Thursday, August 4, 2011

हर महादलित टोले में होगा झण्डोत्तोलन


अररिया : देश की आजादी की 63वीं वर्षगांठ में इस बार महादलित समुदाय के लोग भी शामिल होंगे। राज्य सरकार ने एक निर्देश जारी कर प्रत्येक महादलित टोले में ध्वजारोहण करने को कहा है। इसी निर्देश के आलोक में प्रभारी जिलाधिकारी शशिभूषण कुमार ने गुरुवार को समाहरणालय स्थित आत्मन कक्ष में अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में प्रभारी डीएम सह डीडीसी ने कहा कि जिले के सभी महादलित टोला में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर झंडा फहराया जायेगा। इसके लिए उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को प्रत्येक महादलित टोले के लिए कर्मी को प्रतिनियुक्त करने का निर्देश दिया। श्री कुमार ने यह भी कहा कि एक टोले में झण्डोत्तोलन कार्यक्रम में 500 रु. से अधिक खर्च नहीं किया जायेगा। उन्होंने कहा कि झण्डोत्तोलन के पश्चात प्रतिनियुक्त अधिकारी या कर्मी वहां संक्षिप्त भाषण देंगे। जिसमें आरटीपीएस, स्वतंत्रता दिवस की महत्ता तथा महादलित योजनाओं से संबंधित बातें देना अनिवार्य है। डीडीसी ने सभी बीडीओ को भाषण का प्रारूप 48 घंटे के भीतर प्रस्तुत करने को कहा है। 15 अगस्त के दिन डीएम, एसपी, डीडीसी, एसी, एसडीओ, एसडीपीओ, सभी बीडीओ व सीओ को दो-दो महादलित टोलों का दौरा करना है। इसके लिए प्रभारी डीएम ने बीडीओ-सीओ को टोलों की सूची देने का निर्देश दिया। इस अवसर पर एसी कपिलेश्वर विश्वास, डीएसपी बदरे आलम, एसडीओ डा. विनोद कुमार, वरीय उप समाहत्र्ता संजय कुमार, डीसीएलआर तौकीर अकरम के अतिरिक्त सभी बीडीओ-सीओ मौजूद थे।

प्रथम चरण में बहाल हुए सात कार्यपालक सहायक


अररिया : आगामी 15 अगस्त से लागू होने वाले बिहार लोक सेवा अधिकार अधिनियम 2011 के क्रियान्वयन में सहयोग के लिए जिले में प्रथम चरण में सात कार्यपालक सहायक बहाल किये गये हैं। ये सभी गत 21 जुलाई को लिखित व साक्षात्कार परीक्षा में सफल हुए थे।
जिनकी नियुक्ति कार्यपालक सहायक के रूप में हुयी है उनमें बीसी वर्ग से प्रभाकर कुमार वर्मा व मनीष कुमार सामान्य वर्ग से विक्रम आनंद, सन्नी कुमार, सुभाष चन्द्र भगत, संतोष कुमार साह, मनीष कुमार ठाकुर के नाम शामिल हैं। इस संबंध में स्थापना प्रशाखा के उप समाहर्ता प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि जिले में कुल 20 कार्यपालक सहायक बहाल होना है। जिसमें 9 प्रखंड व 9 अंचल के लिए तथा एक-एक दोनों अनुमंडल में कार्यरत रहेंगे। उन्होंने बताया कि बहाल हुए सहायक को सात हजार रुपया मासिक मानदेय देय होगा तथा उनसे एक एकरारनामा भी लिया जायेगा।

