूरों की संयुक्त बैठक शनिवार को मदनपुर मोती उच्च विद्यालय के प्रांगण में संपन्न हुआ। बैठक की अध्यक्षता जदयू किसान प्रकोष्ठ के पंचायत अध्यक्ष मायानंद दास ने किया। जबकि मुख्य अतिथि जिलाध्यक्ष नसीम अहमद गाजी थे। बैठक में सर्वसम्मति से बैरगाछी सिकटी मार्ग की मरम्मत, पंचायत में मनरेगा कार्यो की जांच, मदनपुर को प्रखंड का दर्जा दिये जाने, मदनपुर में स्वास्थ्य केंद्र में डाक्टर की नियुक्त करने संबंधित मांगे शामिल है। बैठक में रामेश्वर मंडल्र हरिलाल सिंह, बुद्धिनाथ सिंह, दुखाय, सोहन लाल, मो. नजाब, लक्ष्मीनाथ सिंह, विद्यानंद यादव, सलाउद्दीन, अलीमउद्दीन, किरण देवी, रामो देवी, बबिता देवी आदि उपस्थित रहे।
सड़क बनाकर गांव का किया जायेगा विकास : सरफराज
अररिया : अररिया जिला के भंसिया पंचायत स्थित महजाली टापू टोला से मजगामा नहर तक जल्द सड़क बनायी जायेगी। उक्त बातें रविवार को अररिया में जोकीहाट के विधायक सरफराज आलम ने कही। श्री आलम ने कहा कि आज भी महजाली टापू टोला मुलभूत सुविधाओं से वंचित है। यहां न तो सड़क, बिजली, विद्यालय है और न ही स्वास्थ केंद्र ही उपलब्ध है। क्षेत्र की 90 प्रतिशत आबादी आज भी बीपीएल है। विधायक मो. आलम ने कहा जल्द ही प्रथम चरण में इस इलाके का सर्वागीण विकास किया जायेगा। इस मौके पर मो. मसूद आलम, नैयर आलम, मो. हासिम व मो. सलीम आदि मौजूद थे।
सद्भाव के साथ मनायी जायेगी होली
फारबिसगंज (अररिया) : आगामी 20 मार्च को मनाये जाने वाले होली पर्व को लेकर आपसी सद्भाव व शांति व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से रविवार को फारबिसगंज थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गयी। जिसमें शहर के गणमान्य लोगों, जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों के नेता व पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में सर्वसम्मति से चाय पान की दुकानों में शराब की अवैध बिक्री को बंद करवाने का निर्णय लिया गया ताकि होली के दिन शराब पर नियंत्रण रखा जा सके। शहरवासियों के सहयोग से पुलिस प्रशासन के अधिकारियों द्वारा शांति व्यवस्था बनाये रखने का विमर्श किया गया। साथ ही शहर के हठकोला स्थित मुख्य होलिका दहन स्थल पर सुरक्षा बल तैनात करने एवं उचक्कों पर नजर रखने का निर्णय लिया गया। बैठक में एसडीपीओ आरके शर्मा, बीडीओ अमानुल्लाह अंसारी, नप की मुख्य पार्षद वीणा देवी, प्रशिक्षु उपसमाहर्ता उपेंद्र सिंह, कार्यपालक दंडाधिकारी शोभा रानी, थानाध्यक्ष एके गुप्ता, ताहिर अंसारी, गणेश ठाकुर, जयप्रकाश अग्रवाल, जयंत गुप्ता, मनोज जायसवाल, रमेश सिंह, इरफान, मोजाहित अंसारी, मनोज पांडेय, देवेंद्र झा, श्याम सुंदर साह, रामनगीना सिंह, नीरज कुमार सहित थाना के पुलिस पदाधिकारी तथा अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।
जोकीहाट: मुखिया व वार्ड सदस्य के लिए एक एक नामांकन
जोकीहाट(अररिया) : शनिवार को नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही प्रखंड मुख्यालय में उम्मीदवारों एवं समर्थकों की भीड़ शाम तक लगी रही। प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी रवींद्र राम ने बताया कि शनिवार को नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के पहले दिन दभड़ा पंचायत के मुखिया पद के लिए केवल एक प्रत्याशी मंजूर आलम ने पर्चा दाखिल किया। जबकि वार्ड सदस्य के लिए एक मात्र उम्मीदवार ने पर्चा दाखिल किया। वहीं सरपंच व पंचायत समिति सदस्य के लिए एक भी पर्चा दाखिल नहीं किया गया। इससे पूर्व एनआर कटाने के लिए सभी काउंटरों पर भारी भीड़ देखी गयी। सबसे अधिक भीड़ वार्ड सदस्य के काउंटर पर देखी गयी जहां शुरू में एनआर के लिए अफरा तफरी मची रही। एनआर कटाने पहुंची भीड़ एक से अधिक काउंटर खोलने की मांग कर रहे थे।
पाठशाला में हंगामा मामले में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज
कुर्साकाटा(अररिया) : मोतीलाल राष्ट्रीय पाठशाला कुंआड़ी में शनिवार को हुए हंगामा को ले दोनों ओर से कुआड़ी ओपी में प्राथमिकी दर्ज की गई है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुरेश प्रसाद सिंह ने कुआड़ी ओपी में शनिवार को आयोजित कांग्रेस कमेटी की बैठक में आकर उपद्रव मचाने, विद्यालय भवन को क्षति पहुंचाने व लूटपाट का आरोप लगाते हुए सात व्यक्तियों के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। वहीं दूसरे पक्ष के भानुप्रसाद गुप्त ने भी प्रधानाध्यापक एवं अन्य शिक्षकों के विरूद्ध साजिश के तहत विद्यालय उपस्कर एवं अन्य संपत्तियों को हटाकर झुठा मुकदमा करने का आरोप लगाते हुए प्रधानाध्यापक सहित आठ व्यक्तियों के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बाजार समिति की मुख्य सड़क गढ्डे में तब्दील