डीलर के विरुद्ध उपभोक्ताओं ने किया प्रदर्शन


अररिया : अररिया प्रखंड क्षेत्रान्तर्गत ग्राम पंचायत बेलवा के दर्जनों उपभोक्ताओं ने गुरुवार को अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय के समक्ष डीलर के विरोध में प्रदर्शन किया। मौके पर लोगों ने एसडीओ को एक आवेदन भी सौंपा। गैलन-डिब्बा लेकर पहुंचे ग्रामीणों का कहना था कि पंचायत के डीलर माजउद्दीन पौने तीन के बदले दो लीटर किरासन देता है वो भी 18 रुपया प्रति लीटर की दर से। उपभोक्ताओं ने डीलर पर यह भी आरोप लगाया कि उन्हें बीपीएल व एपीएल का खाद्यान्न नहीं दिया जाता है। ग्रामीणों ने एसडीओ के नाम दिये गये शिकायती आवेदन में डीलर के पुत्र व भतीजा पर मारपीट करने का भी आरोप लगाया है।
इधर एसडीओ डा. विनोद कुमार कहा कि पूरे मामले की जांच करायी जायेगी। अगर दोष सिद्ध होता है तो डीलर की अनुज्ञप्ति रद्द की जायेगी। शिकायती आवेदन पर मरगूब, मेराज, मुर्शीद, जकीर, शोएब, सोगरा, हुस्नी, हमीदा, कहकंशा सहित दर्जनों लाभुकों के हस्ताक्षर हैं।

मारपीट कर लूट लेने का आरोप, प्राथमिकी

फारबिसगंज(अररिया) : प्रखंड के भाग कोहलिया पंचायत अंतर्गत मियां हाट के समीप बुधवार की संध्या आधा दर्जन लोगों द्वारा एक राहगीर से 22 हजार रुपये नगद सहित अन्य सामान लूट लेने के आरोप में फारबिसगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। पीड़ित भाग कोहलिया निवासी वीरन मंडल ने रामानंद मंडल, राजेश मंडल, द्रोपदी देवी, तारकेश्वर मंडल, पप्पू मंडल, भोला मंडल पर लूटपाट के आरोप में प्राथमिकी संख्या 376/दर्ज करायी है। आवेदन में कहा गया है कि हवाई फील्ड के समीप इन लोगों द्वारा घेरकर मारपीट किया गया तथा नगदी एवं सामान लूट लिया। इस घटना में वीरन मंडल जख्मी हो गये।

टाईगर मोबाइल की दहाड़ से नहीं बचेंगे अपराधी


फारबिसगंज(अररिया) : पुलिस कप्तान गरिमा मल्लिक के निर्देश पर फारबिसगंज थाना क्षेत्र में पांच टाईगर मोबाइल की तैनाती की गयी है। ये शहर से लेकर गांव तक की आपराधिक गतिविधियों पर पैनी नजर रखेंगे। वारदात होने पर त्वरित कार्रवाई करेंगे और किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत एसपी को देंगे। बाइक पर सवार तेज तर्रार पुलिस जवान टाईगर मोबाइल आम लोगों के सहयोग से अपराधियों की धरपकड़ भी करेंगे। फारबिसगंज एसडीपीओ विकास कुमार ने बताया कि अपराध नियंत्रण शांतिपूर्ण माहौल बनाने के लिए पुलिस सक्रिय है। उन्होंने लोगों से टाईगर मोबाइल से सहयोग करने की अपील की।
टाईगर मोबाइल के पुलिस जवान सूचना मिलने पर वे त्वरित मदद के लिए हाजिर रहेंगे।
अररिया जिला मुख्यालय में टाईगर मोबाइल टीम से अपराध नियंत्रण पर मिली सफलता से उत्साहित जिला पुलिस फारबिसगंज में भी इसका समुचित प्रयोग कर रही है। इसके लिए दल को संसाधन भी मुहैया कराया गया है। हथियार से लैस टाईगर मोबाइल में तीन सैप जवान भी शामिल हैं।