फारबिसगंज (अररिया) : शहर के बाजार समिति स्थित मुख्य सड़क गढ्डे में तब्दील हो चुकी है। सब्जी मंडी जाने वाली मुख्य सड़क पर वाहनों का आवागमन लगभग ठप हो गया है। साइकिल, मोटर साइकिल ही किसी तरह निकल पाता है। स्थानीय निवासी राजू मंडल ने कहा कि अभी तो सूखा का मौसम होने के कारण लोग मोटर साइकिल से भी सड़क पार कर लेते हैं। लेकिन बरसात के मौसम में पैदल निकलना भी यहां से कठिन है। स्थानीय दुकानदार भीम प्रकाश गुप्ता ने कहा कि सड़क के अभाव में वाहनों का यहां पहुंचना टेढी खीर हो गयी है। वहीं सब्जी खरीदने पहुंची एक महिला ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि बाजार समिति में सुविधा नाम की कोई चीज अब नहीं रह गयी।
महिला काउंटर खोलने की माग
पलासी (अररिया) : प्रखंड क्षेत्र में होने वाले पंचायत चुनाव के तहत जारी नामांकन प्रक्रिया में महिलाओं के लिए नामांकन हेतु अलग काउंटर नहीं बनाये जाने से महिलाओं में रोष व्याप्त है। इस संबंध में महिला प्रत्याशियों ने बताया कि प्रखंड कार्यालय में मुखिया, सरपंच व पंसस के नामांकन हेतु मात्र एक ही काउंटर बनाया गया है। महिलाओं के लिए अलग काउंटर नहीं बनाया गया है। जिससे महिला अभ्यर्थिओं को काफी परेशानयों का सामना करना पड़ रहा है।
गोली मारने के मामल में चार के खिलाफ प्राथमिकी
कुर्साकाटा(अररिया) : शनिवार की संध्या कुर्साकाटा बाजार से अपने घर मेंहदीपुर जा रहे साइकिल मैकेनिक उपेंद्र भारती को कमलदाहा ईंट भट्टा के पास गोली मारे जाने मामले में रविवार को नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है।
अस्पताल में भर्ती घायल उपेंद्र भारती के फर्द बयान पर उसी गांव के शंभू भारती, राजेन्द्र भारती, योगानंद भारती एवं धीरेन्द्र भारती पर शक के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है। कांड संख्या 31/2011 के प्राथमिकी में कहा गया है कि उपेंद्र भारती मेहदीपुर चौक पर साइकिल मैकेनिक का काम करता है। शनिवार की संध्या वह कुर्साकाटा बाजार से वह अपनी मोटर साइकिल नंबर बीआर 38 बी 7244 से घर लौट रहा था। कमलदाहा कल्वर्ट के निकट एक व्यक्ति सफेद रूमाल से तथा दूसरा काला मफलर से चेहरे को ढके खड़ा था। वे लोग उसे रूकने का इशारा किया। गाड़ी धीमी होते ही उन्होंने पीछे से उन पर गोली चला दी। जो पीठ के पीछे हिस्से में लगी। थानाध्यक्ष ने इस घटना को लेकर कुछ लोगों को हिरासत में लिया है।
विवाहिता ने दर्ज कराया उत्पीड़न का मामला
फारबिसगंज(अररिया) : फारबिसगंज थाना क्षेत्र के घोड़ाघाट भलवा गांव की एक विवाहिता ने अपने पति सहित ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का मामला स्थानीय थाने में दर्ज करायी है। महिला आयशा खातून ने पति अफजल, ससुर पौनू मियां, पति के मामा, मामी सहित अन्य परिजनों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। दर्ज कांड संख्या 107/11 के अनुसार पीड़िता पर ससुराल वालों द्वारा पचास हजार रूपये मायके से लाने का दबाव देने का आरोप लगाया गया है। रूपया नहीं लाने पर महिला को छोड़ देने की धमकी की बात कही गयी है।
दुष्कर्म के प्रयास की प्राथमिकी
फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज थाना क्षेत्र के टेढ़ी मुसहरी गांव की एक महिला ने गांव के ही एक व्यक्ति पर मारपीट कर जख्मी करने तथा दुष्कर्म का प्रयास करने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर पीड़िता पानो देवी (काल्पनिक नाम) ने थाने में आवेदन दिया है जिसमें उसने गांव के ही सत्यनारायण मेहता पर मारपीट व दुष्कर्म करने के प्रयास का आरोप लगाया है। पुलिस ने बताया कि जख्मी महिला का इलाज फारबिसगंज रेफरल अस्पताल में कराया गया। दर्ज कांड संख्या 106/11 के अनुसार आरोपी व्यक्ति द्वारा आये दिन महिला के साथ मारपीट एवं छेड़खानी की जाती रही है। महिला का पति दिल्ली में मजदूरी करने गया हुआ है। महिला ने पुलिस से न्याय दिलाने की गुहार लगायी है।
प्रदेश जदयू की बैठक 18 को
अररिया : बिहार प्रदेश जनता दल युनाइटेड के जिलाध्यक्षों एवं जिला संगठन प्रभारी की संयुक्त बैठक आगामी 18 मार्च को राज्य कार्यालय में आहूत की गयी है जिसमें विशेष श्रेणी राज्य का दर्जा प्राप्त करने के लिए पार्टी द्वारा चलाये जा रहे हस्ताक्षर की प्रगति पर विचार किया जायेगा। इसी संदर्भ में जिला, प्रखंड एवं विभिन्न प्रकोष्ठों की एक बैठक 16 मार्च को जिला कार्यालय में आहूत की गयी है जिसमें जिला संगठन प्रभारी आलोक बर्द्धन भाग लेंगे। यह जानकारी जदयू जिलाध्यक्ष मो. नौशाद आलम ने दी।
आग लगने से चौदह घर जलकर राख