पत्‍‌नी की उंगली काटने वाला पति गया जेल

फारबिसगंज(अररिया) : फारबिसगंज थाना क्षेत्र के अड़राहा गांव में गत दिनों पत्‍‌नी की पत्थर से पीटकर जख्मी कर देने वाले पति भोगी ऋषिदेव को पुलिस ने गुरुवार को न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया। आरोपी पति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा कांड संख्या 377/11 दर्ज किया है। इधर घायल महिला घुघरी देवी का इलाज जारी है। मालूम हो कि बुधवार की संध्या भोगी ऋषिदेव ने घर पर अपनी पत्‍‌नी को लोढ़ी से पिटाई किया था तथा दबिया से हाथ की एक उंगली काट डाली थी। इस घटना के पीछे ननद भौजाई के बीच मोबाइल को लेकर शुरू हुआ विवाद बताया जाता है।

बीडीओ ने बुलाई बैंक प्रबंधकों की बैठक



जोकीहाट (अररिया) : प्रखंड मुख्यालय में गुरुवार को बीडीओ मो. सिकंदर की अध्यक्षता में क्षेत्र के बैंक प्रबंधकों की बैठक बुलाई गई। बैठक में इंदिरा आवास के लाभार्थियों का खाता शीघ्र खोलने का निर्देश बीडीओ श्री सिकंदर ने सभी बैंक प्रबंधकों को दिया। बीडीओ ने कहा कि अगर बिचौलिये लाभुकों का खाता खोलने में बाधा पहुंचायेगा तो उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी जायेगी। बीडीओ ने कहा कि शिविर में किसी कारणवश अगर किसी लाभुकों का खाता नही खुला तो पुन: प्रखंड मुख्यालय में 12-13 अगस्त को विशेष शिविर में खाता खोला जायेगा। उन्होंने सभी बैंक प्रबंधकों को जीरो बैलेंस पर खाता खोलने का निर्देश दिया। बैठक में बैंक आफ बड़ौदा शाखा तारण के प्रबंधक सुमन कुमार यूबीजीबी शाखा जीरोमाइल के प्रबंधक बीपी यादव, इलाहाबाद बैंक सिसौना के प्रबंधक मो. इस्लाम आदि शामिल थे।

डीजे का कैंप कोर्ट कल

अररिया : पूर्णिया के जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजय कुमार आगामी शनिवार को स्थानीय अदालत में कैंप कोर्ट करेंगे। इस संबंध में बार एसोसिएशन के सचिव अमर कुमार ने बताया कि अधिवक्ताओं को सूचना मुहैया करा दी गयी है।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए एसएसए प्रतिबद्ध: बीईओ


नरपतगंज(अररिया) : बहुमुखी विकास को ले बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से प्रखंड स्थित आदर्श मध्य विद्यालय में चार दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया है। इस मौके पर बीईओ अमीचंद राम ने कहा सर्व शिक्षा अभियान के तहत सरकार अब विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं कार्यशाला के प्रखंड साधन सेवी राजनंदर पोद्दार ने उपस्थित शिक्षकों से कहा कि वे छात्र छात्राओं के बहुमुखी विकास पर ध्यान दें। उन्होंने खेल सामग्री, प्रयोगशाला उपकरण, पुस्तकालय के साथ-साथ व्यवहारिक पहलुओं पर ध्यान देने की बात भी कही। इस मौके पर बीआरपी अवधेश कुमार, प्रखंड शिक्षक संघ अध्यक्ष मो. एहसान, मो. कबीर, अर्चना कुमारी, पूनम कुमारी, देवी कुमारी, मो. इम्तियाज, मो.सलीमुद्दीन समेत दर्जनों शिक्षक उपस्थित थे।