भरगामा(अररिया) : भरगामा थाना क्षेत्र के पूर्वी चरैया गांव में रविवार को लगी आग में 14 घर समेत हजारों की संपत्ति जलकर राख हो गयी। अगलगी में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। मिली जानकारी के मुताबिक दिन के करीब तीन बजे गांव के शिबू मेहता के घर से उठी आग ने देखते ही देखते लाल बिहारी के तीन घर, चंदन के दो घर, नारायण मेहता के दो घर, वीरेन्द्र मेहता के दो घर व गजेन्द्र मेहता के दो घरों को अपनी चपेट में ले लिया। जिसमें नकदी सहित घर के सभी सामान जलाकर राख हो गये। आग की लपटों को देख आसपास के लोग घटना स्थल की ओर दौड़े और काफी प्रयास के बाद आग पर नियंत्रण पाया। घटना की सूचना पर पहुंचे भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह बब्बन, पंचायत समिति सदस्य सरिता भारती समेत गांव के समाजसेवियों तथा बुद्धिजीवियों ने आग लगी की घटना से हुई क्षति का मूल्यांकन कर मुआवजे की मांग प्रशासन से की है।
डीलर से रंगदारी मांगी, प्राथमिकी दर्ज
पलासी (अररिया) : प्रखंड के डेहटी गांव के डीलर कृपानंद झा ने गांव के कुछ लोगों पर रंगदारी मांगने की प्राथमिकी दर्ज करायी है। जिसमें श्री झा ने कहा है कि शनिवार को सभी नामजद लोग उसकी दुकान पर आये तथा प्रति माह 10 लीटर केरोसीन, 20 किग्रा गेहूं व 20 किग्रा चावल रंगदारी के रूप में देने की मांग की। विरोध करने पर वे लोग अभद्र व्यवहार करते हुए गल्ला से 10 हजार रुपये व पाकेट से 15 हजार रुपये छीनकर राशन दुकान से करीब 1500 सौ रुपये का अनाज लेकर चलते बने। इस संबंध में थानाध्यक्ष आर.बी. सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है।
दिल्ली से भगाकर लायी गयी लड़की जोकीहाट से बरामद
जोकीहाट (अररिया) : दिल्ली के नंद नगरी इलाके से एक लड़की को भगाकर लाये जाने के बाद जोकीहाट थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर थाना क्षेत्र के डूबा पंचायत के कामत गांव से रविवार को बरामद कर लिया है। अररिया थाना क्षेत्र के गैयारी गांव के कुख्यात अपराधी दारा द्वारा भगाकर लायी गयी लड़की को जिसे सादिर के पुत्र मरगुब के घर पर कई दिनों से रखा था। सूचना मिलते ही रविवार को जोकीहाट थानाध्यक्ष मो. जुल्फिकार एवं मिथिलेश कुमार तथा पुलिस बल ने छापेमारी कर कामत गांव से लड़की को बरामद कर लिया। जबकि दारा भागने में सफल रहा। थानाध्यक्ष मो. जुल्फिकार ने बताया कि उक्त अपराधी हत्या, डकैती, पेट्रोल पंप लूट तथा कई अन्य मामलों में ये आरोपी हैं। पुलिस को दिये बयान में लड़की (काल्पनिक नाम) शबनम ने बताया कि दिल्ली के एक टेलीविजन फैक्ट्री में वह दोनों काम करते थे। वहीं उन दोनों में जान पहचान हुई।
संतमत सत्संगअशांत नेपाल में प्रशस्त करेगा शांति का मार्ग: गच्छदार
जोगबनी (अररिया) : हिंसा, अशांति व आतंक के दौर से गुजर रहे नेपाल में संतमत सत्संग शांति व सद्बुद्धि का मार्ग प्रशस्त करेगा।
उपरोक्त बातें नेपाल के पूर्व उप प्रधानमंत्री सह मधेशी जनअधिकार फोरम (लोकतांत्रिक) के अध्यक्ष विजय गच्छदार ने राजा विराट के ऐतिहासिक नगरी विराट नगर के रानी स्थित मंटा पोखर परिसर में रविवार को तीन दिवसीय सत्संग महा अधिवेशन के उद्घाटन के अवसर पर कही। उन्होंने कहा कि नेपाल संक्रमण काल से गुजर रहा है। यहां हत्या, अशांति व आतंक का साम्राज्य कायम हो गया है। ऐसे में सत्संग का महा अधिवेशन नेपाल में शांति स्थापना व अमन चैन स्थापित करेगा। तीन दिवसीय संतमत सत्संग में भारत-नेपाल से एक लाख से अधिक श्रद्धालु भाग लेने पहुंच रहे हैं। रविवार की संध्या से स्वामी संत शाही जी महराज का प्रवचन शुरू होगा। सत्संग को ले बड़े पैमाने पर सुरक्षा व्यवस्था का इंतजाम किया गया है। इस मौके पर मंच पर डीआईजी विनोद सिंह, एसपी दिलीप चौधरी, फोरम लोकतांत्रिक के जिला अध्यक्ष चूम नारायण तरफदार, विदेश विभाग (फोरम) के दिलीप धाडेवा, वीरेन्द्र धाडेवा, ताराचन्द यादव, भविष्य श्रेष्ठ आदि मौजूद थे। मौके पर कार्यक्रम अध्यक्ष प्रहलाद शाह तथा आयोजक अध्यक्ष विश्वनाथ तोदी सहित रंजीत झा, अब्दुल खान, जय राम लिम्बू, शिव डगाल व देवराज कार्की आदि मौजूद थे।
विभिन्न घटनाओं में आधा दर्जन जख्मी
कुसियारगांव (अररिया) : 24 घंटे के दौरान विभिन्न मामले को लेकर हुई दुर्घटनाओं में दो महिलाओं समेत आधा दर्जन लोग बुरी तरह जख्मी हो गये जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सक ने एक को बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार दिगली गांव निवासी मो. ग्यासउद्दीन अपनी पत्नी के साथ मोटर साइकिल से जा रहे थे कि गाड़ी दुर्घटना में उनकी पत्नी गिर गयी जिससे वे बुरी तरह जख्मी हो गयी। उसे चिकित्सक डा. डीएमपी साह ने पूर्णिया रेफर कर दिया। दूसरी घटना उच्च पथ 57 पर कुसियार गांव, बेल चौक के समीप देर शाम को हुई जिसमें बोलेरो व टैक्टर की भिड़ंत हो गयी जिसमें चार लोग जख्मी हो गये। तीसरी घटना जोकीहाट प्रखंड के कजलेटा गांव में हुई जहां छत से गिर जाने के कारण मो. रमजान अली बुरी तरह जख्मी हो गया। वहीं आजाद नगर अररिया में सीढ़ी से गिर जाने के कारण बीबी रवेशा खातून भी बुरी तरह जख्मी हो गयी।
छात्र ने किया विषपान
कुसियारगांव (अररिया) : जोकीहाट सिसौना गांव में रविवार को पढ़ाई को लेकर परिवार वालों द्वारा डांटे जाने पर मो. जयमुद्दीन के पुत्र मो. अरमान ने विषपान कर लिया। उसे तत्काल रेफरल अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सक ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया भेज दिया। जहां चिकित्सक सत्यवर्द्धन ने बताया कि बच्चे की स्थिति नाजुक बनी हुई है और पुलिस को भी सूचना भेजी जा रही है।
आग में झुलस कर मौत
कुसियारगांव(अररिया) : नगर थाना क्षेत्र क बेलवा घाट टोला में शनिवार की रात सोये अवस्था में लालटेन से बिस्तर में आग लग जाने से उसकी चपेट में आकर मो. नसीरउद्दीन की मौत इलाज के दौरान सदर अस्पताल में रविवार को हो गया। आग लगने से वह बुरी तरह झुलस गया था। इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया जहां रविवार उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने अन्त्य परीक्षण के बाद शव को उसके परिजनों को सौंप दिया।
बिहार दिवस पर लगेगा व्यंजन मेला
अररिया : राज्य सरकार के निर्देश पर बिहार दिवस पर 22 मार्च को पूरे जिले में कई कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। राजधानी की तरह यहां भी व्यंजन मेला लगाया जायेगा। व्यंजन मेला में जिले के पारंपरिक से लेकर आधुनिक डिस तक उपलब्ध होंगे। शनिवार को समाहरणालय स्थित आत्मन कक्ष में डीएम एम सरवणन की अध्यक्षता में बिहार दिवस के कार्यक्रम को लेकर अब तक की तैयारी की समीक्षा हुई। बिहार दिवस कार्यक्रम 22 मार्च से लेकर अगले तीन चार दिनों तक चलेगा। व्यंजन मेला 23 मार्च को टाउन हाल में लगाया जायेगा। 22 मार्च को जिले के सभी प्राथमिक, मध्य व उच्च विद्यालयों के अतिरिक्त जिला मुख्यालय में स्लो साइकिल रैली निकाली जायेगी। वहीं डीएम श्री सरवणन ने बिहार दिवस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए आम लोगों से सहयोग की अपील की है। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 22 से 26 मार्च तक के बीच में मेगा ऋण शिविर, कृषि मेला, स्वास्थ्य मेला, पेंटिंग प्रतियोगिता, हस्तनिर्मित वस्तुओं का प्रदर्शनी आदि आयोजित किये जायेंगे। खेलकूद प्रतियोगिता की जिम्मेवारी उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार सिंह, डीईओ दिलीप कुमार, डीएसई अहसन आदि को दी गयी है। जबकि कृषि मेला का डीएओ बैद्यनाथ यादव, व्यंजन मेला डीपीओ चंद्रप्रकाश, प्रदर्शनी प्रो. बीएन झा को दी गयी है। बिहार दिवस के मौके पर स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मानित भी किया जायेगा। बैठक में एसपी गरिमा मल्लिक, एडीएम कपिलेश्वर विश्वास, एसडीओ द्वय डा. विनोद कुमार, जीडी सिंह, एसडीपीओ मो. कासिम, डा. मोइज, एडीपीआरओ योगेन्द्र कुमार लाल, डीआईओ सौम्यव्रत सिन्हा आदि मौजूद थे।
जाम से सिसक रही शहर की सड़कें
फारबिसगंज (अररिया) : सड़क जाम की समस्या से फारबिसगंज की सड़कें सिसकने लगी है। आलम यह है कि जाम की समस्या सिर्फ मुख्य सड़क पर ही नहीं है बल्कि इससे जुड़ी उप सड़कों पर भी यही नजारा है। फलस्वरूप जाने आने वाले लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय नगर परिषद एवं प्रशासनिक अनदेखी के कारण यह समस्या दिनों दिन विकराल होती जा रही है। फारबिसगंज में सड़कों का अतिक्रमण एवं ट्रैफिक नियमों की अनदेखी ने इस समस्या को और बढ़ा दिया है। प्रशासनिक सुस्ती के कारण सड़कों के किनारों दर्जन भर स्थानों पर अवैध वाहन पड़ाव बन गये हैं। वहीं खासकर युवा वर्ग ट्रैफिक नियमों को धता बताते हुए सड़कों पर बेतहाशा वाहन दौड़ाते हैं। मनाही के बावजूद बड़े वाहन सदर रोड पर धड़ल्ले से दौड़ते हैं। दूसरी तरफ शहर के बीचों बीच रेलवे लाइन गुजरने के कारण भी रेलवे गुमटी बंद रहने से घंटों जाम लग जाता है। स्थिति इतनी भयावह है कि यदि किसी मरीज को इलाज के लिए डाक्टर या अस्पताल ले जाना पड़े तो परिजन ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि कहीं जाम में ना फंस जायें..।
पुल के अभाव में नहीं बदल रही गांवों की किस्मत
अररिया : बनगामा, देवरिया, घघरी, पैकटोला, व कमलदाहा जैसे दो दर्जन से ज्यादा गांवों के साथ एक अजीब संयोग जुड़ा है। इन गांवों में पुल नहीं होने के कारण न केवल ग्रामीण यातायात बाधित है, बल्कि तमाम संभावना के बावजूद इनका विकास नहीं हो रहा। लोगों को आज भी नदी पार करने के लिये बैलगाड़ी का सहारा लेना पड़ता है। देवरिया व बनगामा में जहां कभी राजाओं की तूती बोलती थी, आज वहीं वह विकास के मामले में सबसे पीछे है। इसका प्रमुख कारण है ग्रामीण सड़कों पर पुलों की कमी।