नदी की गोद में सिसकती बस्तियां

जोकीहाट (अररिया) : जोकीहाट प्रखंड वासी बाढ़ आगलगी नदी कटान जैसे आपदाओं से लगातार संघर्ष करने को विवश हैं। इन आपदाओं में सबसे दुखद स्थिति नदी कटान से प्रभावित गांवों की है जिसमें लगभग एक दर्जन गांवों को नेस्तनाबूत करने पर आमदा होकर अपनी विकराल बाहे फैलायें खड़ी है। नदी के इन विकराल बांहों में जाने को विवश लगभग एक दर्जन बस्तियां सिसकियां ले रही है। शायद इस मशीनी युग में मानवीय संवेदना मर चुकी है। सरकार आज तक कटान प्रभावित गांवों में शामिल मझुवा, रमरै, मटियारी, डकैता, बलुवा, सतबीटा, रहड़िया, फर्साडांगी आदि के सैकड़ों विस्थापित भूमिहीन परिवारों के लिए कोई भी ठोस कदम नही उठाई है और न ही कटान रोकने के लिए कोई उपाय कर रही है। अब तो कटान पीड़ितों को यकीन हो गया है कि उनके आंसूओं की कदर न तो प्रशासन और नही राजनीतिज्ञों को है। कभी समृद्धशाली रहे तारण पंचायत का मझुवा गांव बकरा नदी के कटान से अपनी सूरत गंवा चुका है। 15 वर्षो में बकरा नदी ने कटान का ऐसा तांडव मचाया कि लगभग दो सौ परिवार गांव छोड़कर विस्थापित हो गये। तारण पंचायत की मुखिया आशिया प्रवीन ने बताया कि कटान पीड़ितों में मझुवा गांव के खुर्शीद आलम (सरपंच पति) फटकन, सलीम, गुलजार, इलियास आदि के कृषि योग्य जमीन नदी में समा गये। कटान पीड़ित फटकन एवं गुलजार ने पूछने पर बताया, हे बाबू! बकरा हमरा सनी के बर्बाद कै देलकी। हमरा सिनी के दिन बीती गैली लेकिन बच्चा सीनी किरन के दिन बितैती? मुखिया श्रीमती परवीन ने बताया कि मात्र पांच सौ फीट अगर चिरान कर दिया जाय तो गांव को उजड़ने से बचाया जा सकता है। इस सिलसिले में उन्होंने बताया कई बार जिला प्रशासन को लिखित आवेदन दिया लेकिन अबतक कोई प्रभाव नही पड़ा। कटान से प्राथमिक विद्यालय मझुवा, पैक्स गोदाम, जामा मस्जिद आदि नदी के गर्भ में अबतक समा चुका है। प्रखंड के डकैता, मटियारी, बलुवा, रहड़िया, सतबीटा, रमरै आदि गांवों में भी ग्रामीण किसान मजदूरों की हालात जर्जर हो चुके है। इन गांवों के सैकड़ों लोग अपने मासूम बच्चों के साथ दिल्ली, पंजाब की ओर मुखातिब हो गये है। जो गांव में है उन्हें परिवार का गुजारा करना भी कठिन लग रहा है। बीडीओ मो. सिकंदर ने बताया कि लगभग 50 कटान पीड़ितों को मझुवा गांव में पिछले वर्ष 10-10 हजार की राशि दी गई है। बीडीओ ने कहा कटान पीड़ितों के संबंध में सूचनाएं जिला प्रशासन को दे दी गई है। ग्रामीणों का कहना है कि दस-दस हजार रुपैये कटान पीड़ितों के लिए उंट के मुंह में जीरा साबित हुआ। प्रखंड के बुद्धिजीवियों एवं सिविल सोसायटी के लोगों का कहना है कि मनरेगा जैसे योजना की राशि के माध्यम से गांव के किनारे तटबंध एवं उसपर वृक्षारोपण कर कटान को रोककर गांवों की खोई खुशहाली को लौटायी जा सकती है। आज भी इन गांवों में नदी के किनारे हजारों लोग अपनी झोपड़ी बनाकर इसलिए बसे हैं क्योंकि उन्हें आशा है कि सरकार एक न एक दिन जरूर गांव की हिफाजत के लिए तटबंध बनायेगी।