देवरिया के निकट कोठी घाट पर ब्रिटिश जमाने में काठ का पुल बना था। सारी लकड़ी चोरी हो गयी। अब लोगों को पैदल तैर कर पार करना पड़ता है। बनगामा के मुखिया अब्दुल मतीन ने बताया कि कोठी घाट में सौरा नदी पर बने पुल की मरम्मत नौ दस साल पहले की गयी थी, लेकिन चोरों ने सारी लकड़ी चुरा ली। वहीं दुलारदेई नदी पर डुमरा पुल की भी यही स्थिति है। इन दो प्रमुख पुलों के बन जाने से डुमरा, करंकिया, लताहारी, सैदपुर, इकड़ा, सिंघिया, चनका, बानसर, बारीघाट, बसैटी सहित दो दर्जन से अधिक गांवों की तस्वीर बदल सकती है। मुखिया मतीन के मुताबिक इलाका धान उपजाने वाला है। घर में महिला पुरुष सब मिल कर धान से चावल बनाते हैं और मर्द चावल के बोरों को अपनी साइकिल पर लाद कर अररिया स्थित मंडी तक पहुंचाते हैं। लेकिन खराब सड़क और नदी पर पुल नहीं होने की वजह से उन्हें बेहद परेशानी झेलनी पड़ती है।
अपराधियों ने युवक को गोली मारी
कुर्साकाटा(अररिया) : कुर्साकाटा बाजार से अपने घर मेंहदीपुर जा रहे मोटर साइकिल सवार एक युवक को शनिवार की देर संध्या अपराधियों ने मेंहदीपुर डोम सड़क स्थित कल्वर्ट के पास गोली मार दी है। स्थानीय लोगों ने उसे घायलावस्था में कुर्साकाटा पीएचसी में भर्ती कराया जहां से उसे तुरंत पूर्णिया रेफर कर दिया गया है। गोली युवक के पीठ में अभी भी फंसा हुआ है। घायल युवक मेंहदीपुर निवासी कलानंद भारती का पुत्र उपेंद्र भारती (25 वर्ष )बताया गया है। कुर्साकाटा थानाध्यक्ष आर रजक ने बताया कि अपराधियों की पहचान कर ली गयी है।
मिली जानकारी अनुसार उपेंद्र भारती मोटर साइकिल से अपने घर मेंहदीपुर जा रहे थे। जैसे ही वे डोम सड़क स्थित कल्वर्ट के पास पहुंचे कि वहां पहले से खड़े दो सशस्त्र अपराधियों ने उसे रूकने का इशारा किया। उसने जैसे ही मोटर साइकिल रोकी कि एक अपराधी ने उसे पीछे से गोली मार दी। गोली लगते ही वह गाड़ी से गिर गया। तब तक अपराधी वहां से फरार हो गये।
बाद में हल्ला होने पर स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे तथा उसे कुर्साकाटा पीएचसी पहुंचाया। जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सक ने उसे पूर्णिया रेफर कर दिया। चिकित्सक ने बताया कि गोली अभी भी उसके पीठ में फंसा हुआ है। वहीं थानाध्यक्ष ने बताया कि घायल युवक ने अपराधियों की पहचान कर ली है, शीघ्र ही उसे दबोच लिया जायेगा।
छात्रों के बीच पोशाक राशि का वितरण
बथनाहा (अररिया) : प्राथमिक विद्यालय कोसी शिविर, बथनाहा के छात्र-छात्राओं के बीच प्रति छात्र 500 रुपये की दर से पोशाक राशि का वितरण किया गया। विद्यालय के वर्ग- 3 से 5 तक के कुल-193 छात्र-छात्राओं के बीच प्रति छात्र, 500 सौ रुपये के दर से राशि का वितरण किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापिका मंजु कुमारी सहित शिक्षक रमण झा, प्रेमराज पटेल, शिक्षिका संजू नायक तथा वि. शि. समिति के विधानंद मंडल एवं सरस्वती देवी पूर्व वार्ड सदस्या आदि ग्रामीण उपस्थित थे।
चार वर्ष बाद भी पूर्ण नहीं हुआ नप का भवन
अररिया, : सरकार के स्पष्ट निर्देशों के बाद भी जिले में विकास कायरें की दुर्गति हो रही है। नगर परिषद कार्यालय का भवन चार वर्ष बीत जाने के बाद भी पूर्ण नहीं हो पाया है। जबकि अभिकर्ता को दो वर्ष पूर्व ही प्राक्कलित राशि का अस्सी प्रतिशत भुगतान किया जा चुका है। इस संबध्ा में नप कार्यपालक पदाधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि शेष कार्यो को अगले माह तक पूरा करा लिया जायेगा। इसके लिए अभिकर्ता को कड़ी हिदायत दी गयी है।
ज्ञात हो कि वर्ष 2007 में तत्कालीन जिला पदाधिकारी उपेंद्र कुमार राय ने इस भवन का शिलान्यास किया था। भवन निर्माण के लिए करीब 47 लाख की लागत से प्राक्कलन तैयार किया गया। शिलान्यास के बाद भवन निर्माण का कार्य काफी जोर शोर से शुरू हुआ। लेकिन कुछ दिनों के बाद ही कार्य की गति इतनी धीमी हो गयी कि एक वर्ष बीतते ही बंद हो गया। जबकि अभिकर्ताओं को इस मद में 38 लाख की राशि आवंटित कर दी गयी। लेकिन अब तक तक भवन का निर्माण पूर्ण नहीं हो सका है। अब तक भवन के अंदर न तो जमीन तैयार हुई और न ही मार्बल टाइल्स बिछाया गया। जबकि मार्बल व टाइल्स मद में प्राक्कलन के आधार पर 11 लाख निर्धारित है। न ही अब तक कार्य के विरूद्ध एमबी ही बुक कराया गया है।
पांचवें दिन 318 ने किया नामांकन
पलासी(अररिया) : पंचायत चुनाव के तहत नामांकन के पांचवें दिन विभिन्न पदों के लिए कुल 318 अभ्यर्थियों ने पर्चे दाखिल किये। मुखिया पद के लिए 28, सरपंच 8, पंचायत समिति सदस्य के लिए 29, वार्ड सदस्य के लिए 197 और पंच के लिए 56 अभ्यर्थियों ने पर्चे दाखिल किये। यह जानकारी प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी रंजन चौहान ने दी।
पलासी: जिप सदस्य के लिए आठ ने भरे पर्चे
अररिया : पंचायत चुनाव में प्रत्याशियों की भीड़ बढ़ती जा रही है। पलासी प्रखंड अंतर्गत जिला परिषद सदस्य पद के लिए क्षेत्र संख्या 25,26, व 27 से शुक्रवार को कुल आठ प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किये। क्षेत्र संख्या 25 से शहनाज खातून, रामा सेहत व बासमती देवी, क्षेत्र संख्या 26 से रहमेतुन निशां नीतू देवी तथा क्षेत्र संख्या 27 से नसीमुद्दीन, ताहिर तथा मो. सब्बीर अहमद ने पर्चा दाखिल किया है। सहायक निर्वाची पदाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह व देवेंद्र राम ने बताया कि पलासी प्रखंड के लिए नामांकन की अंतिम तिथि 15 मार्च तक है।