32 पंचायतों में मात्र पांच हाई स्कूल


रानीगंज (अररिया) : शिक्षा की अलख कैसे जलती रहे? प्रखंड में 32 पंचायत और हाई स्कूल मात्र पांच। रानीगंज प्रखंड के बालक बालिका स्कूलों की कमी का दंश झेल रहे हैं।
प्राथमिक शिक्षा के क्षेत्र में सरकार अनिवार्य शिक्षा के तहत नई-नई घोषणाएं कर प्रत्येक बच्चों को समुचित शिक्षा प्रदान करने की कवायद कर रही है। लेकिन रानीगंज प्रखंड की 32 पंचायतों के लगभग चार हजार छात्र छात्राओं के लिए मात्र पांच उच्च विद्यालय हैं और वहां भी शिक्षा का पाठ पढ़ाने के लिए कई वर्षो से कुल मात्र 31 शिक्षक ही हैं।
इन पांच हाई स्कूलों में से तीन में +2 तक की पढ़ाई की स्वीकृति भी विभाग ने प्रदान कर दी है। परंतु हकीकत है कि 20-20 किमी. दूरी तय कर आने वाले छात्र-छात्राओं को विद्यालय में विषयवार शिक्षक नही रहने के कारण उनका मनोबल लगातार टूट रहा है। शिक्षकों की कमी एवं वर्षो से खाली सीटों के विषय में पूछने पर अररिया जिला शिक्षा पदाधिकारी राजीव रंजन प्रसाद कहते हैं कि शिक्षक नियोजन के बाद रिक्तयों को भर दिया जायेगा।
रानीगंज प्रखंड के पांच उच्च विद्यालय में से तीन प्रखंड मुख्यालय में एक पूरब के हांसा कमपूलपूर गांव में अन्य एक परिक्षम में वेलसारा गांव में अवस्थित है। पूर्णिया जिले के गिने-चुने स्कूलों में एक लाल जी उच्च विद्यालय की स्थापना 1899 में हुयी थी। आज इस विद्यालय में 1200 छात्राओं को शिक्षा देने के लिए मात्र सात शिक्षक हैं। छात्रों की संख्या को देखते हुए 140-140 छात्रों का सेक्शन बनाकर वर्ग 9 में चार तथा वर्ग 10 में चार सेक्शन हैं परंतु शिक्षकों की कमी के कारण दो-दो सेक्शन के छात्र एक ही वर्ग में भेड़-बकरियों की तरह बैठने को विवश हे। दु:खद बात तो यह हे कि विद्यालय में वर्षो से गणित, हिंदी एवं उर्दू के शिक्षक नहीं हे। कहते हैं कालांतर में इस विद्यालय में कृष्ण वल्लभ लाल दास, राम नारायण प्रसाद रमण जैसे शिक्षक प्रधानाचार्य पद पर रहे हैें। वहीं, श्यामानंद ठाकुर, पं. अमोघ नारायण झा अमोघ, पं. सियाराम झा, वजाहत हुसैन, सुकदेव मोदी, अजीत कुमार, रेशम लाल पूर्वे, महेश्वरी प्रसाद मेहता, पं. शिव शंकर झा आदि जैसे विद्वान दर्जनों शिक्षक रहे हैं।
इधर, विद्यालय में न तो कोई साफ-सफाई स्टाफ है और न ही रात्रि प्रहरी। दो दो छात्रावास चला रहे विद्यालय के रसोईया को विद्यालय से हटा कर अररिया कल्याण विभाग में प्रतिनियुक्त कर दिया गया है। हालांकि छात्र पूर्व की परंपरा को बरकरार रखते हुए मैट्रिक परीक्षा में 80-90 प्रतिशत उत्तीर्णता हासिल करते रहे हैं। परंतु सरकारी उपेक्षा के कारण विद्यालय में विषयवार शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति नही हो पायी है।
पूरे समाज में नारी शिक्षा की अलख जगाने वाली महिला पद्मश्री कलावती कन्या उवि में भी 500 से अधिक छात्राएं नामांकित हैं वहां मात्र एक चयनित एवं तीन नियोजित शिक्षक हैं।