अगलगी की घटनाओं में 14 घर जलकर राख
पलासी (अररिया) : प्रखंड के कुजरी एवं रामनगर पंचायत के दो अलग अलग गांवों में शुक्रवार को अचानक लगी आग में 14 घर जलकर राख हो गये। इस अग्निकांड में बकरी, कपड़ा, अनाज, नगदी, जेवरात व अन्य घरेलू सामान सहित करीब सात लाख की संपत्ति जलने का अनुमान है। इस संबंध में मिली जानकारी अनुसार कुजरी पंचायत के मदरसा टोला वार्ड नंबर एक में शुक्रवार को करीब तीन बजे लगी आग में मो. अनवारूल, मो. मुख्तार, मो. दाउद, मो. दिलशाद, मोसोमात गुलशा, मो. दु:खाई, यासिम, बरसात एवं मो. मसूद के कुल दस घर जल गये। जिसमें कपड़ा, अनाज, टीन, अनवारूल के 35 हजार रूपये नगदी, जेवरात व अन्य घरेलू सामान आदि स्वाहा हो गये। वहीं दूसरी ओर रामनगर पंचायत अंतर्गत समगोड़ा दक्षिण टोला में शुक्रवार की रात अचानक लगी आग में 4 घर जल गये। इस अग्निकांड में प्रसादी ततमा, भोरलाल ततमा, किसन लाल ततमा एवं विशन लाल ततमा के घर जल गये जिसमें कपड़ा, आधा दर्जन बकरी, अनाज व अन्य घरेलू सामान सहित करीब एक लाख रूपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। इस संबंध में अंचल पदाधिकारी अरूण कुमार शर्मा ने बताया कि संबंधित हल्का कर्मचारी को जांच कर प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया गया है। इस बाबत काशीनाथ वि. एवं मो. नसीमुद्दीन ने प्रशासन से अविलंब राहत मुहैया करवाने की मांग की है।
शिक्षा को सांप्रदायिक चश्मे से देखना अनुचित: शिवली
अररिया : शिक्षा का कोई धर्म नहीं होता, इसलिए इसे सांप्रदायिक चश्मे से देखना अनुचित है। यह बातें शनिवार को चांदनी चौक पर आयोजित एक दिवसीय धरना प्रदर्शन के मौके पर स्टूडेंट इस्लामिक आर्गेनाइजेशन के केंद्रीय सलाहकार परिषद के सदस्य शिवली अरसलान ने कही। धरना में वक्ताओं ने कहा कि बिहार के शैक्षणिक पिछड़ेपन की पृष्ठभूमि में किशनगंज में केंद्रीय विश्वविद्यालय अलीगढ़ मुस्लिम युनिवर्सिटी की शाखा खोला जाना एक अहम कदम साबित होगा। परंतु इसे राजनीतिक रूप देकर राज्य सरकार इसे मृर्तरूप देने में असमर्थ रही है जिसका स्टूडेंट इस्लामिक आर्गनाइजेशन विरोध करती है। आर्गनाइजेशन की जिला शाखा के नेतृत्व में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। धरना का मुख्य बिंदू शिक्षा पर राजनीति बंद करने, बिहार में एएमयू की शाखा शीघ्र खुलवाना व इसके लिए भूमि उपलब्ध कराना आदि रहा। धरना में एसआइओ के प्रदेश अध्यक्ष मुजाहिदुल इसलाम, हाजी नैयरूजमा, पूर्व विधायक विनोद राय, रजी अहमद, जिलाध्यक्ष रूमान आलम, कमाले हक, शफीउल होदा, सदरे आलम, मो. नजरूल आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम का संचालन राशिद अनवर ने किया। धरना के बाद चार सूत्री मांगों का ज्ञापन एक शिष्टमंडल जिला पदाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को सौंपा।
होटलों में भोजन के नाम पर परोसा जा रहा जहर
अररिया : शहर के होटलों में लोगों को परोसे जा रहे भोजन में धड़ल्ले से मिलावटी पदार्थ इस्तेमाल किये जा रहे हैं जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है। होटलों में बनने वाले दाल, सब्जी, मटन, चिकेन सभी में प्रयोग होने वाले मिर्च से लेकर हल्दी का पाउडर तक मिलावटी होता है। अररिया के होटलों में काफी गड़बड़झाला है। लोगों के बीच भोजन के नाम पर जहर परोसा जा रहा है। वहीं इसकी जांच करने वाला विभाग सोया हुआ है। प्रशासन इसे गंभीरता से नहीं ले रहा है। जिस कारण लगातार होटलों में खाने वाले लोग गंभीर बीमारी से ग्रस्त हो रहे हैं।
पूर्णिया में कुछ दिनों पूर्व ही संयुक्त खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला द्वारा खाद्य तेल में बड़े पैमाने पर केमिकल इस्तेमाल किये जाने का खुलासा किया था। अररिया में भी संचालित दर्जनों होटलों में खाद्य पदार्थो की गुणवत्ता पर बिल्कुल ध्यान नहीं दिया जा रहा है। सूत्रों पर यकीन करें तो होटलों में पकने वाले भोजन के संबंध में सब्जी और तेल में हीं नहीं मसाला व दाल में भी गड़बड़ झाला है। बताया जाता है कि होटल में सरसों तेल के नाम पर भूसी का तेल, मिलावटी मसाला मिर्च के पाउडर में ईट का चूर्ण, हल्दी पाउडर में रेत, काली मिर्च में जंगली फलों के बीज धड़ल्ले से प्रयोग किये जा रहे हैं। अरहर दाल पालिश, स्पिलिट ग्रेस युक्त परोसा जाता है। चिकित्सकों की मानें तो किसी भी खाद्य पदार्थ में इन सब चीजों का मिलावट होने से किडनी की बीमारी, हेपेटाइटिस सहित पेट के विभिन्न अंगों में कैंसर होने की संभावना प्रबल रहती है। सिर्फ यही नहीं होटलों में सड़ी-गली सब्जियों का प्रयोग भी धड़ल्ले से हो रहा है। इस संबंध में सदर अनुमंडल पदाधिकारी डा. विनोद कुमार ने कहा है कि मिलावटी खाद्य पदार्थ प्रयोग करने वाले ऐसे होटल संचालकों पर दंड के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई की जायेगी।