जोकीहाट-महलगांव सड़क जर्जर

जोकीहाट (अररिया) : प्रखंड के जोकीहाट-महलगांवपीडब्लूडी सड़क डुमराकुंड के निकट क्षतिग्रस्त हो जाने से चार पहिया वाहनों के यातायात में कठिनाई हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि कटान के निकट सड़क मरम्मत शीघ्र नही किया गया तो जल्द ही इस रास्ते से आवागमन बाधित जो जायेगा। गौरतलब है कि महलगांव, चौकता, भूना मजगावा, चैनपुर मसुरिया आदि पंचायतों के दर्जनों गांवों के लोगों के प्रखंड मुख्यालय जाने का यही एकमात्र सड़क है। महलगांव वासियों ने पीडब्लूडी के कार्यपालक अभियंता से शीघ्र सड़क मरम्मत करने की मांग की है।

Wednesday, August 3, 2011

भागने में सफल रहे आतंकी?


अररिया : फारबिसगंज रेलवे स्टेशन पर संदेह के आधार पर पकड़ा गया युवक मो. मिट्ठू हालांकि आतंकी गतिविधियों में संलिप्त नहीं पाया गया। लेकिन इसके साथ ही यह चर्चा भी यहां छिड़ गयी है कि कहीं असली आतंकी जिसकी गुप्त सूचना एसएसबी व खुफिया तंत्र को मिली थी, भागने में तो सफल नहीं हो गये। खुफिया हलकों में इसका मंथन जारी है।
मिली जानकारी अनुसार एसएसबी को पाकिस्तानी एजेंट के नेपाल के रास्ते भारत में घुसने की गुप्त सूचना मिली थी। लेकिन उसकी स्पष्ट पहचान की जानकारी नहीं थी। एसएसबी को आतंकियों के रंग और लंबाई पर आधारित खुफिया जानकारी दी गई थी। उसी के आधार पर ट्रेन के आगमन से काफी पूर्व डाग स्क्वायड और दल-बल के साथ एसएसबी अधिकारी स्टेशन पर कैंप कर गये। उधर खुफिया विभाग को भी यह सूचना मिली थी कि कांवरिया ट्रेन को उड़ाने की नीयत से छह पाकिस्तानी एजेंट सीमावर्ती क्षेत्र में प्रवेश कर रहे हैं। उक्त आतंकियों में से आधा दर्जन के झारखंड में आयोजित इजतमा में भी भाग लेने की सूचना थी। खुफिया विभाग भी उन आतंकियों को लेकर काफी सतर्क था। पक्की सूचना पर ही एसएसबी ने सोमवार को फारबिसगंज स्टेशन पर जाल बिछाया था। जहां शक के आधार पर मिट्ठू को पकड़ा गया। लेकिन वह आतंकी गतिविधियों में संलिप्त नहीं पाया गया। इसी को लेकर यह चर्चा छिड़ गयी है कि कहीं असली आतंकी फरार होने में सफल तो नही हो गये?