विद्यालय में कांग्रेस की बैठक कराने से भड़के ग्रामीण
कुर्साकाटा(अररिया) : प्रखंड के कुआड़ी बाजार स्थित मोतीलाल राष्ट्रीय पाठशाला में प्रधानाध्यापक द्वारा शनिवार को कांग्रेस कमेटी की बैठक किये जाने के विरोध में स्थानीय लोग भड़क उठे तथा बाजार बंद कर दिया। ग्रामीण उक्त पाठशाला को राजनीतिक अखाड़ा बनाये जाने के बजाय वहां अस्पताल और धर्मशाला खोलने की मांग कर रहे थे। बाद में अंचल अधिकारी व कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले को शांत कराया। घटना स्थल पर धारा 144 लागू कर दिया गया है।
ज्ञात हो कि कुआड़ी निवासी विश्वचंद्र गुप्त के पिता स्व. रामलखन राम ने लगभग 43 बीघा जमीन दान देकर अपने पुत्र स्व. मोतीलाल के नाम से मोतीलाल राष्ट्रीय पाठशाला की स्थापना की थी। लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुरेश प्रसाद सिंह अवैध रूप से वहां छात्रावास चलाते हैं एवं विद्यालय की एक एकड़ 35 डिसमिल जमीन को हड़पना चाहते हैं। जब शनिवार को प्रधानाध्यापक ने वहां कांग्रेस की बैठक आहूत की तो ग्रामीण भड़क उठे तथा सभी सड़कों पर जमा हो कर बाजार बंद करा दिया। इस दौरान बैठक में भाग लेने आये कांग्रेस के जिलाध्यक्ष भारतेंदु यादव को भी स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। लोगों ने उन्हें काला झंडा भी दिखाया। जबकि विद्यालय के प्रधान अध्यापक सुरेश सिंह ने कहा कि शनिवार को यहां प्रदेश कांग्रेस कमेटी की बैठक होने वाली थी। लेकिन कुछ लोग विद्यालय में आकर तोड़फोड़ करने लगे।
घटना की सूचना मिलने पर सीओ विजय शंकर सिंह के साथ कुआड़ी ओपी अध्यक्ष अजय सिंह, कुर्साकाटा थानाध्यक्ष राधाकृष्ण रजक, सिकटी थानाध्यक्ष पुष्कर कुमार, ताराबाड़ी थानाध्यक्ष नागेन्द्र झा, घटना स्थल पर पहुंचकर लोगों को शांत कराये। घटना स्थल पर धारा 144 लागू कर दी गयी है एवं 107 की प्रक्रिया की जा रही है। बैठक में भाग लेने आये कांग्रेस जिलाध्यक्ष भारतेंदु यादव को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा।
मानस यज्ञ पर कन्याओं ने निकाली कलश यात्रा
फारबिसगंज (अररिया) : प्रखंड के अम्हारा पंचायत के सुदूरवर्ती बघमारा गांव में दो दिवसीय अष्टयाम सह मानस यज्ञ शुभारंभ के मौके पर शनिवार को कुमारी कन्याओं द्वारा कलश यात्रा निकाली गई। गांव के राधा-कृष्ण ठाकुरबाड़ी मंदिर में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान को लेकर कुमारी कन्याएं सिर पर कलश लिये मंदिर परिसर से निकलकर गांव के विभिन्न मार्गो से होते हुए सिंहिया नदी के तट पहुंची तथा कलश में जल भरकर मंदिर पहुंची। स्कूली ड्रेस पहनी छात्राओं ने उत्साह पूर्वक यात्रा में भाग लिया।
अनुष्ठान स्थल पर राधा-कृष्ण, सीता-राम, शिव-पार्वती, गणेश भगवान की प्रतिमाएं स्थापित की गई है। जबकि यहीं पर एक छोटे से तालाब में पानी के बीच बांस-बल्ली से एक मंदिर का निर्माण किया गया है जो आकर्षण का केन्द्र बना हुआ है। इस मंदिर में भी शिव-पार्वती तथा गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई। हरे राम- हरे कृष्ण की धुन से गांव का वातावरण भक्तिमय बना दिया है। गांव में उत्साह का माहौल है। अनुष्ठान को लेकर न्रिपेन विश्वास, मुकेश, रूद्रानंद मंडल, जय प्रकाश, राकेश, अखिलेश, धरनीधर, शिक्षक सूर्यानंद मंडल, धर्मेन्द्र, वीरेन्द्र सहित दर्जनों ग्रामीण अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
मारपीट की अलग-अलग घटनाओं में पांच जख्मी
कुसियारगांव (अररिया) : अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट की घटना में तीन महिला समेत पांच लोग बुरी तरह जख्मी हो गये हैं। जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार महलगांव थाना क्षेत्र के भुना टोला टेकनी में भूमि विवाद को लेकर पड़ोसी ने महिला निरो देवी को पीटकर बुरी तरह जख्मी कर दिया। इस क्रम में पति उमेश साह को भी पिटाई करने की बात बताई गयी है जिसका स्थानीय स्वास्थ्य केन्द्र में इलाज चल रहा है। दूसरी घटना नगर थाना क्षेत्र के गैड़ा गांव में मोबाइल को लेकर महिला बीबी पिंकी की पीटाइ पड़ोसी ने कर दी। जबकि घरेलू विवाद के कारण देवर-ससुर आदि ने बोची गांव में बीबी नाजरिन को पीट पीटकर अधमरा कर दिया।
दो महिलाओं सहित पांच ने किया विषपान
कुसियारगांव (अररिया) : 24 घंटे के दौरान घरेलू विवाद को ले दो महिला सहित पांच लोगों ने विषपान कर लिया जिसे परिजनों ने इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया जिसमें दो की स्थिति नाजुक बनी है।