सूची का सत्यापन नहीं होने से सम्मान योजना से वंचित हैं जेपी आंदोलनकारी

अररिया : जेपी आंदोलन के साथियों की एक बैठक जेपी आंदोलनकारी विचार मंत्र कार्यालय में संपन्न हुई। जिसकी अध्यक्षता नसीम अहमद गाजी ने की। बैठक में जेपी आंदोलनकारियों के सत्यापन कार्य में प्रशासन की ढुल-मुल नीती पर रोष प्रकट किया गया। बैठक में यह भी कहा गया कि पटना सचिवालय से 1046 जेपी सेनानी की सूची सत्यापन के लिए प्रशासन को भेजा गया है। परंतु अररिया में यह कार्य अब तक पूरा नहीं हुआ है। बैठक में श्री गाजी ने कहा कि समय पर सत्यापन नहीं होने से सम्मान योजना से मूल लाभार्थी वंचित हो रहे हैं। सेनानियों ने बैठक के माध्यम से शीघ्र सत्यापन कराने की मांग की है। मौके पर दिलीप विश्वास, प्रकाश भगत, अलीमउद्दीन, बुचिया देवी, रमजान अली, कारी चौपाल, मायानंद दास आदि सहित कई लोग मौजूद थे।

अलग-अलग आदेश से न्याय मित्र व न्याय सचिवों में असमंजस

अररिया : पंचायत राज विभाग के प्रधान सचिव द्वारा ग्राम कचहरी के न्याय मित्र व न्याय सचिव के संबंध में अलग-अलग आदेश जारी करने से असमजंस की स्थिति बनी हुई है। विभाग ने एक तरफ पंचायतों में नये सिरे से कचहरी सचिव व न्याय मित्रों के नियोजन की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया है। वहीं विभाग के प्रधान सचिव ने ज्ञापांक 5032/22 जुलाई के माध्यम से कटिहार डीएम को अवधि विस्तार के विषय में एक पत्र लिखा है। इन सबके बीच राज्य के मुख्य सचिव द्वारा पत्रांक 6889, 11 जून के द्वारा सभी डीएम को इंदिरा आवास लाभार्थी की पहचान करने का जिम्मा न्याय मित्रों को देने संबंधी पत्र पहले ही जारी कर चुके हैं ऐसी परिस्थिति में कार्यरत न्यायमित्रों व न्याय सचिवों के मन में अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है।

बकरा के कटाव से दो दर्जन परिवार गृहविहीन


जोकीहाट/सिकटी(अररिया) : बकरा नदी के कटाव से सिकटी व जोकीहाट प्रखंडों में विगत 48 घंटे के अंदर दो दर्जन परिवार गृह विहीन हो गये हैं। कटाव पीड़ितों में दहशत है तथा प्रभावित गांवों से लोग पलायन कर रहे हैं।
जोकीहाट से निप्र के अनुसार
प्रखंड के मटियारी गांव में बकरा नदी के कटान से मंगलवार को लगभग एक दर्जन लोगों के घर नदी में विलीन हो गये। जिन लोगों के घर विलीन हुए उनमें नकटु, मोसमात कुदेशा, हलीम, इस्लाम, जैनुधीन, रईस, मंजर, नैय्यर, फिरोजा, वसीक, कनेजा, फकरु आदि शामिल है। सीओ अबुल हुसैन ने हल्का कर्मचारी को स्थल निरीक्षण कर कटान पीड़ितों की सूची बनाने का निर्देश दिया है। वहीं, मुखिया अनवरी खातुन ने कटान पीड़ितों को राहत सामग्री एवं इंदिरा आवास देने की मांग जिला प्रशासन से की है।
सिकटी से निसं के अनुसार बकरा नदी की तेज धारा से प्रखंड क्षेत्र के तीरा, पड़रिया, खारदह, नेमुआ व पीपरा आदि गांवों में गत दो दिनों से हो रहे कटान में एक दर्जन से अधिक घर बकरा नदी में विलीन हो गये हैं। नेमुआ पिपरा गांव के वैद्यनाथ मंडल, दयानाथ मंडल, कृष्णदेव मंडल, ब्रम्हदेव मंडल, पुरेन्द्रर मंडल, पवन लाल मंडल आदि का घर बकरा नदी में समा गये है। जबकि तीराहाट पर कार्तिक बहरदार, गणेश बहरदार, असरफी साह, रमेश साह, जाबून साह, रामदेव साह आदि का घर बकरा नदी में विलीन हो गया है। पड़रिया में जवाहर सुतिहार, कामू मंडल, अवधेश शुतिहार के घर भी बकरा की तेज धर में समा गये हैं। ग्रामीणों ने बताया कि बकरा नदी का कटान जारी है यदि तीराहाट, पड़रिया, खारदह, नेमुआ पिपरा आदि गांवों में कटाव पर रोक नही लगाया गया तो ये गांव पूरी तरह नदी में विलीन हो जायेंगे।