जानकारी के अनुसार ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के पटेगना पलासी निवासी प्रकाश कुमार यादव, जोकीहाट थाना क्षेत्र के कजलेटा गांव निवासी मो. तवरेज, नगर थाना क्षेत्र के कमलदाहा टोला बेची निवासी महेश लाल मंडल ने घरेलू विवाद को ले विषपान कर लिया। वहीं ककौला बस्ती बीबी शहनाज ने पेट में दर्द होने पर हाजमे का पाचक समझकर ढील मारने वाली दवाई खा ली। वहीं मजलिसपुर गांव में पंचानद मंडल की पत्नी सुमित्रा देवी ने भी घरेलू विवाद को ले विषपान कर ली।
एसोसिएशन का अधिवेशन स्थगित
अररिया: बुधवार को नगर स्थित तेरापंथ भवन में होने वाले अररिया केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन संघ का वार्षिक अधिवेशन अपरिहार्य कारणों से स्थगित हो गया है। अब यह अधिवेशन 24 अप्रैल को होना निश्चित हुआ है। इस आशय की जानकारी संघ के अध्यक्ष ओजेर अहमद ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी है।
चिकित्सकों की सेवा नियमित करने के निर्णय का स्वागत
फारबिसगंज (अररिया) : बिहार सरकार द्वारा अनुबंध पर बहाल किये गये चिकित्सकों की सेवा नियमित किये जाने संबंधी निर्णय का बिहार राज्य चिकित्सा सेवा संघ (भासा) ने स्वागत किया है। संघ के जिला प्रवक्ता डा. अजय कुमार ने इस संदर्भ में बताया कि कंाट्रेक्ट पर प्रतिनियुक्त चिकित्सकों को नियमित करने की मांग संघ द्वारा लगातार की जाती रही है। अंतत: स्वास्थ्य मंत्री अश्रि्वनी कुमार चौबे द्वारा दो वर्ष की सेवा पुरी कर चुके चिकित्सकों को नियमित करने की घोषणा निश्चित रूप से स्वागत योग्य है। उन्होंने बताया कि राज्य में सरकारी चिकित्सकों की वर्तमान में घोर कमी है और कुल जरूरत के मात्र एक चौथाई चिकित्सक ही कार्यरत हैं। नियमानुसार एक चिकित्सक से सप्ताह भर में 42 घंटे से अधिक सेवा नहीं ली जानी चाहिए। लेकिन यहां कई अस्पतालों में एक ही चिकित्सक को कई कई दिनों तक लगातार ड्यूटी देनी पड़ती है।
गिरफ्तार
रेणुग्राम (अररिया) : सिमराहा थाना पुलिस ने थाना कांड संख्या 508/11 के नामजद अभिायुक्त योगेन्द्र सिंह सा. खवासपुर को गिरफ्तार कर शनिवार को न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया है। सिमराहा थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि अपहरण के एक मामले में पुलिस को इसकी तलाश थी।
रेल कर्मी की हत्या का मामला दर्ज
फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज के एक रेल कर्मी का शव शुक्रवार को मिलने के बाद मृतक की पत्नी संध्या देवी के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। फारबिसगंज थाना में दर्ज कये गये कांड संख्या 104/11 में संध्या देवी ने पति सुशील कुमार हेम्ब्रम की हत्या किये जाने की आशंका व्यक्त की है। मृतक हेम्ब्रम फारबिसगंज में ट्रैकमैन के पद पर कार्यरत था। प्राथमिकी के अनुसार हेम्ब्रम बीते सात मार्च को बाजार निकला तो वह रेलवे कालोनी स्थित आवास में वापस नहीं आया। शुक्रवार को पुलिस ने हेम्ब्रम का शव सुभाष चौक स्थित रेलवे लाइन के बगल से सीताधार से बरामद किया था।
सिंहेश्वर मेला के थियेटर से गायब नर्तकी को ले फारबिसगंज में हंगामा
फारबिसगंज (अररिया) : मधेपुरा के सिंहेश्वर मेला के एक थियेटर से गायब नर्तकी की खोज में फारबिसगंज पहुंचे मेला ठेकेदारों द्वारा काली मेला चौक नवासी एक युवक को शनिवार को घर से जबरन उठा ले जाने के विरोध में स्थानीय लोगों ने हंगामा खड़ा कर दिया तथा कुछ देर के लिये सड़क भी जाम किया। बाद में सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस के हस्तक्षेप से लोग शांत हुए। उक्त युवक को फारबिसगंज थाना को सौंप दिया गया जहां से उसे कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद छोड़ दिया गया।
सिंहेश्वर मेला में चल रहे शोभा सम्राट थियेटर से बीते छह मार्च से प्रिया नामक नर्तकी गायब है। थियेटर वालों को फारबिसगंज के युवक बबलू कुमार पर उसे गायब कर देने की शंका है। शनिवार को अपने को उक्त गायब लड़की की मां बता रही एक महिला माही देवी तथा थियेटर से जुड़े जानी बाबा नामक युवक फारबिसगंज पहंचे तथा काली मेला चौक नवासी बबलू के घर आये। वहां बबलू के नहीं मिलने पर उसके छोटे भाई कुंदन को वे लोग घर से जबरन उठाने लगे। जिसके बाद स्थानीय लोग वहां जमा हो गये तथा उन लोगों को घेर लिया। थोड़ी देर के लिए वहां हंगामा खड़ा हो गया। बाद में स्थानीय पुलिस ने वहां पहुंच कर मामले को शांत किया।
इधर स्थानीय मेला ठेकेदारों ने युवक को जबरन उठाने के आरोप को निराधार बताया है। हालांकि पूरा मामला महिला मानव व्यापार से जुड़े होने से भी इनकार नहीं किया जा सकता है। फारबिसगंज थानाध्यक्ष एके गुप्ता के अनुसार लड़की सिंहेश्वर से गायब हुई है इसलिये उसी थाना में गुमशुदगी दर्ज कराई जा सकती है। लड़की के गायब होने का मामला प्रेम प्रसंग से जुड़े रहने की बात भी चर्चाओं में है। इधर ,फारबिसगंज एसडीपीओ आर के शर्मा ने कहा कि किसी को जबरन उठाना गैरकानूनी है तथा वे इसे संज्ञान में लेंगे।
Subscribe to:
Posts (Atom)