तीन माह से वेतन वंचित हैं सिंचाईकर्मी


अररिया : जिले के सिंचाई विभाग में कार्यरत कर्मियों को तीन माह से वेतन नहीं मिलने के कारण उनके समक्ष भुखमरी की स्थिति बनी हुई है। विभाग के अधिकारी मई माह से आवंटन की अनुपलब्धता बता रहे है।
सिंचाई कामगार यूनियन के जिला सचिव विजय शंकर प्रसाद वर्मा ने कहा है कि कर्मियों को दो जून की रोटी पर भी आफत पड़ी है। श्री वर्मा ने एक बयान जारी कर कहा है कि अगर वेतन का भुगतान शीघ्र नहीं हुआ तो सिंचाई भाग के कर्मी आंदोलन पर उतारू हो जायेंगे।

दो पंचायतों में शिविर आयोजित


कुर्साकांटा (अररिया) : प्रखंड के कुआड़ी एवं लैलोखर पंचायत क्षेत्र में सोमवार को इंदिरा आवास लाभुकों का शिविर आयोजित किया गया।
कुआड़ी पंचायत भवन प्रागंण में वित्तीय वर्ष 2011-12 के कुल 40 एवं लैलोखर पंचायत के मधुबनी में 105 लाभुको को प्रखंड कर्मियों द्वारा मौलिक सत्यापन, फोटोग्राफी एवं बैंक खाता खुलवाने हेतु फार्म भरा गया।

देशी पिस्तौल के साथ अपराधी गिरफ्तार

नरपतगंज(अररिया) : नरपतगंज थाना क्षेत्र में गत रविवार को मोटर साइकल छीनने के क्रम में एक युवक को गोली मारने वाले अपराधी को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। गिरफ्तार अपराधी के पास से एक देशी कट्टा, एक राउंड गोली, 1800 रूपये तथा टीवीएस मोटर साइकल बीआर 11 जे 2461 बरामद हुआ है। गिरफ्तार अपराधी पलासी थाना क्षेत्र के पलासी गांव का रहने वाला सूरज यादव उर्फ टूनटून बताया गया है। फारबिसगंज डीएसपी विकास कुमार के समक्ष अपराधी ने दो दिन पूर्व हुए लूट के दौरान गोलीकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार ली है। थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली कि उक्त अपराधी अपने घर में ही छुपा हुआ है। गुप्त सूचना पर उन्होंने मंगलवार को जब छापामारी की तो अपराधी पुलिस को देखते ही भागने लगा। तब उन्होंने उसे खदेड़कर पकड़ लिया। बाद में उसकी निशानदेही पर आग्नेयास्त्र व मोटर साइकल बरामद हुआ है। उन्होंने बताया कि वरीय पदाधिकारी द्वारा दी गयी समयावधि से पूर्व ही उन्होंने घटना का उद्भेदन कर लिया है।

डूबने से युवक की मौत

अररिया : कुसियारगांव पंचायत के एकौना टोला वार्ड संख्या 7 निवासी 23 वर्षीय मो. आरिफ की परमान नदी में डूब जाने से मौत हो गयी है। सोमवार की संध्या युवक का शव मिला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को भी दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक नदी तैरकर कहीं जा रहा था। इस दौरान वह भंवर में फंस कर डूब गया। खोजबीन के क्रम में युवक का शव घटनास्थल से दो किलोमीटर दूर पाया गया।